फ्लाईओवर सिटी बनता उज्जैन: विकास की रफ्तार तेज; लेकिन व्यवस्थाओं की परीक्षा बाकी
KHULASA FIRST
संवाददाता

सिंहस्थ 2028 की तैयारी ने बदली तस्वीर, इंदौर का सफर हुआ एक घंटे से कम
शहर के ट्रैफिक और पुलिसिंग की चुनौतियां बरकरार
राजा शर्मा वरिष्ठ पत्रकार, खुलासा फर्स्ट, उज्जैन।
शहर धीरे-धीरे नई पहचान गढ़ रहा है। निर्माण और विकास कार्यों की रफ्तार बता रही है अगला सिंहस्थ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि उज्जैन के शहरी विकास के इतिहास में बड़ा अध्याय साबित होगा।
इंदौर से उज्जैन तक का सफर एक घंटे से भी कम में पूरा होने लगा है। बेहतर सड़क कनेक्टिविटी और निर्माण कार्यों ने दोनों शहरों के बीच की दूरी को और छोटा कर दिया है लेकिन असली बदलाव उज्जैन शहर में प्रवेश करते ही दिखाई देने लगता है। शहर की सड़कों का चौड़ीकरण, नए फ्लाईओवर, अंडरपास और आधारभूत सुविधाओं के विकास को देखकर ऐसा महसूस होता है कि उज्जैन धीरे-धीरे एक ‘फ्लाईओवर सिटी’ के रूप में अपनी नई शक्ल ले रहा है।
सड़क निर्माण से यातायात की बेहतर कनेक्टिविटी तक, हर तरफ तैयारी की छाप दिखाई देने लगी है। निश्चित रूप से उज्जैन की इस बदलती तस्वीर के लिए मुख्यमंत्री और उनकी पूरी प्रशासनिक टीम साधुवाद की पात्र है। बड़े आयोजन की तैयारी के लिए जिस इच्छाशक्ति और गति की आवश्यकता होती है, दिखाई भी दे रही है, लेकिन विकास केवल कंक्रीट और फ्लाईओवर से नहीं, गुणवत्ता से भी मापा जाता है।
मैदान में दिखनी चाहिए प्रशासन की ताकत!
भोपाल में बैठे वरिष्ठ अफसरों से एक विनम्र लेकिन जरूरी अनुरोध है समीक्षा बैठकों के नाम पर उन अधिकारियों और कर्मचारियों का बहुमूल्य समय बर्बाद न किया जाए, जो वास्तव में जमीन पर काम कर रहे हैं। जब समय सीमित हो और काम का दायरा इतना बड़ा हो, तब हर घंटे की कीमत समझना जरूरी है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बार-बार समीक्षा करने के बजाय काम की प्रगति का प्रभावी और संक्षिप्त आकलन किया जाए। अधिकारियों को मीटिंग में व्यस्त रखने के बजाय निर्माण स्थलों पर निर्णय लेने और समस्याओं का समाधान करने की स्वतंत्रता दी जाना चाहिए।
उज्जैन कोई सामान्य शहर नहीं है। यहां सालभर वीवीआईपी मूवमेंट रहता है। कभी कोई बड़ा नेता, कभी मंत्री, कभी संत-महात्मा तो कभी कोई विशिष्ट अतिथि। ऐसे में स्थानीय प्रशासन का काफी समय प्रोटोकॉल, स्वागत, सुरक्षा और व्यवस्थाओं में चला जाता होगा।
सवाल है जब अधिकारियों का अधिकांश समय इन गतिविधियों में व्यतीत होगा, तो विकास कार्यों की निगरानी और जमीनी समस्याओं का समाधान कौन करेगा? सिंहस्थ की तैयारियों में समय सबसे बड़ी पूंजी है। इसलिए प्रशासन को यह तय करना होगा कि प्राथमिकता प्रोटोकॉल हो या प्रोजेक्ट की समयसीमा।
घाट बन रहे हैं, लेकिन रास्ता भी तो चाहिए!
सिंहस्थ के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनने वाले शिप्रा के घाटों का निर्माण भी युद्धस्तर पर चल रहा है। नए घाट, विस्तारित स्नान क्षेत्र और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए हो रहे कार्य आवश्यक हैं, लेकिन महत्वपूर्ण सवाल है, घाट तक श्रद्धालु पहुंचेंगे कैसे? रास्ते, पार्किंग, पैदल, वैकल्पिक मार्ग, एंबुलेंस की आवाजाही और आपातकालीन निकासी की व्यवस्था भी उतनी ही मजबूत होना चाहिए।
स्नान पर्वों पर लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही होगी। कनेक्टिविटी और यातायात प्रबंधन दुरुस्त नहीं हुआ तो श्रद्धालुओं को परेशानी हो सकती है। प्रशासन को अभी से ऐसा मास्टर प्लान तैयार करना चाहिए, जिसमें पैदल यात्रियों, स्थानीय नागरिकों, आपातकालीन सेवाओं और वाहनों के लिए अलग-अलग व्यवस्था हों।
प्रशासन को अभी से कुछ बुनियादी सवालों के जवाब तलाशने होंगे
एकीकृत ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार है?
प्रमुख घाटों तक पहुंचने के लिए पर्याप्त वैकल्पिक मार्ग होंगे?
पार्किंग और शटल सेवाओं का स्पष्ट रोडमैप है?
ट्रैफिक पुलिस का स्थायी बल और आधुनिक कंट्रोल सिस्टम तैयार किया जा रहा है?
वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की आवाजाही प्रभावित होने से बचाई जा सकेगी?
इन सवालों का जवाब समय रहते ढूंढना जरूरी है। उज्जैन बदल रहा है, इसकी तस्वीर भी बदल रही है और विकास की रफ्तार भी दिखाई दे रही है। अब जरूरत है कि निर्माण की रफ्तार के साथ प्रशासनिक व्यवस्थाओं की रफ्तार भी कदमताल करे क्योंकि सिंहस्थ में दुनिया उज्जैन के फ्लाईओवर और चौड़ी सड़कों को देखने नहीं, बाबा महाकाल के दर्शन और मां शिप्रा में आस्था की डुबकी लगाने आएगी। उनकी यात्रा सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना ही प्रशासन की सबसे बड़ी सफलता होगी।
सिंहस्थ का असली इम्तिहान अभी बाकी है
सिंहस्थ 2028 केवल निर्माण कार्यों की समयसीमा पूरी करने का आयोजन नहीं है। यह उज्जैन की प्रशासनिक क्षमता, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं की सबसे बड़ी परीक्षा भी होगा। फ्लाईओवर बनेंगे, सड़कें चौड़ी होंगी, घाटों का विस्तार होगा और नए निर्माण उज्जैन को आधुनिक स्वरूप देंगे। लेकिन इन सबका वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब शहर की व्यवस्थाएं भी उतनी ही आधुनिक और व्यवस्थित होंगी।
किसके भरोसे है शहर?
उज्जैन के विकास की तस्वीर जितनी आकर्षक होती जा रही है, शहर की ट्रैफिक व्यवस्था उतने ही गंभीर सवाल खड़े कर रही है। पुलिसिंग और यातायात प्रबंधन देखकर लगता है इस महत्वपूर्ण व्यवस्था का स्थायी और दूरदर्शी रोडमैप दिखाई नहीं देता। जब मन हुआ कहीं बैरिकेडिंग कर दी, जब मन हुआ रास्ता बंद कर यातायात को मोड़ दिया। यही ट्रैफिक मैनेजमेंट है? यातायात व्यवस्था केवल बैरिकेडिंग लगाने और रास्ते बंद करने से नहीं चलती।
इसके लिए वैज्ञानिक प्लानिंग, प्रशिक्षित स्टाफ, तकनीक, पर्याप्त बल और वैकल्पिक मार्गों की आवश्यकता होती है। स्थानीय नागरिक हों या बाहरी श्रद्धालु, सभी को पता होना चाहिए किस मार्ग से जाना है, कहां पार्किंग है और किसी मार्ग के बंद होने पर वैकल्पिक रास्ता कौन-सा होगा। सवाल यह भी है उज्जैन जैसे धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर में ट्रैफिक पुलिस का स्थायी और मजबूत सेटअप कहां है? क्या उज्जैन केवल पर्वों पर ही प्रशासन को याद आता है? उज्जैन की एक बड़ी विशेषता है साल के 365 दिन धार्मिक गतिविधियां और श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहता है।
महाकाल लोक के बाद शहर में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में यातायात व्यवस्था केवल विशेष पर्वों या वीआईपी आगमन के समय सक्रिय व्यवस्था नहीं हो सकती। विडंबना है कई बार प्रतीत होता है बड़े अधिकारी विशेष अवसरों पर ही शहर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हैं जबकि सामान्य दिनों में भी शहर के नागरिक और बाहर से आने वाले पर्यटक ट्रैफिक की समस्याओं से जूझते हैं। उज्जैन को 365 दिन चलने वाली ट्रैफिक व्यवस्था चाहिए।
संबंधित समाचार

टीआई पर BJP नेता का आरोप:बताया कांग्रेस का एजेंट; सस्पेंड करने की मांग, TI बोले- इस वजह से नाराजगी

दो किलोमीटर के फेर से परेशान रहवासी सड़कों पर उतरे:सिक्सलेन ने बढ़ाई सहूलियत या मुसीबत?

एएसआई पर हमला:कार पर फेंकी बोतल; विरोध किया तो हाथ में गड़ा दिए दांत

रुत आ गई रे, रुत छा गई रे..:इंदौर में सर्द हवाओं ने दी दस्तक; शिशिर की सिहरन से बदला शहर का मिजाज

आईटी पार्क चौराहे पर ट्रैफिक डायवर्ट:ब्रिज की स्लैब का काम; भारी वाहनों की आवाजाही पर भी रोक

अपराध से पहले अड्ड़ों पर पहुंचेगी पुलिस:एआई से अपराध रोकने की तैयारी; अगले महीने ट्रायल

इंदौर में अभी नलों में पानी लेकिन निगम को सताने लगी गर्मी की चिंता:300 बोरिंग और टैंकरों से तैयार किया जाएगा बैकअप

नींद हराम कर रखी है सोने ने:शादी-ब्याह की धूम प्रारंभ

बेटे को बचाने डैम में कूदे पिता की डूबने से मौत:मामा-भांजा लापता; दो दिन पहले हुई थी बेटी की शादी

टवेरा के बॉटल होल्डर में छिपाई थी एमडी:कार में बाइक भी मिली

8 बदमाशों को शहर से बाहर खदेड़ा:6 पर कसा शिकंजा; लगातार दे रहे थे अपराध को अंजाम

कलेक्टर-कमिश्नर के साथ मंथन करेंगे मुख्यमंत्री:नवाचारों पर होगी चर्चा; 10 मिनट में देना होगा काम का हिसाब

परिसीमन बिल को लेकर राजनीतिक हलचल तेज:स्टालिन को मनाने चेन्नई पहुंचे विपक्षी नेता; राहुल को गांधी गले लगाया

रैपिडो चालक की अश्लीलता पर महिलाओं ने जताया विरोध:भोपाल की घटना से आक्रोश

महापौर ने किया निरीक्षण:प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों पर भी नजर

प्रदेश के 55 लाख स्कूली बच्चों के लिए खुशखबरी:इस दिन मिलेगी गणवेश की राशि; मुख्यमंत्री करेंगे बैंक खातों में अंतरित

नाले में गंदा पानी छोड़ने वाली 4 फैक्ट्रियों पर निगम की कार्रवाई:3.60 लाख का लगाया दंड; आउटलेट पाइप भी कराए बंद

खड़े हनुमान मंदिर के समर्थन में युवा कांग्रेस का हवन:प्रशासन को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना

सरस्वती नदी में बहाया फैक्ट्री का गंदा पानी:टीएम एंटरप्राइजेस का कारनामा; 40 हजार का जुर्माना कर निगम ने निभाई जिम्मेदारी!

ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना हुआ और भी कठिन:आधार की पुरानी फोटो बन रही अड़चन; फेस वेरिफिकेशन में फंस रहे आवेदक
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!