नींद हराम कर रखी है सोने ने: शादी-ब्याह की धूम प्रारंभ
KHULASA FIRST
संवाददाता

चंद्रशेखर शर्मा 94250-62800
खुलासा फर्स्ट, इंदौर।
दे वउठनी ग्यारस के साथ ही हमारे यहां हर तरफ शादी-ब्याह की धूम प्रारंभ है। अब यह तो सभी जानते हैं कि शादी-ब्याह के साथ सोने यानी गोल्ड का भी टांका भिड़ा होता ही है और यही सोना और इसकी कीमतें हमारे देश ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में उथल-पुथल मचाए हुए हैं और सोने की कीमतों में घट-बढ़ से कारोबारियों से लेकर बैंकों और सरकारें तक धुकधुकी के शिकार हुए पड़ी हैं! या उनकी नींद हराम हुई पड़ी है।
जी हां, सोने की कीमतों की बात करें तो गयी जनवरी में इसकी कीमत प्रति दस ग्राम एक लाख अस्सी हजार रुपये के पार थी और आज जब यह लेख लिखा जा रहा है तो यह प्रति दस ग्राम सवा लाख रुपये से नीचे। गोया पिछले 11 महीनों में सोने की कीमतों में प्रति दस ग्राम करीब 60 हजार रुपये का यानी करीब तीस फीसदी की गिरावट का तगड़ा फटका लग चुका।
हां, उथल-पुथल और धुकधुकी का अंदाजा लगाने के लिए नमूना भी देख लीजिए। नमूना यह है कि एक आंकड़े के मुताबिक हमारी बैंकों से दिए गए गोल्ड लोन का आंकड़ा करीब 22 लाख करोड़ रुपये का है। जाहिर है यह कोई छोटी रकम तो है नहीं। सो धुकधुकी को इस बात से समझिए कि फर्ज कीजिये गयी जनवरी में एक व्यक्ति ने अपना दस लाख रुपये का सोना बैंक में रखकर उस पर अधिकतम (बैंक के नियम से) साढ़े सात लाख रुपये का लोन उठाया। ध्यान रहे गयी जनवरी में, जबकि सोने का भाव प्रति दस ग्राम एक लाख अस्सी हजार रुपये के पार था।
लेकिन अब? लेकिन आज? आज स्थिति यह है कि उसी सोने की कीमत अब करीब तीस फीसदी गिर गयी है। यानी 11 महीने पहले बैंक ने जिस व्यक्ति से दस लाख रुपये कीमत का सोना लेकर बदले में उसे साढ़े सात लाख रुपये का लोन या कर्ज दिया था, उस सोने की कीमत ही आज सात लाख रुपये हो गयी या रह गयी है!
ऐसे में क्या होगा? जाहिर सी बात है कर्जदार यानी लोन लेने वाला व्यक्ति लोन की क़िस्त भरना ही बंद कर देगा कि बदले में बैंक उसका सोना जब्त करना चाहे तो खुशी से कर ले कि सोने की आज की कीमत से ज्यादा रुपये तो वो पहले ही बैंक से ले चुका। जाहिर है ऐसे में बैंकों का दिया कर्ज डूबत खाते में जाएगा।
हालांकि इसके पहले बैंक लोन लेने वाले लोगों को कहेगी कि या तो वे सोने की कीमतों में आये ‘डिफरेन्स’ की राशि बैंक में जमा कराएं या उतना ही और सोना बैंक को दें। जाहिर है यह भी लगभग नामुमकिन है। ऐसे में बैंक मजबूरन उस सोने की नीलामी करेगी।
नीलामी करेगी तो जैसा ऊपर बताया कि आंकड़ा 22 लाख करोड़ रुपयों के गोल्ड लोन का है यानी टनों सोने की नीलामी होगी और ऐसा होगा तो सोने की कीमतें और नीचे गिरेंगी और इसका असर सिर्फ सोने पर नहीं, बल्कि बैंकों के दिवालिया होने से लेकर पूरी इकॉनमी पर होगा और इसीलिए धुकधुकी का वो दायरा सरकार तक पसरा हुआ है।
बहरहाल सोने की कीमत और उसके रुझान और भविष्य की बात करें तो जानकार कहते हैं कि पिछले तीस बरसों का रिकॉर्ड है कि सोने ने औसतन नौ फीसदी रिटर्न दिया है। उधर, कबीरदास कह गए हैं कि ‘सोना, सज्जन, साधुजन, टूटि जुरै सौ बार। दुर्जन कुंभ-कुम्हार के, एकै धका दरार।’ अर्थात सोना, सज्जन और साधु पुरुष बार-बार चोट खाकर भी फिर उठ खड़े होते हैं, लेकिन दुष्ट लोग कुम्हार के घड़े की तरह होते हैं, जो एक ही धक्के में फूट जाते हैं। जो हो। सोने की कीमत की बात करें तो यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तय होती है और इसमें कई सारे फैक्टर्स शुमार होते हैं। सबसे अहम फैक्टर है अमेरिका, अमेरिका का बांड बाजार या मार्केट और अमेरिकी डॉलर।
इस डॉलर और सोने को यूं समझ लीजिए कि इनमें सौतन वाला रिश्ता है ! वो इसलिए कि बहुत पहले दुनिया में सोने को हटाकर ही डॉलर ‘रिजर्व करंसी बना था! रही अमेरिकी बांड की बात। तो बांड का ऐसा है कि अमेरिकी सरकार अपने खर्चे चलाने के लिए लोगों से, बैंकों से और अलग-अलग संस्थानों आदि से उधार लेती है और यह भी एक कारण है कि अभी अमेरिका पर जो करीब 40 ट्रिलियन डॉलर का कर्जा है वो इन्हीं बांड्स की वजह से है। बांड के बदले में अमेरिकी सरकार उस पर कुछ फीसदी का ब्याज या रिटर्न देती है, जिसे यील्ड कहते हैं।
अब हो यह रहा है कि अमेरिका में महंगाई सुरसा के मुख की माफिक बढ़ रही है। सो इसकी रोकथाम के लिए अमेरिकी सरकार को और पैसा चाहिए। माना जा रहा है कि इसके चलते अमेरिकी सरकार या वहां की फेडरल बैंक बांड पर यील्ड बढ़ाएगी और इसका निर्णय बहुत जल्द यानी आगामी चंद दिनों में हो जाएगा। जानकार कहते हैं कि जब ऐसा होता है तो लोग ऐसे बांड्स में निवेश को बेहतर मानकर उधर लपकते हैं। यहां तक कि लोग ही नहीं, बल्कि बड़े-बड़े संस्थान भी सोना बेचकर ये बांड में निवेश करते हैं और इसका भी सोने की कीमतों पर असर पड़ता है। डॉलर की बात करें तो डॉलर मजबूत हो तो सोना महंगा होता है और डॉलर कमजोर हो तो सोना सस्ता।
तीसरा कारण होता है युद्ध। चौथा कारण है सेंट्रल बैंकों द्वारा सोने की खरीदी। दुनिया के सभी सेंट्रल बैंक सोने की खूब खरीदी कर रहे हैं। चीन तो आंख मूंदकर हर भाव में सोना खरीद रहा है। भारत ने भी विगत में खूब सोना खरीदा है, लेकिन पिछले कुछ समय से ये खरीद बंद है।
हां, उधर अमेरिका के कॉमेक्स यानी कमोडिटी मार्केट में सोने को शार्ट किया हुआ है यानी वहां के सट्टेबाज मान रहे हैं कि सोना और गिरेगा! अलबत्ता दुनियाभर के जानकार मान रहे और दावा कर रहे हैं कि सोना यहां से बाउंस बैक होगा यानी फिर ऊपर जाएगा। जो हो। साफ कर दूं कि यहां कोई निवेश सलाह नहीं दी जा रही है, बल्कि जो दुनिया में हो रहा है उसका थोड़ा-बहुत विवरण है।
जानकारों का कहना है कि आगामी दस दिसम्बर तक अमेरिका में दुगनी हुई महंगाई के साथ रोजगार और बांड यील्ड की स्थिति भी साफ हो जाएगी और उसके बाद सोने की कीमतों और भविष्य को लेकर तस्वीर ज्यादा स्पष्ट होगी। अलबत्ता इधर, भारत में सोने की कीमतों के गिरने से हमारी बैंकों को अभी ही बुरे-बुरे सपने आने लगे हैं और इसमें संदेह की कोई गुंजाइश न!
संबंधित समाचार

टीआई पर BJP नेता का आरोप:बताया कांग्रेस का एजेंट; सस्पेंड करने की मांग, TI बोले- इस वजह से नाराजगी

दो किलोमीटर के फेर से परेशान रहवासी सड़कों पर उतरे:सिक्सलेन ने बढ़ाई सहूलियत या मुसीबत?

एएसआई पर हमला:कार पर फेंकी बोतल; विरोध किया तो हाथ में गड़ा दिए दांत

रुत आ गई रे, रुत छा गई रे..:इंदौर में सर्द हवाओं ने दी दस्तक; शिशिर की सिहरन से बदला शहर का मिजाज

आईटी पार्क चौराहे पर ट्रैफिक डायवर्ट:ब्रिज की स्लैब का काम; भारी वाहनों की आवाजाही पर भी रोक

अपराध से पहले अड्ड़ों पर पहुंचेगी पुलिस:एआई से अपराध रोकने की तैयारी; अगले महीने ट्रायल

इंदौर में अभी नलों में पानी लेकिन निगम को सताने लगी गर्मी की चिंता:300 बोरिंग और टैंकरों से तैयार किया जाएगा बैकअप

बेटे को बचाने डैम में कूदे पिता की डूबने से मौत:मामा-भांजा लापता; दो दिन पहले हुई थी बेटी की शादी

टवेरा के बॉटल होल्डर में छिपाई थी एमडी:कार में बाइक भी मिली

8 बदमाशों को शहर से बाहर खदेड़ा:6 पर कसा शिकंजा; लगातार दे रहे थे अपराध को अंजाम

कलेक्टर-कमिश्नर के साथ मंथन करेंगे मुख्यमंत्री:नवाचारों पर होगी चर्चा; 10 मिनट में देना होगा काम का हिसाब

फ्लाईओवर सिटी बनता उज्जैन:विकास की रफ्तार तेज; लेकिन व्यवस्थाओं की परीक्षा बाकी

परिसीमन बिल को लेकर राजनीतिक हलचल तेज:स्टालिन को मनाने चेन्नई पहुंचे विपक्षी नेता; राहुल को गांधी गले लगाया

रैपिडो चालक की अश्लीलता पर महिलाओं ने जताया विरोध:भोपाल की घटना से आक्रोश

महापौर ने किया निरीक्षण:प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों पर भी नजर

प्रदेश के 55 लाख स्कूली बच्चों के लिए खुशखबरी:इस दिन मिलेगी गणवेश की राशि; मुख्यमंत्री करेंगे बैंक खातों में अंतरित

नाले में गंदा पानी छोड़ने वाली 4 फैक्ट्रियों पर निगम की कार्रवाई:3.60 लाख का लगाया दंड; आउटलेट पाइप भी कराए बंद

खड़े हनुमान मंदिर के समर्थन में युवा कांग्रेस का हवन:प्रशासन को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना

सरस्वती नदी में बहाया फैक्ट्री का गंदा पानी:टीएम एंटरप्राइजेस का कारनामा; 40 हजार का जुर्माना कर निगम ने निभाई जिम्मेदारी!

ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना हुआ और भी कठिन:आधार की पुरानी फोटो बन रही अड़चन; फेस वेरिफिकेशन में फंस रहे आवेदक
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!