जिंदगीभर की कमाई उजड़ी: प्लॉट बेचने वाले कहां हैं; भूमाफियाओं और जिम्मेदारों से न्याय कब मिलेगा
KHULASA FIRST
संवाददाता

रहवासी हार गए, मकान मलबे में तब्दील
खुलासा फर्स्ट, इंदौर।
कृष्णबाग सेक्टर-सी में सोमवार को हुई कार्रवाई में टूटे परिवारों के सपने; रजिस्ट्री कराई, नगर निगम में नामांतरण करवाया, सालों तक भवन कर, जलकर और कचरा शुल्क भरा, फिर भी नहीं बचा अपना आशियाना; प्लॉट बेचने वाले सुरेश सिलावट, शशिभूषण खंडेलवाल और श्रीराम बिल्डर्स से जुड़े विवाद पर उठे सवाल, तत्कालीन राजस्व अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग।
किसी ने पाई-पाई जोड़कर प्लॉट खरीदा, किसी ने बैंक से कर्ज लेकर मकान बनाया तो किसी ने बच्चों के भविष्य के लिए अपनी पूरी जिंदगी की कमाई आशियाने में लगा दी। प्लॉट की रजिस्ट्री कराई, नगर निगम में नामांतरण करवाया और सालों तक भवन कर, जलकर तथा कचरा शुल्क भी नियमित जमा किया।
भरोसा था कि सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज उनका घर सुरक्षित है। लेकिन सोमवार को कृष्णबाग में हुई बुलडोजर कार्रवाई ने परिवारों का यह भरोसा तोड़ दिया।
जिन मकानों को बनाने में जिंदगीभर की कमाई लगी थी, वे मलबे में तब्दील हो गए। किसी का आशियाना उजड़ गया तो किसी के सामने परिवार को लेकर रहने का संकट खड़ा हो गया। इस कार्रवाई के बाद सबसे बड़ा सवाल उन लोगों पर उठ रहा है, जिन्होंने रहवासियों को प्लॉट बेचे और उनसे लाखों-करोड़ों रुपए हासिल किए।
आज जब परिवारों के मकान टूट गए तो प्लॉट बेचने वाले कहां हैं? जमीन के दस्तावेजों में विवाद था तो प्लॉटों की बिक्री कैसे हुई? रजिस्ट्रियां किस आधार पर कराई गईं? नगर निगम में नामांतरण कैसे हुए? वर्षों तक सरकारी विभाग भवन कर, जलकर और कचरा शुल्क किस आधार पर वसूलते रहे? आखिर इस पूरे मामले में गलती किसकी थी और उसकी कीमत आम परिवारों ने क्यों चुकाई?
रजिस्ट्री कराई, टैक्स भरा, फिर भी घर नहीं बचा सके
रहवासियों का कहना है कि उन्होंने जमीन पर कब्जा करके मकान नहीं बनाए थे। प्लॉट खरीदने के बाद विधिवत रजिस्ट्री कराई, नगर निगम में नामांतरण करवाया और सरकारी करों का भुगतान करते रहे। इसके बावजूद सोमवार को उनके मकानों पर कार्रवाई हो गई।
अब सवाल यह है कि जब सरकारी रिकॉर्ड में मकान मालिकों के नाम दर्ज थे, तब जमीन के स्वामित्व और दस्तावेजों की जांच पहले क्यों नहीं की गई? यदि जमीन विवादित थी तो प्लॉट बेचने और नामांतरण होने के समय जिम्मेदार विभागों ने आपत्ति क्यों नहीं की?
सरकारी विभाग वर्षों तक टैक्स लेते रहे और रहवासी अपने घरों को सुरक्षित मानकर परिवार पालते रहे। अब कार्रवाई के बाद उन्हीं परिवारों को अपने घर की वैधता साबित करने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। यह सिर्फ मकान टूटने का मामला नहीं, बल्कि उन परिवारों की जिंदगीभर की पूंजी और भरोसा टूटने का मामला है।
सुरेश सिलावट से प्लॉट खरीदने वालों का सवाल- हमारी रकम और नुकसान की भरपाई कौन करेगा?
शिकायत में उल्लेख है कि स्वर्गीय अलीमोहम्मद की ग्राम खजराना स्थित सर्वे नंबर 66 की 4.51 एकड़ जमीन के संबंध में 23 जनवरी 1996 को सुरेश पिता चंदूलाल सिलावट के साथ नोटरीकृत अनुबंध हुआ था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सुरेश सिलावट ने अलग-अलग विक्रय पत्रों के माध्यम से कृष्णबाग सेक्टर-सी में प्लॉटों की बिक्री कर कॉलोनी बसाई।
वहीं शशिभूषण खंडेलवाल पर आरोप है कि उन्होंने श्रीराम बिल्डर्स के नाम से जमीन के स्वामित्व से संबंधित कथित फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया।
शिकायत में बालमुकुंद सिद्ध द्वारा 26 दिसंबर 1997 को निष्पादित कथित विक्रय पत्र और 31 मार्च 2003 के विक्रय पत्र की वैधता पर भी सवाल उठाए गए हैं।
शिकायतकर्ता का दावा है कि मूल जमीन मालिक अली मोहम्मद ने न्याय विभाग कर्मचारी गृह निर्माण सहकारी संस्था को जमीन नहीं बेची थी। इसके बावजूद संस्था के नाम पर जमीन का अधिकार दर्शाने वाले दस्तावेज तैयार किए गए।
14 लाख रुपए के भुगतान, आईसीआईसीआई बैंक की एमजी रोड शाखा में कथित खाते और चेक क्रमांक 142556 को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
अब सवाल है कि यदि इन दस्तावेजों में गड़बड़ी हुई तो उसकी जांच और जवाबदेही किसकी होगी? प्लॉट खरीदने वाले परिवारों को उनका पैसा कौन लौटाएगा? मकानों के निर्माण में खर्च हुई रकम और उजड़ने से हुए नुकसान की भरपाई कौन करेगा?
नगर निगम का लेआउट निरस्त, फिर भी विवाद में रहवासी फंसे
खुलासा फर्स्ट की पड़ताल में मिली जानकारी के मुताबिक शशिभूषण खंडेलवाल ने श्रीराम बिल्डर्स को जमीन का स्वामी बताकर लेआउट स्वीकृत कराया था। तत्कालीन नगर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल ने 13 अगस्त 2021 को आदेश जारी कर इस लेआउट को निरस्त कर दिया था। इस आदेश के खिलाफ मेसर्स श्रीराम बिल्डर्स ने हाई कोर्ट में रिट याचिका क्रमांक 16204/2021 दायर की थी, जिसे 16 अक्टूबर 2025 को वापस ले लिया गया था।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि नगर निगम के इस आदेश और उससे जुड़े दस्तावेजों की जानकारी होने के बावजूद राजस्व अधिकारियों ने रहवासियों के विरुद्ध कार्रवाई की। उनका आरोप है कि जमीन के पुराने रिकॉर्ड और मूल स्वामी के वारिसों के दस्तावेजों को भी पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया।
हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का हवाला, राजस्व अधिकारियों पर आरोप
मामले में न्याय नगर एक्सटेंशन के नियमितीकरण से जुड़ी रिट याचिका क्रमांक 3543/2009, इंदौर विकास प्राधिकरण की रिट अपील क्रमांक 425/2014 और सुप्रीम कोर्ट के 6 अक्टूबर 2017 के आदेश का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इन न्यायिक प्रकरणों और आदेशों को नजरअंदाज कर तत्कालीन तहसीलदार जूनी इंदौर ने एकतरफा राजस्व कार्रवाई की थी।
रहवासियों ने बताया कि तब की गई शिकायतों में तत्कालीन तहसीलदार, ग्राम खजराना के पटवारी और राजस्व निरीक्षक की भूमिका की जांच की मांग की गई थी। साथ ही आरोप लगाया गया है कि गलत सीमांकन और राजस्व प्रतिवेदन के आधार पर रहवासियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। लेकिन सौदेबाजी के दम पर शिकायतों को नजर अंदाज कर दिया गया।
एफआईआर दर्ज कराने की मांग भी की गई थी
रहवासियों की ओर से कलेक्टर के समक्ष शिकायत कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई थी । इसमें शशिभूषण खंडेलवाल, तत्कालीन तहसीलदार जूनी इंदौर, ग्राम खजराना के तत्कालीन पटवारी और राजस्व निरीक्षक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता 2023 की धाराओं 61, 318, 320, 338, 336 और 340 के तहत एफआईआर दर्ज कराने की मांग की गई थी । शिकायतकर्ताओं ने संबंधित विक्रय पत्रों, बैंक खाते, चेक, सीमांकन प्रतिवेदन और राजस्व रिकॉर्ड की जांच कराने की मांग भी उठाई थी लेकिन निष्पक्ष जांच नहीं हो सकी।
अब सबसे बड़ा सवाल- मकान तोड़ दिए, प्लॉट बेचने वालों पर कार्रवाई कब?
सोमवार की कार्रवाई में रहवासी अपने मकान नहीं बचा सके। उनके सपनों का आशियाना मलबे में बदल गया, लेकिन जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों की जवाबदेही का सवाल अब भी बाकी है। जिन लोगों ने प्लॉट बेचे, जिनके नाम पर दस्तावेज तैयार हुए और जिन अधिकारियों ने राजस्व प्रतिवेदन और आदेश दिए, उनकी भूमिका की निष्पक्ष जांच कब होगी?सरकार और प्रशासन से सवाल है कि क्या कार्रवाई की जिम्मेदारी केवल उन परिवारों की थी, जिन्होंने अपनी कमाई लगाकर मकान बनाए? अगर प्लॉट बेचने में धोखाधड़ी हुई तो खरीदारों को न्याय कौन दिलाएगा?
अगर सरकारी रिकॉर्ड में गड़बड़ी हुई तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई कब होगी? क्या रहवासियों को उनके मकानों का मुआवजा मिलेगा, क्या प्लॉट की रकम वापस दिलाई जाएगी?रहवासी अपना घर हार गए, उनकी जिंदगीभर की कमाई मलबे में बदल गई। अब प्रशासन को यह भी बताना होगा कि इस बर्बादी के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही कब तय होगी। आखिर भूमाफियाओं के कथित खेल में उजड़े परिवारों को न्याय कब मिलेगा?
प्राचीन महाकाली मंदिर तक पहुंची जेसीबी, तो भड़का बजरंग दल
कृष्णबाग कॉलोनी में कल सुबह प्रशासन का बुलडोजर चला तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई दिनभर चली और इस दौरान 42 मकानों को जमींदोज कर दिया गया। बाकी मकानों को हटाने की कार्रवाई आगे की जाएगी।
इसी बीच कार्रवाई की जद में प्राचीन मां महाकाली मंदिर के आने की सूचना से विवाद खड़ा हो गया। जेसीबी से मंदिर को नुकसान पहुंचने की आशंका पर विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और अधिकारियों के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया।
जानकारी के अनुसार विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल इंदौर विभाग को सूचना मिली थी कि कृष्णबाग कॉलोनी में रिमूवल कार्रवाई के दौरान प्राचीन मां महाकाली मंदिर को भी तोड़ा जा रहा है। सूचना मिलते ही विभाग सहसंयोजक लक्की रघुवंशी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा की।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि संगठन मठ-मंदिरों और हिंदू समाज के आस्था केंद्रों की सुरक्षा के लिए तत्पर है। मंदिर परिसर या मंदिर को किसी भी तरह का नुकसान पहुंचा तो बजरंग दल उग्र आंदोलन करेगा और मंदिर को टूटने नहीं देगा।
एसडीएम और एसीपी ने मंदिर नहीं तोड़ने का दिया आश्वासन
मौके पर मौजूद एसडीएम घनश्याम धनकर और एसीपी खजराना आशीष पटेल ने आश्वाशन दिया कि मंदिर को तोड़ने का कोई विषय नहीं है। जेसीबी संचालकों को मंदिर के संबंध में जानकारी नहीं थी। अधिकारियों ने मंदिर को नुकसान नहीं पहुंचने देने का आश्वासन दिया। इसके बावजूद बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि मंदिर से किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ता
मौके पर विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल इंदौर विभाग संयोजक प्रवीण दरेकर, सहसंयोजक लक्की रघुवंशी, जगन्नाथ, जिला समरसता प्रमुख आशीष गोस्वामी, जय चौहान, आशीष कनाडे सहित बड़ी संख्या में हिंदू समाजजन मौजूद रहे। हालांकि अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हो गया।
तोड़ दिए तुम्हारे घर... दुकानें... सपने और भविष्य!
तुम्हारे पापा ने लोन लिया था। रजिस्ट्री करवाई थी। सालों तक बिजली-पानी के बिल भरे थे। एक-एक रुपया जोड़कर घर बनाया था। तुम सोच रही थी कि पढ़-लिखकर बेहतर भविष्य बनाओगी। अपने घर की छत के नीचे अपने सपनों को पूरा करोगी, लेकिन तुम्हें नहीं पता था कि तुम इंदौर में रहती हो।
यहां प्लॉट बिकते हैं, रजिस्ट्री होती है, मकान बनते हैं, बिजली-पानी के कनेक्शन मिलते हैं। परिवार सालों तक किस्तें भरते हैं, गृहस्थी बसाते हैं। फिर एक दिन पता चलता है कि तुम्हारा घर अवैध है।
इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में कल यही हुआ। 10 पोकलेन, 6 जेसीबी और 250 से ज्यादा कर्मचारियों का अमला पहुंचा। 42 से ज्यादा मकान जमींदोज कर दिए गए। न जाने कितने अरमानों से घर सजाया होगा। दरवाजे पर वंदनवार लगाया होगा। रंग-बिरंगी लाइटें लगाई होंगी। घर के सामने रंगोली बनाई होगी। बच्चों ने नए कपड़े पहने होंगे। लक्ष्मी पूजन किया होगा। घर के कोने-कोने में खुशियां बिखेरी होंगी।
किसे पता था कि जिस घर को इतनी मेहनत और प्यार से सजाया है, कुछ ही दिनों बाद उसी घर की दीवारें बुलडोजर के नीचे मलबा बन जाएंगी। जिस चौखट पर दीपावली के दीये जलाए थे, आज वहीं बेबसी और आंसू हैं।
सरकारी रिकॉर्ड में ये अवैध निर्माण होंगे, लेकिन उन घरों के भीतर किसी का बचपन था, किसी की गृहस्थी थी, किसी की जीवनभर की कमाई थी और किसी का आने वाला कल था।
एक मकान सिर्फ ईंट, रेत और सीमेंट से नहीं बनता। उसकी नींव में सालों की किस्तें, अधूरी ख्वाहिशें, बच्चों की पढ़ाई से की गई बचत और परिवार का खून-पसीना लगा होता है। किसी ने बच्चे का एडमिशन टाला होगा, किसी ने मां का ऑपरेशन। किसी ने पक्की छत के लिए अपनी दूसरी जरूरतें छोड़ दी होंगी।
किसी ने पूरी जिंदगी की कमाई इस भरोसे पर लगा दी होगी कि अब उसका भी अपना घर है और फिर एक दिन बुलडोजर आया। कुछ मिनटों में वह सब मलबा हो गया, जिसे बनाने में पूरी जिंदगी लग गई, लेकिन सवाल सिर्फ इन मकानों के अवैध होने का नहीं है। सवाल उस पूरी व्यवस्था का है, जिसने इन्हें बनने दिया।
जब कॉलोनी बस रही थी, प्लॉट बिक रहे थे, तब जिम्मेदार विभाग कहां थे? लोगों को प्लॉट बेचने वाले कौन थे?, खरीदारों को भरोसा किसने दिया?, समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
अदालत के आदेश का पालन अपनी जगह है, लेकिन उन लोगों की जवाबदेही भी उतनी ही जरूरी है, जिनकी लापरवाही या भूमिका के कारण परिवार आज इस हाल में पहुंचे हैं।
गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के घरों पर बुलडोजर चलाना आसान है। उन लोगों तक पहुंचना मुश्किल है, जिन्होंने इन्हें घर बनाने का सपना बेचा था।
कृष्णबाग में 42 से ज्यादा मकान तोड़े गए, लेकिन क्या उन लोगों की जवाबदेही भी तय होगी, जिन्होंने ये मकान बनने दिए, प्लॉट बिकने दिए और लोगों को यहां अपना भविष्य बसाने दिया?, या फिर हमेशा की तरह बुलडोजर सिर्फ आखिरी पायदान पर खड़े आदमी के दरवाजे तक ही पहुंचेगा?
संबंधित समाचार

12 हजार से 25 हजार रुपए किलो तक बेचते थे मांस:सांभर व काला हिरण रहते थे शिकारियों के निशाने पर; शिकार के शौकीनों को एक लाख में उपलब्ध कराते थे जंगल और बंदूक

देखिये वीडियो, 11 लाख दीयों से जगमगाई काशी:84 घाटों पर जलाए गए; देव दीपावली देखने 40 देशों से पहुंचे मेहमान, लेजर-ड्रोन शो भी होगा

यात्रियों से भरी मिनी बस पलटी:एक की मौत; कई घायल, समय पर नहीं पहुंची एंबुलेंस, लोडर में ले जाना पड़ा शव

किसानों पर पुलिस की कार्रवाई:80 को बसों में भरकर थाने ले गई; 2 दिन से डाला था डेरा

विश्व प्रसिद्ध मंदिर के लड्डू प्रसादी की पैकेजिंग पर उठे सवाल:डिब्बों पर नहीं मिली निर्माण तारीख;आखिर कैसे पता चलेगा कितने दिन पुराना है प्रसाद?

बिना अनुमति चल रही मीट की दुकान सील:58 हजार 800 रुपए वसूले, नगर निगम की कार्रवाई जारी

पुष्पक में न पानी की जांच रिपोर्ट, न कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण पत्र:छह रेस्टोरेंट में खाने की गुणवत्ता पर सवाल

भूसे के नीचे छिपा रखी थी करोड़ों की नकदी:आरोपी की निशानदेही पर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई; पंचायत भवन में शुरू हुई नोटों की गिनती

सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा ओरछा की रामराजा सरकार की नगरी में:चर्चित लोकगायिका नेहासिंह राठौर होगी शामिल

वीडियो देखिये, वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास:52 गेंदों पर जड़ दिया दोहरा शतक; लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज शतक बनाया

वीडियो देखिये, बुलडोजर चला तो मलबे से निकले शराब के हजारों लेबल:आखिर किस कारोबार की थी तैयारी?

एसीबी की बड़ी कार्रवाई:अधिकारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

वीडियो देखिये, बाबा रामदेव के तीखे बोल, धीरेंद्र शास्त्री ने दिया संयमित जवाब:बोले- वे हमारे अभिभावक हैं, उनका सम्मान करते हैं

राजधानी में ऑनलाइन साइबर ठगी:पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है दिल्ली पुलिस

मध्य प्रदेश में नए निजी कॉलेज खोलने का मौका:ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन की शर्त घटी; 7 दिसंबर तक आवेदन

पिता-बहन के बाद मददगार का भी कत्ल करना चाहता था हर्ष:खुलासे के डर से नाबालिग को रास्ते से हटाने की थी तैयारी

10-10 हजार में बैंक खाते खरीदकर देशभर में साइबर ठगी की रकम खपा रहा था गिरोह:क्राइम ब्रांच ने मुख्य आरोपी को पकड़ा; रतलाम का पप्पू उर्फ पंकज मीणा गिरफ्तार, इंदौर के अंशु ने भी लालच में बेचा था खाता

विकास के नाम पर लाखों खर्च:निर्माण से भुगतान तक उठे सवाल, 14 लाख की सड़क सालभर में उखड़ी

एसटीएफ की जांच में भी वही निकला:खुलासा फर्स्ट ने पहले ही कर दिया था दुबई कनेक्शन का खुलासा; 1 करोड़ 56 लाख हवाला से पहुंचे, फिर यूएसडीटी बनकर राजस्थान लौटे

मकान बचाने के लिए लगाई जुगत:निगम ने पकड़ी चालाकी और चला दिया बुलडोजर
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!