कृष्णबाग की कार्रवाई की आड़ में अयोध्यापुरी के घरों पर भी चला प्रशासन का बुलडोजर: लोगों की चीख- न हमारा विवाद, न नोटिस, फिर किस बात की सजा?
KHULASA FIRST
संवाददाता

42 से अधिक मकान जमींदोज करने के बाद अयोध्यापुरी के पांच , कानों के फ्रंट भी तोड़े
श्रीराम बिल्डर को फायदा पहुंचाने के लिए अयोध्यापुरी के रहवासियों का नुकसान!
खुलासा फर्स्ट, इंदौर।
शहर में कानून के पालन का दावा करने वाले प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई अब सवालों के घेरे में है। कृष्णबाग कॉलोनी में न्यायालय के आदेश के पालन में 42 से अधिक मकानों को जमींदोज करने के बाद सोमवार को प्रशासनिक अमले ने पास की अयोध्यापुरी बसाहट में भी बुलडोजर पहुंचा दिया।
यहां भी भीमराव भिड़े, गणेश भार्गव, बाबूलाल सूर्यवंशी और सोनिया बरबेले सहित पांच मकानों के सामने के हिस्से तोड़ दिए गए। रहवासियों का आरोप है कि कृष्णबाग के विवाद की आड़ में उनके घरों पर भी प्रशासन ने मनमानी की।
न उनके मकान विवादित थे, न उन्हें कोई नोटिस मिला और न ही वे किसी कानूनी लड़ाई का हिस्सा थे। फिर भी उनके आशियानों के सामने के हिस्से तोड़ दिए गए।
रहवासियों के मुताबिक वर्ष 2024 में प्रशासन ने क्षेत्र का सीमांकन किया था। उस समय कन्हैयालाल यादव के मकान तक के रहवासियों को नोटिस दिए गए थे। उन्हीं मकानों को विवादित बताया गया था। अयोध्यापुरी के लोगों ने इसी सीमांकन को आधार मानकर अपने मकानों का निर्माण कराया। अब सोमवार को प्रशासनिक अमला पहुंचा और घरों के सामने के हिस्सों पर बुलडोजर चला दिया।
रहवासियों का सवाल है कि जब सीमांकन पहले ही हो चुका था तो अब दो साल बाद उनके मकानों को निशाना बनाने का आधार क्या है? क्या प्रशासन के लिए सीमांकन की कोई अहमियत नहीं या फिर नियमों की व्याख्या मौके और जरूरत के हिसाब से बदल जाती है?
प्रशासन हमारे साथ ज्यादती कर रहा है
रहवासियों ने एसडीएम घनश्याम धनगर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2024 में सीमांकन के दौरान उन्होंने बाउंड्रीवॉल बनाने की बात कही थी। सोमवार को तोड़फोड़ का विरोध करने पर कथित तौर पर धमकी दी गई कि विरोध किया तो पूरे मकान मलबे में तब्दील कर दिए जाएंगे।
लोगों का आरोप है कि श्रीराम बिल्डर को फायदा पहुंचाने के लिए प्रशासन उनके साथ ज्यादती कर रहा है। सरकारी अमले की इस कार्रवाई ने परिवारों को दहशत में डाल दिया है।
सीमांकन के बाद बनाया घर, अब उसी पर चला दिया बुलडोजर
रहवासी सूरज गोलिया ने बताया कि कृष्णबाग कॉलोनी का मामला विवादित और न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण अयोध्यापुरी के लोग पहले से ही डरे हुए थे। इसी वजह से उन्होंने अपने मकानों का निर्माण भी नहीं कराया था। वर्ष 2024 में सीमांकन होने के बाद ही निर्माण करवाया। इसके बावजूद अब मकानों के सामने के हिस्से तोड़ दिए गए।
उनका सवाल है कि प्रशासन के सीमांकन पर भरोसा करके घर बनाना ही यदि गलती थी तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है?
पांच फीट जगह छोड़ी, फिर भी नहीं बचा मकान का फ्रंट
रहवासी सीताराम राजोरिया ने बताया कि उन्होंने सड़क से पांच फीट की जगह छोड़कर मकान बनाया था। उनका घर किसी भी कार्रवाई की जद में नहीं आता था। इसके बावजूद तोड़फोड़ कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन श्रीराम बिल्डर को फायदा पहुंचाने के लिए काम कर रहा है।
अब सवाल यह है कि आम आदमी अपने घर के सामने जगह छोड़कर भी सुरक्षित नहीं है तो आखिर उसे किस नियम और सीमांकन पर भरोसा करना चाहिए?
न नोटिस, न विवाद से वास्ता, फिर भी घर पर चला बुलडोजर
रहवासी सोनियाबाई ने दर्द बयां करते हुए कहा कि उन्हें आज तक कोई नोटिस नहीं मिला। अयोध्यापुरी के लोगों ने न तो इस विवाद में कोई कानूनी लड़ाई लड़ी और न ही मकान खरीदने में मनोज नगर या श्रीराम बिल्डर से उनका कोई संबंध रहा। इसके बावजूद उनके घर का अगला हिस्सा तोड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि अयोध्यापुरी कॉलोनी नगर निगम के रिकॉर्ड में बाबा फरीदनगर-अयोध्यापुरी के नाम से दर्ज है।
उनका कहना है कि अब प्रशासन के सामने अपनी बात रखने में भी डर लगता है। कहीं विरोध करने पर बदले की भावना से पूरा मकान ही न तोड़ दिया जाए। जिन अधिकारियों से न्याय की उम्मीद होनी चाहिए उन्हीं के सामने अपनी पीड़ा बताने में लोग डर रहे हैं।
न्याय मांगने किसके दरवाजे पर जाएं?
अयोध्यापुरी के रहवासियों ने निष्पक्ष जांच, तोड़फोड़ का कानूनी आधार सार्वजनिक करने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका सवाल है कि यदि उनके मकान कार्रवाई की जद में थे तो पहले नोटिस क्यों नहीं दिया गया?, अपना पक्ष रखने का मौका क्यों नहीं मिला?, वर्ष 2024 में सीमांकन के बाद निर्माण कराया तो अब अचानक घरों के हिस्से तोड़ने की नौबत क्यों आई?
विडंबना देखिए, जिन लोगों ने प्रशासन के सीमांकन पर भरोसा करके अपने आशियाने बनाए, आज वही अपने घरों के टूटे हिस्से देखकर जवाब मांग रहे हैं। कानून का पालन कराने वाले अमले पर ही जब नियमों को ताक पर रखकर कार्रवाई करने के आरोप लगें तो जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। आखिर बुलडोजर चलाना जितना आसान है, उतना ही जरूरी यह बताना भी है कि किसके घर पर, किस आधार पर और किसकी जिम्मेदारी पर चलाया गया।
संबंधित समाचार

उजड़ी कृष्ण बाग कॉलोनी:बुलडोजर ने सिर्फ मकान नहीं तोड़े; कई परिवारों के सपने भी मलबे में दब गए

हमारी रजिस्ट्री कराने वाले कौन थे?:जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होगी; अब लोहे पर भंगार कबाड़ा कारोबारियों की नजर!

बकाया शुल्क नहीं चुकाने पर मीट की दुकान सील:बम्बई बाजार में गंदगी मिलने पर 2 हजार का जुर्माना

आज से शराब की सप्लाई के पहले गुणवत्ता जांच जरूरी:मध्य प्रदेश में शराब की हर खेप पर रहेगी नजर; रासायनिक जांच रिपोर्ट के बिना नहीं होगा वितरण

भारतीय किसान संघ का दो दिवसीय महिला सम्मेलन महेश्वर में संपन्न:किसान संगठन की मजबूती में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण

लापरवाह बाइक सवारों को बीच चौराहे रोककर काटा 1500 रुपए का चालान:चलती गाड़ी पर मोबाइल से बात करने; नो पार्किंग और अमानक नंबर प्लेट वालों पर भी हुई कार्रवाई

जैन समाज ने लिया 12 माह भोजनशाला चलाने का संकल्प:बड़ी संख्या में जैन समाजजन रहे मौजूद

गाड़ी निजी, ठाट सरकारी:इमरजेंसी लाइट लगाकर घूम रहा था; ट्रैफिक पुलिस ने दिया 3 हजार का झटका

भ्रष्ट वार्डन मंजुला जरिया सस्पेंड:शासकीय बालिका छात्रावास में रहते समय किया था भारी भ्रष्टाचार

ब्राउन शुगर के साथ दोबारा पकड़ाया:12 ग्राम माल जब्त

क्या विधायक और महापौर की सियासत में उलझी सब्जी मंडी:इतने विक्रेताओं के रोजगार पर आया संकट; एक-दूसरे के पाले में गेंद डालने का आरोप

शंका में विनय की हत्या दोस्त गिरफ्तार:पहचान छिपाने के लिए शव जलाया

करोड़ों की परियोजना का लोकार्पण:फिर भी खेत प्यासे; सूखने की कगार पर फसलें

सात फेरों के अगले दिन ही रिश्ते से इनकार:पत्नी बोली- मुझे अफसर से करनी थी शादी; पति ने लगाए ब्लैकमेलिंग के आरोप

सरकार की आंख की किरकिरी बने प्रह्लाद पांडे:तड़के गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस दंपति के तेवर देख उलटे पैर लौटी

वीडियो देखिये, लाखों खर्च कर खरीदीं ईवी गाड़ियां:अब पार्किंग में खड़ी-खड़ी हो रहीं कबाड़; स्मार्ट सिटी कार्यालय के बाहर धूल खा रहे इलेक्ट्रिक वाहन

रितेश-जेनेलिया की रोमांटिक तस्वीर ने ताजा कीं राहुल गांधी की बचपन की यादें:गाने के साथ लगाई इंस्टाग्राम स्टोरी; चर्चा में आया राजीव और सोनिया गांधी की जिंदगी से जुड़ा दिलचस्प किस्सा

बैतूल दौरे पर अजा आयोग अध्यक्ष के सख्त तेवर:बस्तियों से लेकर थाने तक जानी जमीनी हकीकत; धर्मांतरण की शिकायतों पर जांच के निर्देश

शिकायतकर्ता कोर्ट में पलट गया:अधिमान्य पत्रकार कार्ड की कूटरचना का आरोपी बरी

एक तरफ वायरल वीडियो, दूसरी तरफ कांग्रेस अध्यक्ष का इनकार:नेता प्रतिपक्ष पर लगे आरोपों को नकारा
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!