खबर
Top News

विश्व प्रसिद्ध मंदिर में नियमों पर दोहरा रवैया: संत की जांच और विधायक पुत्र को खुली छूट; एक साल में तीन बार बनाई रील

Khulasa First

KHULASA FIRST

संवाददाता

15 नवंबर 2026, 12:50 pm
शेयर करें:
विश्व प्रसिद्ध मंदिर में नियमों पर दोहरा रवैया

खुलासा फर्स्ट, उज्जैन।
विश्वप्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में मोबाइल ले जाने और वीडियो बनाने पर प्रतिबंध के नियम आखिर किसके लिए हैं? क्या ये नियम केवल आम श्रद्धालुओं और संतों पर लागू होते हैं, जबकि रसूखदारों को खुली छूट है?

यह सवाल इंदौर विधानसभा-3 के विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला की महाकाल मंदिर में बनाई गई रील सामने आने के बाद खड़ा हो गया है।

मंदिर परिसर में मोबाइल ले जाकर वीडियो बनाने के मामले में मंदिर प्रबंधन समिति ने रुद्राक्ष शुक्ला के वीआईपी दर्शन पर एक साल की रोक लगा दी है। लेकिन इस कार्रवाई ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के समान पालन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामले की सबसे बड़ी बात यह है कि जिस मंदिर में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महामंडलेश्वर महंत रविंद्र पुरी महाराज तक को मोबाइल जांच के नाम पर सुरक्षाकर्मियों ने रोक दिया था, उसी परिसर में विधायक पुत्र के वीडियो बनते रहे।

वायरल रील में सुरक्षाकर्मी रुद्राक्ष के सामने झुककर अभिवादन करते और हाथ मिलाते दिखाई दे रहे हैं। वहीं उनके साथ आए लोग मंदिर परिसर में फोटो और वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं।

मामला सार्वजनिक होने के बाद मंदिर प्रशासन ने कार्रवाई की, लेकिन अब सवाल उठ रहा है कि नियम तोड़ने पर क्या केवल वीआईपी दर्शन की सुविधा रोकना पर्याप्त है?

महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अपर कलेक्टर एवं प्रशासक ने 14 नवंबर 2026 को रुद्राक्ष शुक्ला के खिलाफ आदेश जारी किया। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि मंदिर के आंतरिक परिसर में मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित है। इस संबंध में वर्ष 2022 और अगस्त 2026 में भी आदेश जारी किए जा चुके हैं।

इसके बावजूद रुद्राक्ष शुक्ला ने मंदिर के प्रतिबंधित आंतरिक परिसर में मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाए। मामला सामने आने के बाद मंदिर प्रबंधन समिति ने उन्हें एक साल तक मंदिर के सभी विशेष दर्शन मार्गों से प्रवेश देने पर रोक लगा दी।

हालांकि, इस प्रतिबंध के बाद भी रुद्राक्ष आम श्रद्धालुओं की तरह सामान्य दर्शन कर सकेंगे। आदेश में एक और बात ध्यान देने वाली है। इसमें उनके पिता विधायक गोलू शुक्ला का नाम तक दर्ज नहीं किया गया है। न ही कोई ऐसी जानकारी दी गई है, जिससे उनकी सार्वजनिक पहचान का उल्लेख हो।

इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा चर्चा मंदिर प्रशासन के दोहरे रवैये को लेकर हो रही है। दरअसल, 6 नवंबर को अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महामंडलेश्वर महंत रविंद्र पुरी महाराज महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे। इस दौरान चांदी गेट पर सुरक्षाकर्मियों ने मोबाइल जांच के नाम पर उन्हें और उनके साथ आए लोगों को काफी देर तक रोककर रखा।

इतना ही नहीं, जगदीश भट्ट नाम के कर्मचारी ने उनके झोले की भी तलाशी ली। इस घटना को लेकर संत समाज में नाराजगी की स्थिति बनी थी।

दूसरी ओर विधायक पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला की वायरल रील में सुरक्षाकर्मियों का व्यवहार बिल्कुल अलग दिखाई देता है। वीडियो में सुरक्षाकर्मी उनके सामने झुककर नमस्ते करते और हाथ मिलाते नजर आते हैं। रुद्राक्ष मंदिर परिसर में घूमते दिखाई देते हैं और उनके साथ आए लोग मोबाइल से वीडियो बनाते रहते हैं।

यही अंतर अब मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। जब मोबाइल प्रतिबंधित है तो फिर किसी को भी इस नियम से छूट कैसे मिल सकती है?

रुद्राक्ष शुक्ला के मामले में मंदिर प्रबंधन समिति ने एक साल तक विशेष दर्शन मार्ग से प्रवेश प्रतिबंधित करने का आदेश जारी किया है। लेकिन इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई।

इससे कार्रवाई की गंभीरता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आम श्रद्धालु मंदिर के प्रतिबंधित क्षेत्र में मोबाइल लेकर पहुंच जाए या वीडियो बनाने लगे तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की आशंका रहती है। ऐसे में रसूखदार परिवार से जुड़े व्यक्ति के मामले में केवल वीआईपी दर्शन पर रोक लगाना क्या पर्याप्त कार्रवाई है?

वीआईपी प्रोटोकॉल के तहत श्रद्धालु 250 रुपए की रसीद कटवाकर अलग मार्ग से दर्शन कर सकते हैं। हालांकि, आरोप लगते रहे हैं कि प्रभावशाली लोग कई बार बिना निर्धारित प्रक्रिया अपनाए भी विशेष प्रवेश हासिल कर लेते हैं। ऐसे में सवाल है कि जब किसी व्यक्ति पर वीआईपी दर्शन का प्रतिबंध लगाया गया है तो क्या यह व्यवस्था वास्तव में लागू हो पाएगी?

रुद्राक्ष शुक्ला की महाकाल मंदिर में रील बनाने का यह पहला मामला नहीं है। उनके सोशल मीडिया अकाउंट की पड़ताल में पिछले एक साल के दौरान मंदिर परिसर के अंदर बनाई गई तीन रील सामने आई हैं।

इनमें अक्टूबर 2025 और जून 2025 की रील भी शामिल हैं। यानी मंदिर के आंतरिक परिसर में मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध के बावजूद अलग-अलग मौकों पर वीडियो बनाए जाते रहे।

उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर मंदिर के अंदर की तस्वीरें भी बड़ी संख्या में मौजूद हैं। नववर्ष, महाशिवरात्रि, विधायक गोलू शुक्ला का जन्मदिन और माता-पिता की शादी की सालगिरह जैसे अवसरों पर मंदिर परिसर की तस्वीरें पोस्ट की गई हैं।

इससे सवाल उठता है कि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और मोबाइल प्रतिबंध को लागू करने वाले कर्मचारियों की निगरानी आखिर किस स्तर पर की जा रही थी?

मंदिर समिति की ओर से एक साल के प्रतिबंध का आदेश जारी होने के बाद रुद्राक्ष शुक्ला ने सोशल मीडिया पर भगवान महाकाल के प्रति अपनी आस्था जताते हुए दो तस्वीरें पोस्ट कीं।

एक तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, 'आप थे और आप रहोगे प्रभु।' वहीं दूसरी तस्वीर के साथ लिखा, 'दीवाना हूं महाकाल का, उज्जैन के सरकार का। भोले बाबा मेरे हैं और मैं बेटा हूं महाकाल का।'

इन पोस्ट के बाद भी मंदिर परिसर में नियमों के पालन और कार्रवाई की निष्पक्षता को लेकर बहस जारी है।

रुद्राक्ष शुक्ला इससे पहले भी महाकाल मंदिर में विवादों को लेकर चर्चा में रहे हैं। कुछ महीने पहले भस्म आरती के दौरान विधायक गोलू शुक्ला के दोनों बेटों को लेकर विवाद सामने आया था।

आरोप था कि विधायक के बेटे अजनेश ने गर्भगृह में प्रवेश करने की कोशिश की थी। उस समय विधायक गोलू शुक्ला और उनके दोनों बेटे रुद्राक्ष तथा अजनेश मंदिर में मौजूद थे।

गर्भगृह की चौखट पर मंदिर समिति के कर्मचारी आशीष दुबे की ड्यूटी थी। बताया गया कि विधायक गोलू शुक्ला और उनके बेटे अजनेश गर्भगृह तक पहुंच गए, जबकि कर्मचारी ने रुद्राक्ष को रोक दिया।

इसी दौरान विधायक ने रुद्राक्ष को भी अंदर आने के लिए कहा। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर रुद्राक्ष ने कर्मचारी आशीष दुबे के साथ अभद्रता की। उन पर कर्मचारी का गला पकड़कर धक्का देने और इसके बाद गर्भगृह में प्रवेश करने का आरोप लगा था।

रुद्राक्ष शुक्ला का नाम इससे पहले भी धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों से जुड़े विवादों में सामने आ चुका है। इनमें तीन मामले विशेष रूप से चर्चा में रहे हैं।

1. देवास माता टेकरी पर पुजारी से विवाद
अप्रैल 2025 में रुद्राक्ष शुक्ला आधी रात को करीब दर्जनभर कारों के काफिले के साथ देवास स्थित माता टेकरी पहुंचे थे। आरोप था कि मंदिर में प्रवेश के दौरान उन्होंने पुजारी के साथ मारपीट की। मामले में केस दर्ज हुआ था। बाद में रुद्राक्ष ने पुजारी से माफी मांगी थी।

2. खजराना मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश
इंदौर के खजराना गणेश मंदिर में भी रुद्राक्ष और उनके छोटे भाई अजनेश के गर्भगृह में प्रवेश को लेकर चर्चा हुई थी। अजनेश ने मंदिर के गर्भगृह में ही शादी की रस्म निभाई थी। इस दौरान वर-वधू ने एक-दूसरे को माला भी पहनाई थी। इस मामले में भी कोई कार्रवाई सामने नहीं आई।

3. बीआरटीएस कॉरिडोर में कारों का काफिला
सितंबर 2024 में रुद्राक्ष शुक्ला कारों के काफिले के साथ इंदौर के बीआरटीएस कॉरिडोर में प्रवेश कर गए थे, जबकि वहां कारों का प्रवेश प्रतिबंधित था। इस मामले में भी कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठे थे। उस समय कैमरे खराब होने और रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई थी।

मंदिर प्रशासन की कार्रवाई पर उठे बड़े सवाल
महाकाल मंदिर में मोबाइल ले जाने और वीडियो बनाने पर प्रतिबंध का उद्देश्य मंदिर की धार्मिक गरिमा, सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखना है। ऐसे में नियमों का पालन हर श्रद्धालु के लिए समान रूप से जरूरी है।

महामंडलेश्वर रविंद्र पुरी महाराज को जांच के नाम पर रोकना और दूसरी तरफ विधायक पुत्र के वीडियो में सुरक्षाकर्मियों का अलग व्यवहार दिखाई देना, मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

रुद्राक्ष शुक्ला पर एक साल के लिए वीआईपी दर्शन का प्रतिबंध लगाया गया है, लेकिन इस कार्रवाई से कुछ बुनियादी सवाल अब भी कायम हैं। मंदिर के भीतर मोबाइल कैसे पहुंचा?

प्रतिबंधित क्षेत्र में वीडियो बनाने वालों को सुरक्षाकर्मियों ने क्यों नहीं रोका? क्या केवल वीआईपी दर्शन पर रोक लगाना पर्याप्त है? और सबसे बड़ा सवाल यह कि महाकाल के दरबार में नियम सभी के लिए एक समान कब लागू होंगे?

संबंधित समाचार

गौरव दिवस पर राज्यपाल ने जनजातीय परिजनों के साथ किया भोजन
Top News

गौरव दिवस पर राज्यपाल ने जनजातीय परिजनों के साथ किया भोजन:केंद्रीय राज्यमंत्री भी रहीं मौजूद; बाजरे और ज्वार की रोटी के साथ पारंपरिक भाजी का लिया लुत्फ

about 6 hours ago
ऑपरेशन मिडनाइट
Top News

ऑपरेशन मिडनाइट:1419 बदमाश चेक; 722 पर कार्रवाई, 289 नशेड़ी चालक पकड़े, 294 वारंट तामील, ड्रोन से निगरानी, नशाखोरी पर भी प्रहार

about 6 hours ago
बेटी के नाम संपत्ति करवाकर दो करोड़ हड़पने वाला अब रिमांड पर
Top News

बेटी के नाम संपत्ति करवाकर दो करोड़ हड़पने वाला अब रिमांड पर:खरीदार को न कब्जा दिया न ही रकम लौटाई; भाई और बेटी की भूमिका भी तलाश रही पुलिस

about 6 hours ago
सीलिंग की जमीन पर श्रीराम बिल्डर्स का मालिकाना हक कैसे
Top News

सीलिंग की जमीन पर श्रीराम बिल्डर्स का मालिकाना हक कैसे:एक तरफ जमीन के पुराने दस्तावेजों पर सवाल; दूसरी तरफ हाईकोर्ट का बिल्डर के पक्ष में आदेश

about 6 hours ago
सेना की 3100 KM की अनोखी हवाई मुहिम
Top News

सेना की 3100 KM की अनोखी हवाई मुहिम:पहली बार नेशनल हाईवे पर उतरेंगे माइक्रोलाइट विमान; समुद्र के ऊपर भी भरेंगे उड़ान

about 6 hours ago
टीआई हत्याकांड मामला
Top News

टीआई हत्याकांड मामला:ट्रक ड्राइवर ने हादसे के बाद सरगना को किया था फोन; हरदा से गुजरात तक फैला था नेटवर्क

about 7 hours ago
तीन घंटे किसकी निगरानी में रहा रामराजा सरकार का खजाना
Top News

तीन घंटे किसकी निगरानी में रहा रामराजा सरकार का खजाना:कलेक्टर से सीसीटीवी फुटेज; अधिकारियों की सूची और कार्रवाई के दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग

about 7 hours ago
पुलिस ने बॉलीवुड हस्तियों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की
Top News

पुलिस ने बॉलीवुड हस्तियों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की:गैंगस्टर की धमकियों के बीच बढ़ाई गई सतर्कता

about 7 hours ago
क्रांतिसूर्य का जीवन, संघर्ष, चेतना व अन्याय के विरुद्ध लड़ाई का प्रतीक
Top News

क्रांतिसूर्य का जीवन, संघर्ष, चेतना व अन्याय के विरुद्ध लड़ाई का प्रतीक:जनजातीय गौरव सप्ताह; टंट्या मामा की प्रतिमा पर स्वच्छता अभियान

about 7 hours ago
नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व हुआ प्रारंभ, आज होगा खरना
Top News

नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व हुआ प्रारंभ, आज होगा खरना:कल अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य; लौकी-भात के सात्विक प्रसाद से शुरू हुई व्रत-साधना

about 7 hours ago
इंटरनेशनल ठगी रैकेट का खुलासा
Top News

इंटरनेशनल ठगी रैकेट का खुलासा:ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर लगाया लोगों को चूना; लंदन के नंबर से चल रहा था खेल, दो युवक गिरफ्तार

about 7 hours ago
मेट्रो के समय में बदलाव
Top News

मेट्रो के समय में बदलाव:इस दिन से लागू होगा नया शेड्यूल; यात्रा से पहले जान लें पहली और आखिरी ट्रेन का समय

about 7 hours ago
जमीन विवाद में देवर ने पार की रिश्तों की हदें
Top News

जमीन विवाद में देवर ने पार की रिश्तों की हदें:पुरानी रंजिश के चलते अपनी ही भाभी की निजता से किया खिलवाड़; आरोपी हिरासत में

about 7 hours ago
गुंडों के आगे सदर बाजार पुलिस ने डाले हथियार
Top News

गुंडों के आगे सदर बाजार पुलिस ने डाले हथियार:महिलाओं को पीटने के घंटों बाद चार बदमाशों पर दर्ज किया केस; घर में घुसकर बच्चों को भी धमकाने का आरोप

about 7 hours ago
धनकुबेर निकला SDO
Top News

धनकुबेर निकला SDO:अब तक इतने करोड़ की संपत्ति मिली; आय से 560% ज्यादा होने का आकलन

about 7 hours ago
महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों का हंगामा
Top News

महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों का हंगामा:लाठी-डंडों से डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के चैंबर के कांच फोड़े

about 7 hours ago
4.5 किलो गांजे के मामले का फरार आरोपी हुआ गिरफ्तार
Top News

4.5 किलो गांजे के मामले का फरार आरोपी हुआ गिरफ्तार

about 7 hours ago
बाइक चोर का निकाला जुलूस
Top News

बाइक चोर का निकाला जुलूस:बीच सड़क पर लगवाई उठक-बैठक; जेवर बेचने पहुंचे दो बदमाश भी गिरफ्तार

about 7 hours ago
वीडियो देखिये, इस पार्टी के पुतला दहन के दौरान बड़ा हादसा
Top News

वीडियो देखिये, इस पार्टी के पुतला दहन के दौरान बड़ा हादसा:आग बुझाते समय पुलिसकर्मी झुलसा; कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज, अस्पताल पहुंचे SP

about 8 hours ago
15 हजार रुपए का था सौदा
Top News

15 हजार रुपए का था सौदा:12 हजार लेते पंचायत सचिव गिरफ्तार; लाइसेंस पर दस्तखत के लिए मांगी रिश्वत

about 8 hours ago

टिप्पणियाँ

अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!