घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब: उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का समापन
KHULASA FIRST
संवाददाता

मालवा में उतरा बिहार-पूर्वांचल... छठ के रंग में रंगा पूरा शहर
अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर मांगी खुशहाली
खुलासा फर्स्ट, इंदौर।
आज सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही छठ महापर्व का भावुकता के बीच समापन हुआ। विभिन्न छठ घाटों पर तड़के चार बजे से ही व्रतियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। दूध और गंगाजल से सूर्यदेव का अभिषेक कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
छठ गीतों की मधुर स्वर लहरियों और सूर्य उपासना के मंत्रों से सभी घाटों का वातावरण भक्तिमय हो उठा। अर्घ्य के बाद व्रतियों ने जलकुंडों से बाहर आकर सुहागिन महिलाओं को सिंदूर लगाया तथा ठेकुआ, फल और अन्य प्रसाद वितरित किया।
श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दरभंगा निवासी उषा झा साष्टांग दंडवत करते हुए छठ घाट पहुंचीं। उनकी यह कठिन साधना श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही। पूर्वोत्तर सांस्कृतिक संस्थान मध्य प्रदेश के महासचिव केके झा ने बताया कि छठ घाटों पर सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर चार दिवसीय अनुष्ठान पूर्ण किया।
प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने स्थानीय पार्षद सुरेश कुड़वारे के साथ निपानिया स्थित समर पार्क छठ घाट पर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया, वहीं सांसद शंकर लालवानी ने विजय नगर छठ घाट पर पूजा-अर्चना की।
संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर जगदीश सिंह ने कहा कि इस वर्ष छठ महापर्व में पूर्वांचलवासियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की। यह इस बात का प्रमाण है कि छठ अब केवल बिहार और पूर्वांचल के लोगों का पर्व नहीं, बल्कि इंदौर की साझा सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का प्रतीक बनता जा रहा है।
उगते सूर्य को अंतिम अर्घ्य देने के साथ ही चार दिनों की कठिन साधना पूरी हुई। घाटों पर एक-दूसरे को विदाई देते श्रद्धालुओं की आंखों में संतोष, श्रद्धा और अगले वर्ष फिर इसी उत्साह से मिलने की उम्मीद झलक रही थी।
डूबते सूरज की लालिमा, जलकुंडों में हाथ जोड़कर खड़ी व्रती महिलाएं, सिर पर प्रसाद से भरी बांस की टोकरी लिए घाटों की ओर बढ़ते परिजन और चारों तरफ गूंजते छठी मैया के पारंपरिक गीत...।
कल शाम इंदौर का नजारा कुछ ऐसा ही था। लोक आस्था के महापर्व छठ की भक्ति में पूरा शहर सराबोर नजर आया। 150 से अधिक छठ घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
विभिन्न छठ घाटों पर दोपहर तीन बजे से ही व्रतियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। अपराह्न चार बजे के बाद जलकुंडों में व्रतियों के उतरने का सिलसिला शुरू हुआ। सूर्यास्त से पहले ही घाटों के दोनों किनारों पर श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं।
घाटों पर बजते पारंपरिक गीतों के बीच बच्चों की चहल-पहल, परिजन की आवाजाही और महिलाओं के सामूहिक छठ गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इन घाटों पर उमड़ी सबसे अधिक रौनक- शहर के प्रमुख छठ पूजा स्थलों में स्कीम नंबर 54, अनुपम नगर, स्कीम नंबर 78, तुलसी नगर, समर पार्क, पिपलियापाला तालाब, बाणगंगा कुंड, पिपलियाहाना तालाब, टिगरिया बादशाह तालाब, सूर्य मंदिर (कैट रोड), सुखलिया, देवास नाका, मेघदूत नगर, शंखेश्वर सिटी, सिलिकॉन सिटी, एरोड्रम रोड, ड्रीम सिटी, शिप्रा और वक्रतुंड नगर सहित अनेक स्थानों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।
कई घाटों पर स्थानीय समितियों और सामाजिक संगठनों ने प्रकाश, स्वच्छता, पेयजल और सुरक्षा की व्यवस्थाएं की थीं। अनेक स्थानों पर रात में भजन संध्याओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी हुआ।
पारंपरिक छठ गीतों और भजनों की प्रस्तुतियों ने देर रात तक माहौल को भक्तिमय बनाए रखा। शहर के जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और व्रतियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
तालाब सूखे, घाट अधूरे, छठ श्रद्धालु हुए परेशान
छठ महापर्व की लोकप्रियता और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बावजूद स्थायी छठ घाटों के निर्माण की मांग अब तक पूरी नहीं हो सकी है। डेढ़ साल पहले बिहार दिवस पर की घोषणा के बावजूद टिगरिया बादशाह, पिपलियाहाना व निपानिया तालाब स्थायी छठ घाटों की बाट जोह रहे हैं।
इस वर्ष बारिश की कमी से पिपलियाहाना तालाब में पानी का स्तर बेहद कम हो गया, जिससे छठ व्रतियों को सूर्यदेव को अर्घ्य देने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रदेश में छठ महापर्व पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग भी पूरी नहीं हो सकी।
22 मार्च 2025 को बिहार दिवस पूर्वोत्तर सांस्कृतिक संस्थान के कार्यक्रम में टिगरिया बादशाह, अन्नपूर्णा व तीन तालाबों पर स्थायी छठ घाटों के निर्माण की घोषणा की गई थी।
अन्नपूर्णा तालाब पर कुछ स्थायी छठ घाट का निर्माण हुआ, लेकिन टिगरिया बादशाह वे अन्य प्रमुख तालाबों पर निर्माण नहीं हो पाया। खासकर पूर्वी क्षेत्र में स्थित निपानिया तालाब भी स्थायी छठ घाट की सुविधा से वंचित है।
पिपलियाहाना तालाब शहर के बड़े तालाबों में शामिल है। यह भी सूखने की स्थिति में है। परिणामस्वरूप छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को पर्याप्त जल की उपलब्धता और अर्घ्य देने के लिए उपयुक्त स्थान की समस्या से
जूझना पड़ा। हर वर्ष छठ महापर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन तालाबों पर पहुंचते हैं, लेकिन स्थायी घाटों के अभाव में अस्थायी व्यवस्थाओं के सहारे पूजा करनी पड़ती है।
पूर्वोत्तर सांस्कृतिक संस्थान मध्य प्रदेश लंबे समय से प्रदेश में छठ महापर्व पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग करता आ रहा है। संस्थान का कहना है कि देश के कई अन्य राज्यों में छठ महापर्व पर सार्वजनिक अवकाश की व्यवस्था है। मध्य प्रदेश में भी बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लाखों लोग निवास करते हैं।
इनके साथ ही स्थानीय स्तर पर भी छठ पूजा करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। चार दिवसीय इस महापर्व में नहाय-खाय, खरना, अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य और उदीयमान सूर्य को प्रातःकालीन अर्घ्य देने की परंपरा है। व्रतियों और उनके परिवारों को इन धार्मिक अनुष्ठानों में पूरी निष्ठा से शामिल होने के लिए अवकाश की आवश्यकता होती है।
इसके बावजूद प्रदेश सरकार की ओर से इस वर्ष भी सार्वजनिक अवकाश की कोई घोषणा नहीं की गई। पूर्वोत्तर सांस्कृतिक संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर जगदीश सिंह एवं महासचिव के.के. झा ने आशा व्यक्त की है कि प्रदेश सरकार मध्य प्रदेश में बसे प्रवासी समाज के साथ-साथ स्थानीय छठ श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए इस दिशा में ठोस निर्णय लेगी।
संबंधित समाचार

मशहूर पंजाबी गायक के चार्टर्ड प्लेन में दिखी इस प्रसिद्ध शायर की किताब:इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा की तस्वीर; इस किताब ने खींचा ध्यान

शाम होते ही जाम के जाल में फंसा इंदौर:दो प्रमुख मार्गों पर थमे वाहनों के पहिए; यातायात पुलिस की व्यवस्था पर उठे सवाल

ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने की कवायद:शहरों से कनेक्टिविटी होगी मजबूत; सांसद और विधायक ने किया शुभारंभ

मुख्य न्यायाधीश से कोर्ट में भिड़ा वकील:बोला- आप कुर्सी पर बैठने लायक नहीं; ईमानदारी पर भी उठाए सवाल

महापुरुषों की प्रतिमाओं को लेकर समय सीमा तय:इतने दिनों में स्थापित करने का लक्ष्य; 15 प्रमुख स्थानों पर व्यवस्थित होंगे लेफ्ट टर्न

वीडियो देखिये, सरकार का सख्त एक्शन:नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

दुकान लगाने से लेकर दोस्ती तुड़वाने तक वसूली का खेल:कहीं 10 हजार तो कहीं दो लाख के लिए की गई मारपीट

क्राइम ब्रांच ने अलग-अलग मामलों में दो फरार तस्करों को दबोचा:गांजा और ब्राउन शुगर के मामलों में सप्लाई चेन बनाकर की धरपकड़

कमिश्नरेट के सभी 32 थानों के कामकाज का हुआ मूल्यांकन:यह थाना फिर बना नंबर-1; यह थाना दूसरे और यह तीसरे स्थान पर

पार्षद पति पर पत्थरबाजी, प्रताड़ना व जमीन पर कब्जे के आरोप; अब वीडियो-साक्ष्य लेकर सामने आए वकील:26 दिसंबर, 2025 को परिवार पर हुए हमले में एफआईआर दर्ज नहीं होने का आरोप

29.80 लाख के भुगतान पर घिरी शांता स्वामी भार्गव:करोड़ों के कथित गबन में अब अफसर पर आरोप पत्र

पानी की बर्बादी पर नगर निगम का एक्शन:दो दिन तक समझाइश देने के बाद भी नहीं सुधरे हालात; काट दिए चालान

राजसी ठाट-बाट के साथ नगर भ्रमण पर निकले बाबा महाकाल:कार्तिक माह की पहली सवारी में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

SIR प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग से जवाब मांगने की तैयारी:चुनाव आयोग और विपक्षी दलों के बीच जारी विवाद अब सुप्रीम कोर्ट पहुंचा

शादी का वादा कर वीडियो एडिटर से दुष्कर्म:चार साल तक करता रहा शारीरिक शोषण

विक्रम यूनिवर्सिटी में NSUI का उग्र प्रदर्शन:कुलसचिव के सामने जूता लहराया; गेट पर बरसाईं लातें, कार्यालय की नेमप्लेट भी उखाड़ी

शादी का झांसा देकर विधवा से दुष्कर्म:खुद को कुंवारा बताकर महिला को जाल में फंसाया; फिर ऐसे हुआ खुलासा

समय-सीमा के पत्रों के निराकरण की समीक्षा बैठक:कलेक्टर ने दिखाए सख्त तेवर; लापरवाह अधिकारियों-कर्मचारियों पर गिरी गाज

बिग बी की पोस्ट से मची हलचल:प्रशंसकों को चिंता में डाल दिया; लोग इसका मतलब तलाशने लगे

पूर्व सीएसपी को हाईकोर्ट से बड़ा झटका:एफआईआर रद्द करने की याचिका खारिज
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!