खाकी लहूलुहान माफिया बेलगाम: खातेगांव कांड ने हिला दी व्यवस्था की बुनियाद
KHULASA FIRST
संवाददाता

जब रक्षक ही महफूज नहीं, तो किसका है यह ‘राज’?
नितिन मोहन शर्मा, 94250-56033, खुलासा फर्स्ट, इंदौर।
खातेगांव में शराब माफिया ने सिर्फ एक जांबाज थाना प्रभारी को नहीं कुचला, बल्कि मध्य प्रदेश की पूरी कानून-व्यवस्था को सरेआम दफन कर दिया है। आज पूरा पुलिस महकमा गम और भीषण आक्रोश से सुलग रहा है कि आखिर कब तक निचले स्तर के जांबाज अधिकारी इन खूनी सिंडिकेट्स के आगे मोहरा बनकर अपनी जान गंवाते रहेंगे?
एक हंसता-खेलता परिवार तबाह हो गया, मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया और आम जनता इस खौफ में है कि जब वर्दी सुरक्षित नहीं, तो उनकी सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा?
यह महज एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण में पल रहे माफिया का खुला चैलेंज है। मुख्यमंत्री और गृह मंत्रालय सिर्फ मुआवजे का मरहम लगाकर अपनी जवाबदेही से भाग नहीं सकते। सरकार को बताना होगा कि अपराधियों में कानून का खौफ खत्म होने का असली जिम्मेदार कौन है?
मध्य प्रदेश के देवास जिले के खातेगांव में शराब माफिया द्वारा थाना प्रभारी दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलकर मौत के घाट उतारने की घटना सिर्फ एक भीषण अपराध नहीं है, बल्कि सूबे की कानून-व्यवस्था के ताबूत पर आखिरी कील जैसी है।
जब वर्दी पर ही बेखौफ होकर मौत का पहिया दौड़ा दिया जाए, तो यह साफ हो जाता है कि राज्य में समानांतर सत्ता किसकी चल रही है। एक जांबाज पुलिस अधिकारी अपनी जान पर खेलकर अवैध शराब की खेप रोकने निकलता है, लेकिन उसे क्या पता था कि जिस माफिया तंत्र को रोकने की जिम्मेदारी उस पर है, उसके हौसले शासन की शिथिलता से इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे कानून के इकबाल को ही कुचलने में संकोच नहीं करेंगे।
यह कोई पहली घटना नहीं है, जब मध्य प्रदेश में रक्षकों को अपनी जान गंवानी पड़ी हो। देवास में हाल ही में जहरीली शराब कांड में कई लोगों की मौत हो चुकी थी, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती शुरू की, लेकिन नतीजा क्या निकला?
जब पुलिस मुस्तैदी दिखाने सड़कों पर उतरी, तो तस्करों ने सीधे थाना प्रभारी पर ही 1,800 लीटर अवैध शराब से लदा ट्रक चढ़ा दिया। यह दुस्साहस साबित करता है कि माफियाओं के दिलों से खाकी और कानून का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है। पुलिस की चौकियां और चेकिंग पॉइंट्स आज इन अपराधियों के लिए सिर्फ एक मामूली स्पीड ब्रेकर बनकर रह गए हैं।
इस खूनी तांडव पर सरकार और प्रशासन की चुप्पी या महज ‘मुआवजे के ऐलान’ से न्याय की इतिश्री नहीं हो सकती। सरकार को अब इन तीखे सवालों का सामना करना ही होगा कि आखिर यह समानांतर सिंडिकेट किसकी शह पर फल-फूल रहा है?
जब खुफिया तंत्र को करोड़ों की शराब तस्करी का इनपुट था, तो अधिकारियों को पर्याप्त सुरक्षा और सुरक्षा कवच क्यों नहीं दिए गए? क्या पुलिस सिर्फ मोहरा बनकर रह गई है, जबकि असली सूत्रधार राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण में महफूज बैठे हैं?
क्या वाकई मध्य प्रदेश में शराब कारोबार को ‘राज्याश्रय’ प्राप्त होने का ये परिणाम है? इन सवालों के जवाब ‘मोहन सरकार’ को समय रहते देना होंगे। अन्यथा ‘सरकार’ व शराब कारोबार के गठजोड़ के आरोप गहराते ही जाएंगे।
मुख्यमंत्री और गृह मंत्रालय को यह समझना होगा कि सिर्फ कठोर कार्रवाई के खोखले वादे अब जनता का भरोसा नहीं जीत सकते। एक बेबस परिवार ने अपना मुखिया खोया है, छोटे-छोटे बच्चों ने अपना सब कुछ गंवा दिया है और मध्य प्रदेश पुलिस ने एक जांबाज सिपाही।
अगर अब भी इस खूनी माफिया तंत्र की रीढ़ नहीं तोड़ी गई और उनके पीछे बैठे सफेदपोश आकाओं को बेनकाब नहीं किया गया, तो यह मानने में कोई गुरेज नहीं होना चाहिए कि प्रदेश की सड़कों पर शासन का नहीं, बल्कि सीधे तौर पर बेखौफ माफियाओं का राज चल रहा है।
शहीद का परिवार गमगीन, गुस्से में पुलिस
यह क्रूरता सिर्फ एक फर्ज की बलि नहीं, बल्कि एक हंसते-खेलते परिवार की पूरी दुनिया का उजाड़ होना है। शहीद थाना प्रभारी अपने पीछे मासूम, छोटे-छोटे बच्चे और बिलखता हुआ परिवार छोड़ गए हैं।
उन मासूमों का क्या कसूर था, जिनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया? इस दिल दहला देने वाले हादसे ने पुलिस महकमे के भीतर भी एक अजीब-सी टीस, गहरा गम और जबरदस्त आक्रोश पैदा कर दिया है।
अपने ही एक साथी को इस तरह सरेशाम अपराधियों के हाथों खो देने के बाद आज आम पुलिसकर्मियों के दिलों में न्याय की भीख नहीं, बल्कि व्यवस्था के प्रति एक भयानक गुस्सा सुलग रहा है। आखिर कब तक निचले स्तर के जांबाज अधिकारी अपनी जान की बाजी लगाते रहेंगे, जबकि असली गुनहगार चैन की नींद सोएंगे?
संबंधित समाचार

गश्त के बजाय शराब पार्टी में जुटे पुलिसकर्मी:दो लाइन अटैच

वीडियो देखिये, टीआई की शहादत पर बोले मुख्यमंत्री:परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है सरकार; जहरीली शराब समेत किसी भी अपराध को बर्दाश्त नहीं करेंगे

गाली देने से रोका तो परिवार पर चाकुओं से हमला:पिता-बेटी सहित चार घायल; युवती की हालत गंभीर

वीडियो देखिये, लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान को लेकर पदयात्रा:रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे शामिल; मुख्यमंत्री ने किया स्वागत

जर्जर छत पर टावर निगम की आंखों पर पट्टी:खतरे का खेल; जोन के अधिकारी बेखबर

यदि पानी बर्बाद किया तो 10 हजार रु. जुर्माना:जल नीति मंजूर; 300 नए नलकूप खोदेंगे, 33 ट्रक टैंकर खरीदेंगे

मजदूर-किसानों की काली दीपावली:न वेतन दिया, न पानी

विश्व प्रसिद्ध मंदिर में महिला श्रद्धालु से पुलिसकर्मी ने की मारपीट:महिला गार्ड की मौजूदगी में उठाया हाथ; पुलिसकर्मी के व्यवहार पर उठे सवाल

शादी का झांसा देकर बनाए संबंध:3 साल तक करता रहा शोषण; दूसरी जगह सगाई कर मुकरा, थाने पहुंची युवती, एफआईआर दर्ज

इंटरनेट पर वीडियो देखकर लगाया इंजेक्शन:नेपाली युवक का हुआ यह हाल; फॉरेंसिक रिसर्च करने वाली डॉक्टर देश में अव्वल

पकड़ा गया रिटायर्ड IAS का हत्यारा:भागने की कोशिश में पुलिस ने पैर में मारी गोली; अब पूछताछ में होगा खुलासा

राहुल गांधी ने पूरा किया अपना वादा:बड़वानी की युवती की आंखों का दिल्ली में कराया इलाज; बेहतर हुई रोशनी, फ्लाइट से लौटी

पानी बर्बाद करने वालों की अब खैर नहीं:निगम ने तय किया जुर्माने का नया नियम; पहली गलती पर 2 हजार, तीसरी पर लगेगा इतना

शहर के स्कूली बच्चों का टेंपो ट्रेवलर हिमाचल प्रदेश में पलटा:इतने विद्यार्थी और शिक्षक घायल; पुलिस ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया

पानी के टैंकरों पर नगर निगम की सख्ती:पीली पट्टी से होगी पहचान; लीकेज पर होगी कार्रवाई

देवास जहरीली शराब कांड:कांग्रेस प्रवक्ता गिरफ्तार; कोर्ट ले जाते समय बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती, बेटे के बाद पुलिस ने पिता को भी पकड़ा

नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई:तीन तस्कर गांजे के साथ गिरफ्तार; ग्राहक तलाशते समय दबोचा

गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार:बैग से लाखों का माल जब्त; क्राइम ब्रांच और पुलिस ने की संयुक्त कार्रवाई

मंत्री ने सीढ़ियों पर बैठकर सुनी नागरिकों की समस्याएं:तहसील कार्यालय का किया औचक निरीक्षण; अधिकारियों को दो टूक निर्देश

वीडियो देखिये; तिरंगे में लिपटे अपने बेटे को देख टूटा परिवार के सब्र का बांध:गूंजती रहीं अपनों की चीखें; बिलखते परिजनों का विलाप देख हर आंख हुई नम
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!