निगम ने वसूला टैक्स...23 साल बाद 42 मकानों पर बुलडोजर: भू-माफियाओं ने बसा दी कॉलोनी; 16 कमिश्नर और दर्जनभर अफसरों की जवाबदेही कहां?
KHULASA FIRST
संवाददाता

खुलासा फर्स्ट, इंदौर।
कृष्णबाग में 42 मकानों पर बुलडोजर चल गया, परिवारों के आशियाने उजड़ गए, जिंदगीभर की जमा पूंजी मलबे में बदल गई, लेकिन इस कार्रवाई के बाद सबसे बड़ा सवाल नगर निगम और जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों पर खड़ा हो गया है। आखिर विवादित जमीन पर 23 साल तक प्लॉटिंग कैसे होती रही?, मकान कैसे बनते रहे?,
कॉलोनी कैसे आबाद होती गई? और सरकारी विभाग किस काम में व्यस्त रहे? जमीन के कारोबार से जुड़े श्रीराम बिल्डर, मनोज नागर, राजेश राठौर और कमल सोलंकी की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जमीन की खरीद-फरोख्त, प्लॉटिंग, दस्तावेजों और निर्माण से इनके संबंधों की निष्पक्ष जांच होना चाहिए।
किसने जमीन बेची, किसने प्लॉट काटे, किसने खरीदारों को सौदे कराए और किस आधार पर जमीन को बेचने योग्य बताया गया? इन सवालों का जवाब सामने आना चाहिए।
जमीन बेचने वालों की कमाई, खरीदारों की बर्बादी!
कृष्णबाग में वर्षों तक जमीन के सौदे हुए, प्लॉट बिके और परिवारों ने अपनी जमा पूंजी लगाकर मकान बनाए। अब सवाल है कि यदि जमीन विवादित थी तो खरीद-बिक्री के समय इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई?, प्लॉट बेचने वालों ने खरीदारों को कौन से दस्तावेज दिखाए?, जमीन की स्थिति छिपाई गई थी तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है?
जमीन का सौदा करने वालों की भूमिका की जांच किए बिना सिर्फ मकान तोड़ देना समस्या का पूरा समाधान नहीं हो सकता। यह भी पता लगना चाहिए कि प्लॉटों की बिक्री से किसे कितना फायदा हुआ और खरीदारों को हुए नुकसान की जिम्मेदारी किस पर बनती है।
निगम को टैक्स चाहिए था, वैधता की जांच से परहेज क्यों?
नगर निगम के राजस्व विभाग में हरि सिंह चौहान, ऋषि दुबे, अभय त्रिपाठी, परागी गोयल और राजेश परमार सहित कई अधिकारी अलग-अलग समय पर पदस्थ रहे। इनके कार्यकाल में संपत्तियों के संपत्ति कर खाते खुले और टैक्स वसूला गया।
नगर निगम से सीधा सवाल है कि जब मकान मौजूद थे, उनका रिकॉर्ड तैयार था और टैक्स वसूला जा रहा था तो उनकी वैधता की जांच क्यों नहीं हुई? क्या संपत्ति कर का खाता खोलने से पहले जमीन और निर्माण संबंधी दस्तावेजों की पड़ताल नहीं होनी चाहिए थी?
यदि जांच हुई तो उसकी रिपोर्ट कहां है?, यदि नहीं हुई तो जिम्मेदार कौन है? मकान खड़े हुए तो विभागों को उनकी भनक नहीं लगी, लेकिन टैक्स वसूलने की बारी आई तो संपत्तियां रिकॉर्ड में दर्ज हो गईं। अब मकान टूटने के बाद जवाबदेही की फाइल किस टेबल पर है?
इतने सालों तक किसका इंतजार था?
भवन निर्माण की निगरानी और अवैध निर्माण रोकने की जिम्मेदारी संभालने वाले हरभजन सिंह, सुभाष चौहान, अनूप गोयल और असित खरे सहित कई अधिकारी शहर और संबंधित जोन में पदस्थ रहे। मकान रातोरात खड़े नहीं हुए। निर्माण के लिए सामग्री आई, मजदूर लगे, दीवारें उठीं, छतें डलीं और परिवार रहने लगे।
इतने लंबे समय तक यह सब होता रहा तो संबंधित जोन का अमला क्या कर रहा था?, निर्माण की जानकारी किसे थी?, किसी ने नोटिस दिया तो उस पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?, यदि कार्रवाई नहीं हुई तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही क्यों नहीं तय की गई?
16 कमिश्नर आए-गए, मगर सिस्टम की नींद नहीं टूटी!
वर्ष 2003 से 2026 के बीच नीतेश व्यास से लेकर वर्तमान आयुक्त क्षितिज सिंघल तक 16 नगर निगम आयुक्त पदस्थ रहे। भवन अनुज्ञा, राजस्व और जोन स्तर पर अधिकारियों की नियुक्तियां भी बदलती रहीं। इसके बावजूद विवादित जमीन पर निर्माण और बसाहट का सिलसिला जारी रहा। अब निगम को कार्यकालवार रिकॉर्ड सामने रखना चाहिए।
किस आयुक्त के समय कितने मकान बने?, किसके कार्यकाल में संपत्ति कर खाते खोले गए?, किस अधिकारी ने निर्माण की जांच की?, कितनी शिकायतें आईं और कितनों पर कार्रवाई हुई?, केवल अधिकारियों की सूची गिनाने से जवाबदेही तय नहीं होगी।
बुलडोजर चलाने में तेजी, जिम्मेदारों की जांच में ढिलाई क्यों?
कृष्णबाग में 42 मकानों पर कार्रवाई हो चुकी है, लेकिन इस पूरे प्रकरण में जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों, प्लॉटिंग कराने वालों, दस्तावेज तैयार करने वालों और निगम के संबंधित विभागों की भूमिका की जांच जरूरी है। श्रीराम बिल्डर, मनोज नागर, राजेश राठौर और कमल सोलंकी से जुड़े जमीन के सौदों और दस्तावेजों की पड़ताल की जाए।
यह स्पष्ट किया जाए कि इनका कृष्णबाग की जमीन और प्लॉटिंग से क्या संबंध रहा। संबंधित पक्षों का जवाब भी जांच में दर्ज किया जाए। इसी तरह राजस्व और भवन अनुज्ञा विभाग के अधिकारियों के कार्यकाल का रिकॉर्ड खंगाला जाए। जांच में यह भी सामने आना चाहिए कि जमीन की वास्तविक स्थिति क्या थी, प्लॉटों की बिक्री किन दस्तावेजों के आधार पर हुई, संपत्तियों के खाते किस प्रक्रिया से खुले और अवैध निर्माण रोकने के लिए किस स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई।
अब सवालों से नहीं, कार्रवाई से जवाब देना होगा!
कृष्णबाग का मामला केवल 42 मकानों के टूटने तक सीमित नहीं है। यह जमीन के कारोबार, सरकारी निगरानी और नगर निगम की जवाबदेही की परीक्षा है। अगर प्लॉटिंग में गड़बड़ी हुई तो उसकी जांच हो। अगर किसी ने गलत दस्तावेजों के आधार पर सौदे किए तो कार्रवाई हो। अगर अधिकारियों ने शिकायतों की अनदेखी की या जिम्मेदारी नहीं निभाई तो उनके खिलाफ भी विभागीय जांच और नियमानुसार कार्रवाई हो।
रहवासियों के घरों पर बुलडोजर चल गया, लेकिन जमीन के सौदों और सरकारी रिकॉर्ड की पूरी कहानी अभी सामने आनी बाकी है। आखिर 23 साल तक कॉलोनी बसाने वालों को रोकने वाला कोई नहीं था? टैक्स लेने वाला निगम अब अपनी जिम्मेदारी से कैसे बच सकता है? और जिन लोगों के घर टूट गए, उन्हें इस पूरी व्यवस्था की चूक का खामियाजा अकेले क्यों भुगतना पड़ा?
संबंधित समाचार

खड़े हनुमान प्रतिमा में दिखी दरार:भक्तों में भारी आक्रोश

हंगामे से विचलित नहीं हुए सीएम:सुनी युवती की बात; भाजपा कार्यकर्ता बनकर पहुंची थी बैठक में

लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई:SDM कार्यालय के बाबू पर रिश्वत मांगने के आरोप; केस दर्ज

19 अपराधों से लदे कालू पेट्रोल को फिर भेजा जेल:हत्या के मामले में मिली जमानत हाई कोर्ट ने की निरस्त

कार के आर्म रेस्ट बॉक्स में छिपा रखी थी एमडी ड्रग्स:दो शाहरुख से डेढ़ लाख का माल जब्त

कपड़ा कारोबारी को सब्सिडी वाला लोन दिलाने का कहकर लिया था झांसे में:63 लाख रुपए हड़प गए जैन बंधु; क्राइम ब्रांच में शिकायत

शहर में चोरों की धमाचौकड़ी, टांडा-बाग के तीन गिरफ्तार:कहीं खड़ी बाइक गायब; कहीं घर-दुकान में हुई चोरी

विबग्योर स्कूल के विद्यार्थियों ने जाना ट्रैफिक साथी एप का महत्व:पुलिस ने हेलमेट-सीट बेल्ट और ई-चालान की दी जानकारी

प्रतिबंधित सड़कों पर ई-रिक्शा दौड़ाया तो खैर नहीं:ट्रैफिक पुलिस ने चौराहों पर ई-रिक्शा चालकों को समझाए नियम

तीन साल बाद फिर मुंबई इंडियंस की कमान संभालेंगे रोहित शर्मा:हार्दिक पंड्या की जगह बने कप्तान; 5 IPL खिताब जिताए

दोहरे हत्याकांड में हर्ष की चालाकी का हुआ खुलासा:दिल्ली का टिकट, देवास में उतरा; फिर इंदौर लौटा कातिल

देखिये वीडियो, सब्जी मंडी के लिए सड़क पर उतरी कांग्रेस:प्रदेश अध्यक्ष बोले- गोलियां मारना चाहते हो तो मारो; हम तैयार हैं, गरीबों की रोजी-रोटी पर लात मारी

खंडेलवाल का कांग्रेस पर तीखा वार:बोले- बाबा साहब को चुनाव हराने वाले आज संविधान बचाने की बात कर रहे

देखिये वीडियो, सब्जी मंडी विवाद:कांग्रेस का प्रदर्शन; प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी सड़क पर उतरे, पुलिस से धक्का-मुक्की, डंडा छीनने की कोशिश

जीवाजी यूनिवर्सिटी में छात्रों की जेब पर डाका:अंतिम तारीख से पहले ही लेट फीस की वसूली

ग्वालियर में 11 महीने में डेंगू-मलेरिया के 390 मरीज:कीवी और बकरी के दूध की बढ़ी मांग

देखिये वीडियो, सब्जी मंडी विवाद ने पकड़ा जोर:कांग्रेस का पैदल मार्च; दुकान लगाने पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, बैरिकेडिंग से यातायात प्रभावित, वाहन रेंगते नजर आए

रेलवे कर्मचारी ने शादी का सपना दिखाकर बनाए संबंध:विरोध किया तो जान से मारने की धमकी

सब्जी मंडी विवाद में आज फिर टकराव के आसार:प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष खुद लगाएंगे दुकान; पुलिस ने की बैरिकेडिंग

तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर:तीन लोग घायल; चालक वाहन मौके पर छोड़कर भागा
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!