मसालों की खुशबू से महकती है रसोई अब महंगाई ने बिगाड़ा स्वाद: हल्दी का रंग चढ़ा, जीरे का तड़का महंगा; मसालों की कीमतों में उबाल
KHULASA FIRST
संवाददाता

चुटकीभर मसालों से महकता है घर, अब इनके बढ़ते दामों ने बढ़ाई चिंता
खाने में स्वाद घोलने वाले मसाले हुए महंगे
कई मसालों में तेजी तो लाल मिर्च स्थिर और इलायची नरम
हल्दी 21.5 और जीरा 19.7 प्रतिशत महंगा, सौंफ, मेथी, अजवाइन और धनिया के भाव भी चढ़े; मौसम की मार और आपूर्ति की चिंता से मसाला बाजार में हलचल
हेमंत उपाध्याय 99930-99008 खुलासा फर्स्ट, इंदौर।
रसोई में चढ़ी कड़ाही में जब जीरे का तड़का लगता है, हल्दी से सब्जी का रंग निखरता है और धनिये की खुशबू पूरे घर में फैलती है, तभी तो खाने का असली स्वाद सामने आता है। मसाले सिर्फ भोजन का स्वाद नहीं बढ़ाते, बल्कि भारतीय रसोई की पहचान भी हैं।
एक गृहिणी के लिए मसालों का डिब्बा किसी खजाने से कम नहीं होता। किस सब्जी में कितनी हल्दी डालनी है, दाल में जीरे का तड़का कब लगाना है और अचार में मेथी-सौंफ का कितना इस्तेमाल करना है, यह हुनर ही साधारण भोजन को खास बना देता है।
बिना मसालों के न सब्जी में वह रंग रहता है, न दाल में खुशबू और न खाने में वह चटखारा, जो हर किसी को पसंद आता है, लेकिन अब रसोई की यही शान महंगाई की आंच पर तप रही है। चुटकीभर हल्दी से लेकर तड़के में पड़ने वाले जीरे तक, कई जरूरी मसालों के दाम तेजी से बढ़े हैं।
अक्टूबर 2026 के राष्ट्रीय औसत थोक भाव बताते हैं कि महज एक महीने में हल्दी 21.5 प्रतिशत और जीरा करीब 19.7 प्रतिशत महंगा हो गया।
सौंफ, मेथी, अजवाइन, धनिया और काली मिर्च ने भी तेजी दिखाई। हालांकि, राहत की बात यह है कि लाल मिर्च के भाव स्थिर रहे और छोटी इलायची थोड़ी सस्ती हुई। सवाल यह है कि आखिर रसोई की खुशबू पर महंगाई का पहरा क्यों लग रहा है और आने वाले दिनों में मसालों के भाव किस ओर जाएंगे?
थोक बाजार में उछाल, किराना दुकानों पर कितना असर?
मसालों के राष्ट्रीय थोक भाव में आई तेजी का मतलब यह नहीं है कि हर किराना दुकान पर भी उतने ही प्रतिशत दाम बढ़ गए हों। साबुत और पिसे मसालों की कीमतें उनकी गुणवत्ता, ब्रांड, पैकिंग और परिवहन खर्च के हिसाब से अलग-अलग होती हैं।
धनिये की महक और काली मिर्च का तीखापन भी पड़ा महंगा
सब्जी में धनिया न हो तो स्वाद कुछ अधूरा-सा लगता है। वहीं, सूप से लेकर गरम मसाले तक काली मिर्च अपनी खास जगह रखती है। अब इन दोनों के भाव भी बढ़ गए हैं। सितंबर में 135 रुपए प्रति किलो बिकने वाला धनिया अक्टूबर में 142 रुपए पहुंच गया। काली मिर्च का औसत थोक भाव भी 674 से बढ़कर 697 रुपए प्रति किलो हो गया। धनिये में करीब 5.4 प्रतिशत और काली मिर्च में 3.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
अब रसोई को राहत मिलेगी या और बढ़ेगी महंगाई?
अक्टूबर में हल्दी और जीरे ने सबसे ज्यादा तेजी दिखाई। नवंबर के उपलब्ध मंडी आंकड़े भी इनके ऊंचे भाव का संकेत दे रहे हैं, हालांकि पूरे नवंबर की औसत कीमतों की तुलना महीने के समाप्त होने के बाद ही संभव होगी। फिलहाल इतना तय है कि भारतीय रसोई में जिन मसालों की चुटकीभर मात्रा खाने का स्वाद बदल देती है, उन्हीं के बढ़ते भाव अब बाजार में चर्चा का विषय हैं। आने वाले दिनों में नई फसल की आवक और आपूर्ति की स्थिति तय करेगी कि मसालों की महंगाई और तीखी होगी या रसोई को कुछ राहत मिलेगी।
हल्दी ने दिखाया अपना रंग, महीनेभर में 32 रुपए महंगी
सब्जी हो या दाल, हल्दी के बिना भारतीय रसोई अधूरी मानी जाती है। चुटकीभर हल्दी खाने को सुनहरा रंग देती है। लेकिन इस बार हल्दी ने कीमतों में भी अपना रंग दिखा दिया। सितंबर में 148 रुपए प्रति किलो बिकने वाली हल्दी का राष्ट्रीय औसत थोक भाव अक्टूबर में 180 रुपए पहुंच गया।
यानी एक महीने में 32 रुपए की बढ़ोतरी। तेजी का सिलसिला नवंबर में भी थमता नहीं दिख रहा। 20 नवंबर के उपलब्ध मंडी आंकड़ों में हल्दी का भाव करीब 205 रुपए प्रति किलो रहा। हालांकि, यह राष्ट्रीय मासिक औसत से अलग पद्धति का आंकड़ा है। उत्पादक क्षेत्रों में असमान बारिश और फसल की उपलब्धता को लेकर चिंता इसकी तेजी के संभावित कारणों में शामिल हैं।
दाल में जीरे का तड़का लगाना भी हुआ महंगा
गरम तेल में जीरा पड़ते ही उठने वाली खुशबू भूख बढ़ा देती है। दाल, सब्जी, रायता और मसाला छाछ तक में जीरे का अपना महत्व है। लेकिन रसोई का यह छोटा-सा मसाला भी कीमतों में बड़ी छलांग लगा चुका है। सितंबर में जीरे का औसत थोक भाव 193 रुपए प्रति किलो था, जो अक्टूबर में बढ़कर 232 रुपए हो गया।
यानी करीब 39 रुपए की बढ़ोतरी। नवंबर की 20 तारीख को उपलब्ध मंडी आंकड़ों में इसका भाव लगभग 257.50 रुपए प्रति किलो दर्ज हुआ। जीरे की खेती मुख्य रूप से गुजरात और राजस्थान में होती है। इन राज्यों में फसल की स्थिति, मंडियों में आवक और व्यापारिक मांग से कीमतों की दिशा तय होती है।
अचार की जान मेथी-सौंफ, अब इनके भी बढ़े भाव
आम का अचार हो, भरवां सब्जी या घर में तैयार होने वाला मसाला, मेथी और सौंफ का स्वाद अलग ही पहचान रखता है। वहीं, अजवाइन का इस्तेमाल पराठे, पूरी और कई नमकीन व्यंजनों में होता है। अब ये तीनों मसाले भी महंगे हो गए हैं।
मेथी का औसत थोक भाव सितंबर के 62.57 रुपए से बढ़कर अक्टूबर में 71.04 रुपए प्रति किलो हो गया। सौंफ 110 से 121 रुपए और अजवाइन 144 से 156 रुपए प्रति किलो पहुंच गई। यानी मेथी में करीब 13.5 प्रतिशत, सौंफ में 10 प्रतिशत और अजवाइन में लगभग 8.7 प्रतिशत की तेजी आई।
इन मसालों की मांग केवल घरों तक सीमित नहीं है। अचार, नमकीन और तैयार मसालों के कारोबार में भी इनका खूब इस्तेमाल होता है। ऐसे में थोक भाव बढ़ने से खाद्य उत्पादों की लागत पर भी असर पड़ सकता है।
लाल मिर्च ने दी राहत, इलायची भी थोड़ी सस्ती
मसालों की महंगाई के बीच कुछ राहत भी है। खाने में तीखापन लाने वाली सूखी लाल मिर्च का औसत थोक भाव सितंबर और अक्टूबर, दोनों महीनों में 240 रुपए प्रति किलो रहा। यानी इसकी कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ। वहीं, चाय और मिठाइयों की खुशबू बढ़ाने वाली छोटी इलायची थोड़ी सस्ती हुई।
इसका भाव 3,125 रुपए से घटकर 3,106 रुपए प्रति किलो रह गया। हालांकि, महज 19 रुपए प्रति किलो की यह गिरावट करीब 0.6 प्रतिशत ही है। मसालों की कीमतें बढ़ने के पीछे केवल एक वजह नहीं है। मौसम की अनिश्चितता, फसलों के उत्पादन को लेकर आशंका, मंडियों में आवक और पुराने स्टॉक की उपलब्धता जैसे कई कारण बाजार को प्रभावित करते हैं।
दक्षिण भारत के कुछ मसाला उत्पादक क्षेत्रों में असमान बारिश और मिट्टी में नमी की कमी ने फसलों को लेकर चिंता बढ़ाई है। दूसरी ओर व्यापारिक खरीद और निर्यात मांग की संभावनाएं भी कीमतों को प्रभावित करती हैं। किसी मसाले की आवक कम होने या मांग बढ़ने पर उसके भाव में तेजी आ सकती है।
संबंधित समाचार

इतिहास की रियासत पर लाखों रुपए खर्च:फिर भी नहीं संवरा राजमहल!

नशे की लत पूरी करने के लिए बना ड्रग्स सप्लायर:गार्डन के पास पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी; घेराबंदी कर पकड़ा

बचपन के मित्र के निधन से दुखी मंत्री मिलन समारोह में नहीं पहुंचे:मौन रखकर दी श्रद्धांजलि; हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में सादगी से हुआ आयोजन, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान

पहले भरोसा जीता, फिर 10 मोबाइल बेचकर रकम लेकर फरार:मार्केट में व्यापारी से धोखाधड़ी; आरोपी गिरफ्तार

ठंड भी रटलेबाजी पर उतारू है...!

घर के बाहर खड़ी कार का कांच फोड़कर भागा बदमाश:आरोपी की तलाश में फुटेज खंगाल रही पुलिस

599 मकानों पर कल से चलेगा बुलडोजर:हाईकोर्ट ने बुलडोजर पर रोक लगाने से किया इनकार

गर्लफ्रेंड को महंगा गिफ्ट देने के चक्कर में पहुंचा हवालात:आईफोन लेकर भागा तो बाजार में हुई धुनाई; व्यापारियों ने पीछा कर पकड़ा, पुलिस ने दर्ज किया चोरी का मामला

9 मकानों-दुकानों के बाधक हिस्सों पर चला बुलडोजर:40 साल पुरानी बसाहट के आगे सड़क विस्तार की राह खुली

वीडियो देखिये, निगम की कचरा गाड़ी ने सड़क को बनाया फिसलन का जाल:धड़ाधड़ गिरे वाहन चालक; हादसे रोकने के लिए सड़क पर डलवाया चूना, यातायात भी मोड़ा

खेतों में तैयार थी फसल:बारिश ने बिगाड़ दिया किसानों का हिसाब-किताब!

थाली में छोड़ गए जूठन, कालू खुद खाने बैठ गए:अन्नकूट में नसीहत बेअसर हुई; तो अपनाया अनोखा तरीका

पानी के लिए सड़क पर उतरे आक्रोशित रहवासी

ब्राउन शुगर लेकर घूम रहे दो तस्कर हुए गिरफ्तार

अहाते बंद तो अब कहीं भी...:खुल रहे शराब की बोतलों के ढक्कन?

बाल विवाह को दी चुनौती, दुनिया में छा गई इस जिले की बेटी:विश्व बाल दिवस पर मशहूर फुटबॉलर ने साझा की संघर्ष की कहानी

सत्ता और प्रशासनिक गलियारों में कई किस्से चर्चा का विषय:सौ करोड़ की जमीन से लेकर सट्टे के कथित नेटवर्क तक; बेशकीमती जमीन के सौदे से किसका नाम जुड़ा

क्या 50 लाख के लिए ही गोद लिए बेटे ने कर दी बाप-बेटी की हत्या:तलाश में तीन टीमें जुटीं; दो कत्ल की थ्योरी पर चाचा ने उठाए सवाल

चल रहे मेच के बीच होलकर स्टेडियम के बाहर मोबाइल पर सट्टे का खेल:दो वेबसाइट के जरिये चला रहे थे सट्टे का कारोबार

बड़वानी का चूड़ी वाला निकला ड्रग्स पैडलर:घबराने पर पकड़ाया आरोपी; 11 ग्राम माल के साथ गिरफ्तार
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!