किसान के शव के साथ सड़क पर उतरे परिजन: चार घंटे बाद खुला जाम, पुलिस जांच पर टिकी निगाहें
KHULASA FIRST
संवाददाता

श्योपुर। धान बेचकर परिवार के लिए पैसे लेकर घर लौटने निकला किसान जिंदा वापस नहीं पहुंच सका। दो दिन पहले श्योपुर मंडी गए किसान बनवारी रजक का शव शनिवार सुबह एक खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों का आरोप है कि किसान की हत्या की गई है और धान बेचने से मिली रकम भी गायब है।
मौत की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं होने और हत्या का मामला दर्ज नहीं किए जाने से नाराज परिजनों तथा किसानों ने रविवार को शव एंबुलेंस में रखकर भोगीका तिराहे पर चक्काजाम कर दिया।
करीब चार घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ।
धान बेचने मंडी गए थे बनवारी, रास्ते में मिला मोबाइल
मानपुर थाना क्षेत्र के जैनी गांव निवासी किसान बनवारी रजक दो दिन पहले अपनी धान की उपज बेचने श्योपुर मंडी पहुंचे थे। धान बेचने के बाद वे घर के लिए रवाना हुए, लेकिन देर रात तक नहीं पहुंचे। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की तो मानपुर और जैनी गांव के बीच उनका मोबाइल फोन मिलने की जानकारी सामने आई।
शनिवार सुबह बावड़ी के माड़ स्थित एक खेत में बनवारी का शव मिला। इसके बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई।
उनका कहना है कि धान बेचने के बाद किसान के पास मौजूद रकम भी गायब है। हालांकि, किसान की मौत कैसे हुई और पैसे कहां गए, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है।
किसान के शव के साथ सड़क पर उतरे परिजन, हत्या का केस दर्ज करने की मांग
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की है, लेकिन परिजन इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि बनवारी की मौत सामान्य नहीं है। इसलिए हत्या का प्रकरण दर्ज कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए।
इसी मांग को लेकर रविवार को परिजन और बड़ी संख्या में किसान भोगीका तिराहे पर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने एंबुलेंस में किसान का शव रखकर रास्ता रोक दिया। चक्काजाम के कारण वाहनों की आवाजाही थम गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।
चार घंटे बाद खुला जाम, परिवार को एक लाख की सहायता का आश्वासन
प्रदर्शन के दौरान क्षेत्रीय विधायक बाबू जंडेल भी मौके पर पहुंचे। परिजनों की मांगों को लेकर चर्चा के बाद आर्थिक सहायता और मृतक की पत्नी को रोजगार दिलाने का आश्वासन दिया गया।
सरपंच रामोतार मीणा की ओर से 25 हजार रुपए, विधायक बाबू जंडेल की ओर से 50 हजार रुपए और रेडक्रॉस की ओर से 25 हजार रुपए की सहायता देने की बात कही गई।
इस तरह परिवार को कुल एक लाख रुपए की आर्थिक मदद का आश्वासन मिला। इसके अलावा मृतक किसान की पत्नी को आउटसोर्स के माध्यम से नौकरी दिलाने का भरोसा भी दिलाया गया।
इन आश्वासनों के बाद परिजनों और किसानों ने करीब चार घंटे से जारी चक्काजाम समाप्त कर दिया। इसके बाद भोगीका तिराहे पर यातायात सामान्य हो सका।
किसान की मौत का रहस्य बरकरार, पुलिस जांच पर टिकी निगाहें
आर्थिक सहायता और नौकरी के आश्वासन से प्रदर्शन तो समाप्त हो गया, लेकिन बनवारी रजक की मौत से जुड़े सवाल अब भी अनसुलझे हैं। धान बेचकर लौटते समय किसान के साथ क्या हुआ? उसका मोबाइल रास्ते में कैसे मिला? खेत में शव किन परिस्थितियों में पहुंचा और उपज बेचने से मिली रकम कहां गई?
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है। हत्या की आशंका पर अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है। परिजन मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज करने की मांग पर कायम हैं। अब पुलिस जांच से ही स्पष्ट होगा कि किसान बनवारी रजक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
संबंधित समाचार

रात दो बजे आरक्षक को लगी गोली:न हमलावर का पता, न वजह का खुलासा!

क्या डीजीपी कैलाश मकवाना का कार्यकाल तीन महीने बढ़ जाएगा:राज्य सरकार ने भेजा केंद्र को प्रस्ताव

इतिहास की रियासत पर लाखों रुपए खर्च:फिर भी नहीं संवरा राजमहल!

नशे की लत पूरी करने के लिए बना ड्रग्स सप्लायर:गार्डन के पास पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी; घेराबंदी कर पकड़ा

बचपन के मित्र के निधन से दुखी मंत्री मिलन समारोह में नहीं पहुंचे:मौन रखकर दी श्रद्धांजलि; हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में सादगी से हुआ आयोजन, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान

पहले भरोसा जीता, फिर 10 मोबाइल बेचकर रकम लेकर फरार:मार्केट में व्यापारी से धोखाधड़ी; आरोपी गिरफ्तार

ठंड भी रटलेबाजी पर उतारू है...!

घर के बाहर खड़ी कार का कांच फोड़कर भागा बदमाश:आरोपी की तलाश में फुटेज खंगाल रही पुलिस

599 मकानों पर कल से चलेगा बुलडोजर:हाईकोर्ट ने बुलडोजर पर रोक लगाने से किया इनकार

गर्लफ्रेंड को महंगा गिफ्ट देने के चक्कर में पहुंचा हवालात:आईफोन लेकर भागा तो बाजार में हुई धुनाई; व्यापारियों ने पीछा कर पकड़ा, पुलिस ने दर्ज किया चोरी का मामला

9 मकानों-दुकानों के बाधक हिस्सों पर चला बुलडोजर:40 साल पुरानी बसाहट के आगे सड़क विस्तार की राह खुली

वीडियो देखिये, निगम की कचरा गाड़ी ने सड़क को बनाया फिसलन का जाल:धड़ाधड़ गिरे वाहन चालक; हादसे रोकने के लिए सड़क पर डलवाया चूना, यातायात भी मोड़ा

खेतों में तैयार थी फसल:बारिश ने बिगाड़ दिया किसानों का हिसाब-किताब!

थाली में छोड़ गए जूठन, कालू खुद खाने बैठ गए:अन्नकूट में नसीहत बेअसर हुई; तो अपनाया अनोखा तरीका

पानी के लिए सड़क पर उतरे आक्रोशित रहवासी

ब्राउन शुगर लेकर घूम रहे दो तस्कर हुए गिरफ्तार

अहाते बंद तो अब कहीं भी...:खुल रहे शराब की बोतलों के ढक्कन?

बाल विवाह को दी चुनौती, दुनिया में छा गई इस जिले की बेटी:विश्व बाल दिवस पर मशहूर फुटबॉलर ने साझा की संघर्ष की कहानी

सत्ता और प्रशासनिक गलियारों में कई किस्से चर्चा का विषय:सौ करोड़ की जमीन से लेकर सट्टे के कथित नेटवर्क तक; बेशकीमती जमीन के सौदे से किसका नाम जुड़ा

क्या 50 लाख के लिए ही गोद लिए बेटे ने कर दी बाप-बेटी की हत्या:तलाश में तीन टीमें जुटीं; दो कत्ल की थ्योरी पर चाचा ने उठाए सवाल
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!