मंडी पर चला निगम का डंडा: निगम की ‘सफाई’ में उजड़ी मंडी से सड़क तो खाली हुई; पर दुकानदारों के रोजगार का रास्ता कहां?
KHULASA FIRST
संवाददाता

फूटी कोठी पर 300 से ज्यादा दुकानें हटाईं, विरोध के बीच पुलिस के साए में चली जेसीबी और जब्ती की कार्रवाई
नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने महापौर को घेरा, बोलीं- गरीबों पर अत्याचार, मल्टियों वालों से किसका मोह?
खुलासा फर्स्ट, इंदौर।
कार्रवाई के दौरान व्यापारियों ने जमकर विरोध किया। सड़क पर बैठकर नारेबाजी की, अधिकारियों से बहस हुई और निगम के वाहनों को रोकने की कोशिश भी की गई। निगम की नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट व्यापारियों के समर्थन में पहुंचीं।
उन्होंने अधिकारियों को फोन लगाकर कार्रवाई रोकने की चेतावनी दी। जब बात नहीं बनी तो व्यापारियों के साथ सड़क पर बैठ गईं। अधिकारियों के सामने हाथ जोड़कर भी गुहार लगाई, लेकिन निगम की कार्रवाई नहीं रुकी। आखिरकार पुलिस ने उन्हें प्रदर्शन स्थल से अलग किया और रिमूवल टीम अपना अभियान पूरा करने में जुट गई।
महापौर पर सीधा हमला, बोलीं- गरीबों को हटाने में इतनी तत्परता क्यों?
मिमरोट ने आरोप लगाया कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव गरीब सब्जी विक्रेताओं के साथ किए गए वादे भूल गए हैं। मल्टियों से जुड़े लोगों के साथ लेन-देन और गरीबों पर अत्याचार किए जाने के आरोप भी लगाए। उनका सवाल था कि जब इसी जगह मंडी लगाने को लेकर पहले आश्वासन दिए गए थे, तो अब दुकानदारों को हटाने की नौबत क्यों आई?
उन्होंने निगम अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि ठेले और सामान जब्त करने का विरोध होगा। दुकानदारों का रोजगार छिनता देख वह भावुक हो गईं। उन्होंने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि जब्त सामान वापस दिलाने के लिए आवाज उठाई जाएगी।
शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने का दावा करने वाला नगर निगम एक बार फिर अपनी कार्रवाई को लेकर सवालों में है। इस बार निशाने पर फूटी कोठी चौराहा की सालों पुरानी सब्जी मंडी रही। शनिवार सुबह निगम का अमला पुलिस बल के साथ पहुंचा और देखते ही देखते 300 से ज्यादा फल-सब्जी की दुकानें व ठेले हटवा दिए। निगम ने इसे यातायात सुधारने की कार्रवाई बताया, लेकिन मौके पर जो तस्वीर बनी, उसमें एक तरफ सड़क खाली कराने की जिद थी तो दूसरी तरफ रोज कमाकर परिवार चलाने वाले दुकानदारों की बेबसी।
एक महीने पहले टली कार्रवाई, फिर भी स्थायी व्यवस्था नहीं?
निगम की कार्रवाई अचानक नहीं हुई। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक मंडी हटाने की तैयारी पहले से चल रही थी। करीब एक महीने पहले प्रस्तावित कार्रवाई त्योहारों के कारण टाल दी गई थी। इसके बाद दुकानदारों को मुनादी के जरिये हटने की सूचना दी गई।
व्यापारियों ने पहले महापौर निवास पहुंचकर भी अपनी परेशानी बताई थी। इसके बावजूद शनिवार को निगम का अमला पुलिस बल के साथ पहुंच गया। यहां सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब निगम को पहले से पता था कि इस मंडी में 300 से ज्यादा दुकानदार कारोबार करते हैं, तो सभी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कितनी तैयार थी? केवल दूसरी जगह का नाम बता देना और वहां कारोबार चलने लायक जगह उपलब्ध कराना, दोनों अलग बातें हैं।
एमआर-6 में जगह देने की बात, व्यापारी बोले- ग्राहक कहां से आएंगे
निगम की ओर से दुकानदारों को एमआर-6 क्षेत्र में स्थान देने की बात कही जा रही है, लेकिन व्यापारियों को यह व्यवस्था मंजूर नहीं है। उनका कहना है कि वहां सभी दुकानदारों के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। सड़क और दूसरी सुविधाओं को लेकर भी परेशानियां हैं।
सबसे बड़ी चिंता ग्राहकी की है। वर्षों से फूटी कोठी क्षेत्र में दुकानें लगाने के कारण उनकी पहचान और ग्राहक इसी इलाके से जुड़े हैं। नई जगह पर कारोबार दोबारा जमाने में समय लगेगा। व्यापारियों की मांग है कि फूटी कोठी ब्रिज के नीचे खाली बोगदों में हॉकर जोन बनाया जाए। इससे यातायात भी व्यवस्थित रह सकता है और दुकानदारों का रोजगार भी बच सकता है।
मंडी हटते ही सर्विस रोड चौड़ी, लेकिन सवालों की लगी कतार
निगम का तर्क है कि फूटी कोठी ब्रिज के पास सर्विस रोड पर बड़ी संख्या में अस्थायी दुकानें लगने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती थी। शाम के समय जाम की स्थिति बनती थी और वाहन चालकों को निकलने में परेशानी होती थी।
निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश और अपर आयुक्त आकाश सिंह के निर्देशन में रिमूवल विभाग ने कार्रवाई की। रिमूवल अधिकारी शिवराज यादव के मुताबिक 300 से अधिक अस्थायी फल-सब्जी की दुकानों को हटाया गया। अभियान में सहायक रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे सहित निगम और पुलिस का अमला मौजूद रहा।
निगम के वाहन की चाबी निकाली, पुलिस ने संभाला मोर्चा
कार्रवाई के दौरान विरोध ने कई बार तनावपूर्ण रूप ले लिया। निगम की टीम जब ठेले और सामान वाहनों में रखवाने लगी तो कुछ महिलाएं गाड़ियों के सामने खड़ी हो गईं। एक महिला ने विरोध में निगम के वाहन की चाबी निकाल ली।
हालांकि कुछ देर बाद चाबी वापस कर दी गई। इसके बाद पुलिस ने स्थिति संभाली। महिला पुलिसकर्मियों ने नेता प्रतिपक्ष को भी कार्रवाई स्थल से अलग किया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में निगम की टीम ने दुकानें हटाने का काम जारी रखा।
कांग्रेस ने भी पकड़ा मुद्दा, आगे आंदोलन की तैयारी
कार्रवाई के बाद कांग्रेस नेताओं ने भी व्यापारियों के समर्थन में मोर्चा खोला। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, पार्षद राजू भदौरिया और अन्य कार्यकर्ता रात में मौके पर पहुंचे। उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ कर निगम के खिलाफ विरोध जताया।
सोशल एक्टिविस्ट प्रह्लाद पांडे भी व्यापारियों के समर्थन में उतरे। उन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया था। रिहाई के बाद वह फिर मौके पर पहुंचकर धरने पर बैठ गए। कांग्रेस की ओर से इस मामले को आगे भी उठाने के संकेत दिए गए हैं। अब निगम के सामने दोहरी जिम्मेदारी है।
सर्विस रोड पर यातायात बाधित न हो, यह जरूरी है; लेकिन गरीब दुकानदारों को बेरोजगार करके व्यवस्था सुधारने का दावा भी अधूरा रहेगा। निगम ने कुछ घंटों में 300 से ज्यादा दुकानें हटा दीं। अब देखना यह है कि इन परिवारों को कारोबार के लिए जगह देने में कितनी तत्परता दिखाई जाती है।
संबंधित समाचार

रात दो बजे आरक्षक को लगी गोली:न हमलावर का पता, न वजह का खुलासा!

क्या डीजीपी कैलाश मकवाना का कार्यकाल तीन महीने बढ़ जाएगा:राज्य सरकार ने भेजा केंद्र को प्रस्ताव

इतिहास की रियासत पर लाखों रुपए खर्च:फिर भी नहीं संवरा राजमहल!

नशे की लत पूरी करने के लिए बना ड्रग्स सप्लायर:गार्डन के पास पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी; घेराबंदी कर पकड़ा

बचपन के मित्र के निधन से दुखी मंत्री मिलन समारोह में नहीं पहुंचे:मौन रखकर दी श्रद्धांजलि; हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में सादगी से हुआ आयोजन, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान

पहले भरोसा जीता, फिर 10 मोबाइल बेचकर रकम लेकर फरार:मार्केट में व्यापारी से धोखाधड़ी; आरोपी गिरफ्तार

ठंड भी रटलेबाजी पर उतारू है...!

घर के बाहर खड़ी कार का कांच फोड़कर भागा बदमाश:आरोपी की तलाश में फुटेज खंगाल रही पुलिस

599 मकानों पर कल से चलेगा बुलडोजर:हाईकोर्ट ने बुलडोजर पर रोक लगाने से किया इनकार

गर्लफ्रेंड को महंगा गिफ्ट देने के चक्कर में पहुंचा हवालात:आईफोन लेकर भागा तो बाजार में हुई धुनाई; व्यापारियों ने पीछा कर पकड़ा, पुलिस ने दर्ज किया चोरी का मामला

9 मकानों-दुकानों के बाधक हिस्सों पर चला बुलडोजर:40 साल पुरानी बसाहट के आगे सड़क विस्तार की राह खुली

वीडियो देखिये, निगम की कचरा गाड़ी ने सड़क को बनाया फिसलन का जाल:धड़ाधड़ गिरे वाहन चालक; हादसे रोकने के लिए सड़क पर डलवाया चूना, यातायात भी मोड़ा

खेतों में तैयार थी फसल:बारिश ने बिगाड़ दिया किसानों का हिसाब-किताब!

थाली में छोड़ गए जूठन, कालू खुद खाने बैठ गए:अन्नकूट में नसीहत बेअसर हुई; तो अपनाया अनोखा तरीका

पानी के लिए सड़क पर उतरे आक्रोशित रहवासी

ब्राउन शुगर लेकर घूम रहे दो तस्कर हुए गिरफ्तार

अहाते बंद तो अब कहीं भी...:खुल रहे शराब की बोतलों के ढक्कन?

बाल विवाह को दी चुनौती, दुनिया में छा गई इस जिले की बेटी:विश्व बाल दिवस पर मशहूर फुटबॉलर ने साझा की संघर्ष की कहानी

सत्ता और प्रशासनिक गलियारों में कई किस्से चर्चा का विषय:सौ करोड़ की जमीन से लेकर सट्टे के कथित नेटवर्क तक; बेशकीमती जमीन के सौदे से किसका नाम जुड़ा

क्या 50 लाख के लिए ही गोद लिए बेटे ने कर दी बाप-बेटी की हत्या:तलाश में तीन टीमें जुटीं; दो कत्ल की थ्योरी पर चाचा ने उठाए सवाल
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!