क्या 50 लाख के लिए ही गोद लिए बेटे ने कर दी बाप-बेटी की हत्या: तलाश में तीन टीमें जुटीं; दो कत्ल की थ्योरी पर चाचा ने उठाए सवाल
KHULASA FIRST
संवाददाता

वारदात के बाद जेवर-नकदी समेटकर फ्लाइट से भागा
खुलासा फर्स्ट, इंदौर।
पिता राजू यादव और बहन हर्षिता की हत्या में फरार हर्ष यादव को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। हर्ष को करीब 28 साल पहले राजू यादव ने एक जरूरतमंद परिवार से गोद लेकर अपना बेटा बनाया था। ये खुलासा उसके चाचा ने पुलिस के सामने किया है। संभवत: इसी के चलते उसने पिता और बहन को बेरहमी से मौत के घाट उतारने में जरा भी गुरेज नहीं किया।
सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में पुलिस 50 लाख रुपए की संपत्ति के बंटवारे को कत्ल की वजह बता रही है, लेकिन राजू के चाचा देवेंद्र यादव का कहना है कि करोड़ों की पैतृक संपत्ति वाले परिवार में महज 50 लाख रुपए के लिए हर्ष पिता और बहन की हत्या कर देगा, इस पर विश्वास करना मुश्किल है।
वहीं, पुलिस जांच में सामने आया है कि हर्ष ने वारदात से पहले ही भागने की तैयारी कर ली थी। हत्या के बाद वह हर्षिता के घर से जेवर और नकदी समेटकर फ्लाइट पकड़कर फरार हो गया। पुलिस की तीन टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।
उल्लेखनीय है कि 21 नवंबर की सुबह करीब 6 से 6.15 बजे के बीच हर्ष यादव निवासी रामचंद्र नगर ने गांधी नगर निवासी 16 वर्षीय नाबालिग साथी के साथ मिलकर कालानी नगर में पिता राजू यादव के साथ किराए से रहने वाली बहन हर्षिता की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद पुलिस को राजू यादव की बाएं हाथ का पंजा कटी लाश भी हातोद थाना क्षेत्र में मिल गई थी।
दोहरे हत्याकांड के खुलासे के बाद दोनों शवों के पोस्टमार्टम में पुलिस को परेशान होना पड़ा। राजू का शव नाले में बोरे में मिला था। करीब 36 घंटे पुराना होने और सड़ने की स्थिति में पहुंचने के कारण उसे रात में एमवाय अस्पताल भेजा गया।
इसके बाद शनिवार सुबह हातोद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए वापस हातोद ले गई। वहीं, हर्षिता का करीब 24 घंटे पुराना शव पहले जिला अस्पताल पहुंचाया गया। शव की स्थिति के कारण वहां पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शनिवार दोपहर परिजन को उसे एमवाय अस्पताल रेफर किए जाने की जानकारी दी गई।
ऑटो रिक्शा चलाते थे राजू और हर्ष
उधर, पुलिस जांच के बीच राजू यादव के चाचा देवेंद्र यादव ने परिवार से जुड़ा अहम खुलासा किया है। उनके मुताबिक करीब 28 साल पहले एक परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण राजू ने हर्ष को गोद लिया था। राजू अच्छे पहलवान भी थे।
परिवार के पास तंबोली बाखल में करोड़ों रुपए की पैतृक संपत्ति थी, लेकिन इसके बावजूद राजू और हर्ष ऑटो रिक्शा चलाते थे। देवेंद्र का कहना है कि परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए 50 लाख रुपए कोई इतनी बड़ी रकम नहीं थी कि उसके लिए दो लोगों की जान ले ली जाए। हालांकि, पुलिस को जांच में संपत्ति और उससे जुड़े दस्तावेजों को लेकर पिता-पुत्र के बीच लंबे समय से विवाद होने की जानकारी मिली है।
बेटी हर्षिता को दिए थे 25 लाख रुपए
राजू यादव ने करीब एक साल पहले अशोक नगर स्थित मकान का 50 लाख रुपए में सौदा किया था। जांच में सामने आया कि इस रकम और संपत्ति के दस्तावेजों को लेकर हर्ष का पिता और बहन से विवाद चल रहा था। एक जानकारी के मुताबिक राजू ने 25 लाख रुपए बेटी हर्षिता को दिए थे और शेष रकम हर्ष मांग रहा था।
वहीं, जांच में यह बात भी सामने आई कि संपत्ति से जुड़े अन्य दस्तावेज हर्षिता के पास थे। राजू ने हर्ष के चाल-चलन को देखते हुए उसे रकम देने से इनकार कर दिया था। पड़ोसियों के अनुसार हर्ष पहले भी पिता और बहन से विवाद करने वहां आ चुका था। पुलिस जांच के अनुसार हर्ष ने हत्या की साजिश पहले ही रच ली थी।
उसने गांधी नगर के अरिहंत नगर में किराए से कमरा लिया और नाबालिग साथी के साथ मिलकर पिता और बहन की हत्या कर दी। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद नाबालिग साथी ने बताया कि उसके भाई की 2 दिसंबर को शादी होने वाली है। उसे रुपयों की जरूरत थी। हर्ष ने रुपए देने का वादा किया था।
पुलिस को मिले फुटेज के मुताबिक 19 नवंबर की सुबह करीब 6.15 बजे हर्ष ऑटो से उतरकर पैदल घर के दरवाजे तक पहुंचा। उसने दरवाजे की आड़ लेकर घंटी बजाई। आशंका है कि बाहर ऑटो खड़ा देखकर हर्षिता को लगा कि पिता लौट आए हैं, इसलिए उसने दरवाजा खोल दिया। पुलिस के अनुसार दरवाजा खुलते ही हर्ष ने हर्षिता का मुंह दबाया और उसे खींचकर अंदर ले गया और उसकी हत्या कर दी। फुटेज की रिकॉर्डिंग में हर्षिता के रोने और चीखने जैसी आवाजें भी सुनाई दे रही थीं।
पुलिस को चाहिए इन बातों के जवाब
दोहरे हत्याकांड में पुलिस के सामने केवल हर्ष की गिरफ्तारी ही चुनौती नहीं, बल्कि वारदात के पीछे की पूरी साजिश की कड़ियां जोड़ना भी जरूरी है। पहला सवाल यह है कि क्या हत्या की वजह केवल 50 लाख रुपए का संपत्ति विवाद था या परिवार के भीतर कोई और रंजिश भी थी?, दूसरा, हर्ष ने फरारी के लिए पहले से कई यात्रा विकल्प क्यों तैयार किए थे? तीसरा, हत्या के बाद घर से निकाले गए आभूषण, नकदी और संपत्ति के दस्तावेज आखिर कहां हैं?
ताबड़तोड़ फ्लाइट के टिकट बुक किए
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों हत्याओं को अंजाम देने के बाद हर्ष ने घर की तलाशी ली। अलमारी से सोने के आभूषण और नकदी निकाल ली। हर्ष ने पहले से ही दिल्ली भागने के लिए ट्रेन की टिकिटें कर ली थी। दोनों रात को हर्षिता का शव ठिकाने लगाने वाले थे, लेकिन नाबालिग साथी अपने घर जाकर सो गया था।
इसलिए हर्ष शव को ठिकाने नहीं लगा पाया। अगली सुबह वह नाबालिग साथी को साथ में दिल्ली ले जाने के लिए लेने पहुंचा तो उसने जाने से इनकार कर दिया। इसके चलते हर्ष ने ताबड़तोड़ फ्लाइट के टिकट बुक किए और हत्याकांड का खुलासा होने से पहले इंदौर से बाहर निकल गया।
जयपुर और अंबाला में भी उसके होने की आशंका जताई गई है। डीसीपी नरेंद्र सिंह रावत के मुताबिक आरोपी की तलाश में तीन पुलिस टीमें लगी हैं। वारदात में शामिल नाबालिग साथी से पूछताछ की जा रही है।
संबंधित समाचार

इतिहास की रियासत पर लाखों रुपए खर्च:फिर भी नहीं संवरा राजमहल!

नशे की लत पूरी करने के लिए बना ड्रग्स सप्लायर:गार्डन के पास पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी; घेराबंदी कर पकड़ा

बचपन के मित्र के निधन से दुखी मंत्री मिलन समारोह में नहीं पहुंचे:मौन रखकर दी श्रद्धांजलि; हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में सादगी से हुआ आयोजन, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान

पहले भरोसा जीता, फिर 10 मोबाइल बेचकर रकम लेकर फरार:मार्केट में व्यापारी से धोखाधड़ी; आरोपी गिरफ्तार

ठंड भी रटलेबाजी पर उतारू है...!

घर के बाहर खड़ी कार का कांच फोड़कर भागा बदमाश:आरोपी की तलाश में फुटेज खंगाल रही पुलिस

599 मकानों पर कल से चलेगा बुलडोजर:हाईकोर्ट ने बुलडोजर पर रोक लगाने से किया इनकार

गर्लफ्रेंड को महंगा गिफ्ट देने के चक्कर में पहुंचा हवालात:आईफोन लेकर भागा तो बाजार में हुई धुनाई; व्यापारियों ने पीछा कर पकड़ा, पुलिस ने दर्ज किया चोरी का मामला

9 मकानों-दुकानों के बाधक हिस्सों पर चला बुलडोजर:40 साल पुरानी बसाहट के आगे सड़क विस्तार की राह खुली

वीडियो देखिये, निगम की कचरा गाड़ी ने सड़क को बनाया फिसलन का जाल:धड़ाधड़ गिरे वाहन चालक; हादसे रोकने के लिए सड़क पर डलवाया चूना, यातायात भी मोड़ा

खेतों में तैयार थी फसल:बारिश ने बिगाड़ दिया किसानों का हिसाब-किताब!

थाली में छोड़ गए जूठन, कालू खुद खाने बैठ गए:अन्नकूट में नसीहत बेअसर हुई; तो अपनाया अनोखा तरीका

पानी के लिए सड़क पर उतरे आक्रोशित रहवासी

ब्राउन शुगर लेकर घूम रहे दो तस्कर हुए गिरफ्तार

अहाते बंद तो अब कहीं भी...:खुल रहे शराब की बोतलों के ढक्कन?

बाल विवाह को दी चुनौती, दुनिया में छा गई इस जिले की बेटी:विश्व बाल दिवस पर मशहूर फुटबॉलर ने साझा की संघर्ष की कहानी

सत्ता और प्रशासनिक गलियारों में कई किस्से चर्चा का विषय:सौ करोड़ की जमीन से लेकर सट्टे के कथित नेटवर्क तक; बेशकीमती जमीन के सौदे से किसका नाम जुड़ा

चल रहे मेच के बीच होलकर स्टेडियम के बाहर मोबाइल पर सट्टे का खेल:दो वेबसाइट के जरिये चला रहे थे सट्टे का कारोबार

बड़वानी का चूड़ी वाला निकला ड्रग्स पैडलर:घबराने पर पकड़ाया आरोपी; 11 ग्राम माल के साथ गिरफ्तार

मसालों की खुशबू से महकती है रसोई अब महंगाई ने बिगाड़ा स्वाद:हल्दी का रंग चढ़ा, जीरे का तड़का महंगा; मसालों की कीमतों में उबाल
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!