बुलडोजर ने मकान तोड़े व्यवस्था के गुनहगारों तक कब पहुंचेगा कानून: कृष्णबाग में 42 आशियाने मलबे में तब्दील
KHULASA FIRST
संवाददाता

जमीन बेचने वाले कौन थे, खरीदने वालों को किसने भरोसा दिलाया और 23 साल तक सरकारी तंत्र क्या करता रहा?
जिंदगीभर की कमाई गंवाकर सड़क पर आए परिवार
खुलासा फर्स्ट, इंदौर।
कानून की ताकत देखनी हो तो कृष्णबाग कॉलोनी के मलबे पर खड़े होकर देखिए। यहां 12 पोकलेन मशीनों के सामने किसी की जिंदगीभर की कमाई टिक नहीं सकी। 600 अधिकारियों-कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों के अमले के बीच किसी मां की ममता, किसी पिता की बेबसी और किसी बुजुर्ग की गुहार अपना आशियाना नहीं बचा सकी।
मशीनों ने चंद घंटों में उन घरों को मिट्टी में मिला दिया, जिन्हें खड़ा करने में परिवारों की जवानी खप गई थी। किसी ने पेट काटकर पैसे जोड़े थे, किसी ने बैंक से कर्ज लिया था, तो किसी ने बच्चों की जरूरतें टालकर एक-एक ईंट रखी थी। सोमवार को कृष्णबाग में 42 मकान धराशायी हुए तो केवल दीवारें नहीं गिरीं, उस भरोसे की बुनियाद भी हिल गई, जिसके सहारे आम आदमी अपनी पूरी पूंजी जमीन और मकान में लगा देता है।
मगर इस तबाही के बीच सबसे बड़ा सवाल उन लोगों का नहीं है जिनके घर टूटे। असली सवाल उन चेहरों का है जो इस पूरी कहानी में कहीं दिखाई ही नहीं दे रहे। जमीन किसने बेची? किस अधिकार से बेची? खरीदने वालों को किसने भरोसा दिलाया? रजिस्ट्री कैसे हुई? निर्माण होते समय जिम्मेदार विभाग कहां थे?
और यदि सब कुछ गलत था, तो इतने वर्षों तक सरकारी तंत्र की आंखें क्यों बंद रहीं? कृष्णबाग में बुलडोजर चलाने वालों की पहचान सबको मालूम है, लेकिन जिनकी भूमिका की जांच होनी चाहिए, उनके नाम और जवाबदेही अब तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं। यही इस पूरे प्रकरण का सबसे गंभीर पहलू है।
चंद घंटों में उजाड़ दी वह दुनिया, जिसे बसाने में उम्र गुजर गई... कृष्णबाग की तस्वीरें किसी भी संवेदनशील व्यक्ति को विचलित कर सकती हैं। एक महिला हाथ जोड़कर कह रही थी कि उसके पति ने बहुत मेहनत से मकान बनाया है, इसे मत तोड़िए।
एक बुजुर्ग अपना आशियाना जमींदोज होते देख फूट-फूटकर रो पड़े। एक बेटी की आंखों के सामने वह छत छिन गई, जिसके नीचे उसने अपना बचपन बिताया और भविष्य के सपने संजोए थे। इन आंसुओं की कीमत सरकारी फाइलों में शायद कुछ भी न हो, लेकिन एक सामान्य परिवार के लिए मकान केवल संपत्ति नहीं, उसकी आर्थिक सुरक्षा का आखिरी सहारा होता है।
मकान बनाने वाला मजदूर हो, छोटा व्यापारी हो या नौकरीपेशा व्यक्ति, वह अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा एक अदद छत के लिए बचाता है। घर बन जाने पर उसे लगता है कि कम से कम बुढ़ापे में किराए की चिंता नहीं रहेगी। कृष्णबाग में ऐसे ही भरोसे टूटे हैं।
अब इन परिवारों के सामने सिर्फ रहने की जगह का संकट नहीं है। सामान कहां रखेंगे, बच्चों की पढ़ाई कैसे चलेगी, कर्ज की किस्तें कहां से भरेंगे और दोबारा मकान बनाने की हिम्मत कैसे जुटाएंगे? इन सवालों का जवाब किसी पोकलेन मशीन के पास नहीं है।
तेईस साल पुराना विवाद, फिर भी जवाबदेही का खाता खाली!... कृष्णबाग की जमीन का विवाद कोई अचानक सामने आया मामला नहीं है। ग्राम खजराना के सर्वे नंबर 66/2(क) की 0.720 हेक्टेयर भूमि को लेकर श्रीराम बिल्डर्स और रहवासियों के बीच वर्ष 2003 से कानूनी लड़ाई चल रही थी। मामला तहसीलदार से लेकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। इतनी लंबी अवधि किसी भी प्रशासनिक व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने के लिए पर्याप्त है।
जब विवाद दशकों पुराना था तो जमीन की वास्तविक कानूनी स्थिति से खरीदारों को अवगत कराने की क्या व्यवस्था थी? जमीन के सौदे किन लोगों ने किए? किस दस्तावेज के आधार पर भूखंड बेचे गए? निर्माण की शुरुआत से लेकर बस्ती विकसित होने तक संबंधित राजस्व और नगर निगम अधिकारियों ने क्या भूमिका निभाई?
यदि जमीन पर कब्जे या निर्माण को लेकर कानूनी अड़चनें थीं तो उनकी जानकारी खरीदारों तक समय रहते क्यों नहीं पहुंची? और यदि किसी ने विवाद छिपाकर जमीन बेची, तो उसके विरुद्ध क्या कार्रवाई हुई? यहां जांच केवल इस बात की नहीं होनी चाहिए कि कब्जा किसने किया। यह भी सामने आना चाहिए कि कब्जे और खरीद-बिक्री की पूरी प्रक्रिया में कौन-कौन शामिल था।
सरकारी खजाने को पैसा देते रहे, अब उसी व्यवस्था से पूछ रहे अपना कसूर... कृष्णबाग के रहवासियों का दावा है कि यहा कुछ लोग करीब 30 वर्षों से वहां रह रहे थे। उनके अनुसार नगर निगम उनसे हर साल लगभग दो हजार रुपए संपत्ति कर वसूलता था।
अब मकान टूटने के बाद वे मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। यहीं से व्यवस्था के दोहरे व्यवहार का सवाल पैदा होता है। जब नागरिक संपत्ति कर जमा करता है, बिजली का बिल भरता है, पानी की सुविधा का भुगतान करता है और सरकारी दस्तावेजों के भरोसे अपनी संपत्ति में निवेश करता है, तब उसे लगता है कि वह व्यवस्था की नजरों में एक जिम्मेदार नागरिक है।
बेशक, टैक्स की रसीद, बिजली कनेक्शन या रजिस्ट्री अपने आप में निर्विवाद मालिकाना हक का प्रमाण नहीं हैं, लेकिन क्या सरकारी विभागों की जिम्मेदारी सिर्फ पैसा वसूलने तक सीमित है? क्या किसी विवादित संपत्ति के संबंध में नागरिकों को स्पष्ट जानकारी देने, दस्तावेजों की जांच और संभावित धोखाधड़ी रोकने की कोई जवाबदेही नहीं बनती? सवाल टैक्स लेने के अधिकार का नहीं, उस भरोसे का है जो सरकारी प्रक्रियाएं आम नागरिक के मन में पैदा करती हैं।
रसूखदारों के निर्माण पर नोटिसों का खेल, कृष्णबाग में मशीनों की कतार!... कृष्णबाग में जिस तत्परता से कार्रवाई हुई, उसने इंदौर नगर निगम की दूसरी शिकायतों को भी चर्चा में ला दिया है। कृष्णबाग में कानून की सख्ती दिखाई दी। अब शहर यह भी देखना चाहता है कि वही सख्ती प्रभावशाली निर्माणकर्ताओं के मामलों में कितनी दिखाई देती है।
मंदिर के लिए ठहर गई मशीनें, बेघर परिवारों के लिए कौन ठहरेगा?... कार्रवाई के दौरान कालका माता मंदिर को हटाने की तैयारी हुई तो लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। जय-जय सियाराम के नारे गूंजे और मंदिर हटाने की कार्रवाई फिलहाल टाल दी गई।
धार्मिक आस्था का सम्मान होना चाहिए, लेकिन इस घटनाक्रम के बीच एक मानवीय प्रश्न भी खड़ा होता है। जिन परिवारों की छत चली गई, उनकी तत्काल सहायता के लिए क्या इंतजाम किए गए? क्या बेघर हुए लोगों की जरूरतों का सर्वे कराया गया?
क्या आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को उपलब्ध राहत योजनाओं की जानकारी दी गई? मंदिर के प्रति श्रद्धा और बेघर परिवारों के प्रति संवेदना एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। एक जिम्मेदार व्यवस्था से दोनों की अपेक्षा की जाती है।
अदालत ने जमीन का फैसला दिया, व्यवस्था का हिसाब सरकार को देना होगा... कृष्णबाग प्रकरण में न्यायालय के आदेशों का पालन आवश्यक है। हाईकोर्ट की डबल बेंच ने जगदीश कुमावत सहित 19 रहवासियों को अंतरिम राहत दी थी, जबकि अन्य रहवासियों के विरुद्ध बेदखली के आदेश अंतिम हो चुके थे, लेकिन न्यायालय के आदेश का पालन करना और प्रशासनिक जवाबदेही तय करना अलग-अलग विषय हैं।
कागजों पर मालिकाना भरोसा किसने बेचा, इसकी पड़ताल कब होगी?
कृष्णबाग के प्रभावित परिवारों ने मकानों की रजिस्ट्री और बैंक ऋण को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब जमीन की स्थिति विवादित थी तो रजिस्ट्री कैसे हुई और मकान खरीदने या बनाने के लिए कर्ज कैसे मिला? यहीं से जांच की दिशा तय होनी चाहिए।
मूल जमीन मालिक से लेकर बाद के विक्रेताओं तक स्वामित्व की पूरी कड़ी सामने लाई जाए। जिन बिक्री विलेखों के आधार पर भूखंड खरीदे गए, उनकी पड़ताल हो। संबंधित बैंकों ने यदि ऋण स्वीकृत किए थे, तो उनकी कानूनी जांच रिपोर्ट देखी जाए। निर्माण अनुमति के दस्तावेजों और राजस्व रिकॉर्ड का मिलान किया जाए। यह जांच किसी को पहले से दोषी मानकर नहीं, बल्कि वास्तविक जिम्मेदारी तय करने के लिए होनी चाहिए।
यदि किसी ने गलत स्वामित्व का दावा करके जमीन बेची, दस्तावेजों में हेरफेर किया या विवाद छिपाकर खरीदारों को नुकसान पहुंचाया, तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। यदि किसी अधिकारी की लापरवाही या मिलीभगत सामने आए, तो उसे भी जवाब देना पड़े। आखिर संपत्ति के सौदे से लाभ उठाने वाले लोग जांच के दायरे से बाहर और नुकसान उठाने वाले परिवार अकेले क्यों रहें?
बुलडोजर लौट जाएगा, मगर मलबे में दबे सवाल पीछा करेंगे
आज कृष्णबाग में उजड़े परिवारों की चीखें सुनाई दे रही हैं। कुछ दिनों बाद मलबा हट जाएगा। मशीनें दूसरे काम में लग जाएंगी। कार्रवाई की रिपोर्ट सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज हो जाएगी, लेकिन बेघर हुए परिवारों की जिंदगी में जो खालीपन आया है, वह किसी रिपोर्ट के बंद होने से नहीं भरेगा।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस पूरे घटनाक्रम में मकान गंवाने वालों के चेहरे तो सामने हैं, लेकिन जमीन के सौदों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं से जुड़े जिम्मेदार लोगों की भूमिका अब भी स्पष्ट नहीं है।
जिस व्यक्ति ने अपनी जीवनभर की बचत मकान में लगा दी, उसे कानूनी विवाद का अंतिम परिणाम भुगतना पड़ा। मगर जिस व्यवस्था के बीच जमीन की खरीद-बिक्री हुई, रजिस्ट्री हुई, बस्ती विकसित हुई और सरकारी बिल जमा होते रहे, उसकी कार्यप्रणाली की जांच भी उतनी ही जरूरी है।
कृष्णबाग में 42 मकान गिराने के लिए 12 पोकलेन और 600 लोगों का अमला जुट गया। यहां प्रश्न सिर्फ अवैध कब्जे का नहीं, उस व्यवस्था की विश्वसनीयता का भी है जिसके भरोसे नागरिक अपनी मेहनत की कमाई निवेश करता है। गरीब के मकान पर बुलडोजर चलाकर कानून की ताकत दिखा दी गई।
अब जमीन के सौदों से लेकर सरकारी प्रक्रियाओं तक की जवाबदेही तय करके न्याय की ताकत भी दिखाई जाए। वरना कृष्णबाग के मलबे से उठता सवाल और तीखा होगा- क्या इस व्यवस्था में गरीब के हिस्से सिर्फ सजा और जिम्मेदारों के हिस्से हमेशा खामोशी ही आएगी?
संबंधित समाचार

चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी बनी आग का गोला...:आखिर कितनी सुरक्षित हैं ई-गाड़ियां? सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

आरक्षक बनने की दौड़ में पीएचडी धारक और इंजीनियर भी:एक पद के लिए औसतन 100 अभ्यर्थियों के बीच होगा मुकाबला

खेत में भूसे के नीचे मिले करोड़ों रुपए:आरोपी की निशानदेही पर क्राइम ब्रांच ने मारी रेड; नोटों से भरी थी तीन बोरियां

मलबे में दबे सपने:ईंट-पत्थर के साथ ढह गया व्यवस्था पर से भरोसा; ठंड में खुले आसमान के नीचे 42 परिवार, क्या यही है न्याय?

ट्रैफिक सुधार में जनता बनी पुलिस की ताकत:एक दिन में इतनी शिकायतें; ट्रैफिक साथी ऐप से जुड़े इतने नए यूजर्स, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

19 वर्षीय छात्रा की मौत:सेब खाने के बाद बिगड़ी थी तबीयत; इलाज के दौरान तोड़ा दम

वीडियो देखिये, धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर भड़के बाबा रामदेव:बोले- सनातन के नाम पर ढोंग नहीं कर सकते

चैट पर छात्रा से बोला टीचर- आप सुला देना हमको...:पुलिस ने उड़ा दी नींद, शिकायत पर दर्ज हुआ पॉक्सो का केस

राहुल गांधी का चौंकाने वाला खुलासा:जानबूझकर हटाई गई थी पिता की सुरक्षा; सुरक्षा को लेकर पहले ही जता दी थी अनहोनी की आशंका

वीडियो देखिये, इस राज्य की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम:इन नेताओं ने किया गठबंधन का ऐलान, सीटों का बंटवारा बाद में

डीएपी के नाम पर राखड़...कहां सो रहा कृषि विभाग?:किसानों से दोहरा धोखा!

कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट:3 महीने के निचले स्तर पर पहुंचे दाम; भारत को हो सकते हैं ये फायदे

चले पत्थर और लाठियां!:दो महिलाओं समेत आठ घायल

इंजीनियर के पैर पकड़कर यह बोले पार्षद:सिंहस्थ के निर्माण कार्य के लिए बंद किया नाला; चार क्षेत्रों में जलभराव

श्मशान में सजी चिता:आईसीयू में जिंदा मिला मरीज!

MP के इस गांव पहुंचे पंचायत के सितारे:प्रधानजी की कुर्सी छिनने से बदलेगी फुलेरा की सियासत

धर्म और आस्था के रंग में रंगा प्रदेश:इस धर्मनगरी में एक लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी; दान-पुण्य और दीपदान का सिलसिला

13 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:कार्डियक अरेस्ट की आशंका; रात में सोया, सुबह नहीं उठा

वीडियो देखिये, इस शहर के खड़े हनुमान की ख्याति विदेशों तक पहुंची:दानपेटी से निकले डॉलर, यूरो सहित कई देशों के नोट; सोशल मीडिया पर चमत्कार की चर्चा

बारिश और बादलों का दौर थमते ही फिर सर्दी का आलम:अगले चार दिन में यह हो सकता है मौसम का हाल
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!