खबर
Top News

45 घर टूटे, 45 सपने दफन... बिलखते रहे परिवार: उजड़े आशियाने; जिंदगीभर की कमाई चंद मिनटों में मिट्‌टी बनी

Khulasa First

KHULASA FIRST

संवाददाता

23 नवंबर 2026, 5:00 pm
शेयर करें:
45 घर टूटे,  45 सपने दफन... बिलखते रहे परिवार

किसी की जमा पूंजी, किसी का सपना उजड़ा, मकानों पर चला बुलडोजर

बुजुर्ग रहवासी शीतला प्रसाद पाल बुलडोजर से मकान जमींदोज होने के बाद फूूट-फूूटकर रोने लगे

अब सामान के साथ खुले में बैठने को मजबूर

कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा

20 साल पुराने घरों से बेघर होने के बाद आंसू आ गए

खुलासा फर्स्ट, इंदौर।
खजराना की कृष्णबाग कॉलोनी में सोमवार सुबह बुलडोजर ने कई परिवारों के वर्षों पुराने सपनों को मलबे में बदल दिया। सुबह 6 बजे भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अमले के साथ नगर निगम की रिमूवल टीम पहुंची। इसके बाद पोकलेन और जेसीबी मशीनों ने मकानों को ढहाना शुरू कर दिया।

किसी ने जिंदगीभर की कमाई लगाकर घर बनाया था, तो किसी ने बैंक से कर्ज लेकर अपने परिवार के लिए छत तैयार की थी। कुछ ही देर में वे मकान जमीन पर बिखर गए, जिनसे परिवारों की यादें और उम्मीदें जुड़ी थीं। घर टूटते देख महिलाएं राजकुमारी, बुलबुल, वर्षा, खुशी आदि 20 साल पुराने घरों से बेघर होने पर फूट-फूटकर रोती रहीं। बुजुर्ग शीतलप्रसाद और बच्चे बेबस खड़े अपने आशियाने उजड़ते देखते रहे। इसके बाद फूट-फूटकर रो पड़े।

कृष्णबाग में कुल 71 मकानों पर कार्रवाई प्रस्तावित थी। रहवासियों के मुताबिक चार अलग-अलग याचिकाओं में 23 मकानों को न्यायालय से स्थगन आदेश मिलने के कारण फिलहाल राहत मिली। शेष 48 मकानों को हटाने के लिए प्रशासन ने सुबह से अभियान चलाया।

निगम रिमूवल प्रभारी शिवराजसिंह यादव और बबलू कल्याणे के मुताबिक 10 पोकलेन, 10 जेसीबी और 300 से अधिक कर्मचारियों की मदद से कार्रवाई की गई। इस दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मकानों को तोड़ने का सिलसिला जारी रहा।

प्लॉट खरीदे, रजिस्ट्री कराई, फिर भी नहीं बचा घर; महिलाओं ने बिल्डरों को कोसा...कार्रवाई के बीच महिलाओं का आक्रोश श्रीराम बिल्डर और नागर बंधुओं के खिलाफ सामने आया। महिलाएं रोते हुए सवाल उठाती रहीं कि जब जमीन की खरीद-बिक्री हो रही थी, प्लॉट बेचे जा रहे थे और लोग रजिस्ट्री कराकर मकान बना रहे थे, तब उन्हें वास्तविक स्थिति क्यों नहीं बताई गई?

परिवारों ने अपनी जमा पूंजी लगाई, कर्ज लिया और एक-एक रुपया जोड़कर घर तैयार किया। अब जमीन के विवाद की कीमत उन्हें अपना आशियाना गंवाकर चुकानी पड़ रही है। रहवासी सोनू अहिरवार और श्यामलाल राठौर का कहना था कि लोगों ने जिंदगीभर की कमाई मकान बनाने और प्लॉट खरीदने में लगा दी। अब एक ही दिन में सबकुछ खत्म हो गया।

कई परिवारों के सामने किराए के मकान में रहने की मजबूरी है। महिलाओं का कहना है कि जमीन का विवाद था तो प्लॉट बेचने वालों ने पहले ही स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं की? अब मकान टूटने के बाद जिम्मेदारी लेने वाला कोई नजर नहीं आ रहा।

रातभर समेटते रहे सामान, सुबह मशीनों ने ढहा दिए मकान...प्रशासन ने कार्रवाई से एक दिन पहले रविवार को ही मकानों का चिह्नांकन कर दिया था। एसडीएम जूनी इंदौर घनश्याम धनगर राजस्व अधिकारियों, नगर निगम और पुलिस बल के साथ कॉलोनी पहुंचे थे।

टीम ने हटाए जाने वाले निर्माणों पर अलग-अलग निशान लगाए। न्यायालय से स्थगन आदेश प्राप्त मकानों की पहचान भी अलग रखी गई। इसके बाद मुनादी कराकर रहवासियों को मकान खाली करने की सूचना दी गई।

रविवार शाम से ही कॉलोनी में बेचैनी का माहौल बन गया। परिवारों ने रातभर गृहस्थी का सामान समेटा। अलमारी, पलंग, बर्तन, कपड़े, बच्चों की किताबें और जरूरी दस्तावेज दूसरे ठिकानों पर पहुंचाए गए। कई लोग किराए के मकान तलाशते रहे तो कुछ ने रिश्तेदारों के यहां सामान रखवाया।

सोमवार सुबह मशीनें पहुंचीं तो कई परिवारों के पास अपना घर टूटते देखने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। मकान तोड़ने से पहले निगम की टीम ने अंदर जाकर जांच की कि कोई व्यक्ति मौजूद तो नहीं है। जिन लोगों ने मकान खाली करने में देर की, उन्हें समझाकर बाहर निकाला। इसके बाद निर्माण हटाने की कार्रवाई की गई।

कलेक्टर के निर्देशन में 7 एसडीएम सहित 30 से ज्यादा अधिकारी तैनात... कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में पूरी कार्रवाई की प्रशासनिक व्यवस्था की गई थी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अलग-अलग मोर्चों पर निगरानी के लिए सात एसडीएम, एक संयुक्त कलेक्टर, दो डिप्टी कलेक्टर सहित राजस्व विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।

मौके पर एसडीएम जूनी इंदौर घनश्याम धनगर ने अभियान की कमान संभाली। उनके साथ एसडीएम निधि वर्मा, रोशनी पाटीदार, लोकेंद्रसिंह सरल, दीपक चौहान, हरिशंकर विश्वकर्मा और राहुल गुप्ता तैनात थे। संयुक्त कलेक्टर श्रुति अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर अलकासिंह वामनकर और रुचि जाट ने भी प्रशासनिक व्यवस्था संभाली। निगम की ओर से अपर आयुक्त आकाश सिंह, पुलिस के अमरेंद्र सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

इनके अलावा तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी और ग्राम कोटवारों को भी जिम्मेदारी दी गई थी। 30 से अधिक अधिकारियों के साथ 300 से ज्यादा निगमकर्मी अभियान में जुटे रहे।

पुलिस अधिकारियों की निगरानी में बड़ी संख्या में तैनाती की गई थी। विरोध और हंगामे की आशंका को देखते हुए पहले से सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई। किसी की तबीयत बिगड़ने या आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस भी मौके पर रखी गई थी।

2003 में खरीदी जमीन, 2026 में फिर पहुंचा मामला अदालत तक
कृष्णबाग कॉलोनी का विवाद ग्राम खजराना के सर्वे नंबर 66/2 (क) की 0.720 हेक्टेयर जमीन से जुड़ा है। वर्ष 2003 में श्रीराम बिल्डर्स ने यह जमीन पंजीकृत विक्रय-पत्र के जरिये खरीदी थी। बाद में जमीन पर कब्जे और निर्माण को लेकर विवाद शुरू हुआ। प्लॉट की खरीद-बिक्री के बाद यहां कई परिवारों ने मकान बना लिए।

मामला तहसीलदार, एसडीएम और राजस्व अधिकारियों से होता हुआ उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय तक पहुंचा। वर्ष 2018 में तहसीलदार ने अतिक्रमण हटाकर जमीन का कब्जा संबंधित भूमि स्वामी को सौंपने का आदेश दिया था। बाद में उच्च न्यायालय की खंडपीठ ने भी 25 अक्टूबर 2023 को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।

जून 2024 में सर्वोच्च न्यायालय में इस आदेश को चुनौती देने वाली याचिका खारिज हो गई। इसके बाद भी जमीन खाली नहीं होने पर श्रीराम बिल्डर्स की ओर से अवमानना याचिका दायर की गई। 27 अक्टूबर 2026 को उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति संदीप एन. भट्ट ने प्रशासनिक कार्रवाई करने और जमीन का कब्जा दिलाने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। इसी के पालन में 23 नवंबर को प्रशासन ने रिमूवल की कार्रवाई शुरू की।

अब जमीन का कब्जा सौंपने की तैयारी
प्रशासनिक कार्रवाई के बाद जमीन पूरी तरह खाली कराकर संबंधित भूमि स्वामी श्रीराम बिल्डर्स को कब्जा सौंपने की प्रक्रिया की जानी है। इसके लिए निर्माण हटाने के साथ आगे की कानूनी और राजस्व प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जमीन पर वर्षों से चले आ रहे विवाद का प्रशासनिक स्तर पर यह बड़ा कदम माना जा रहा है।

नए आशियाने की तलाश में उठी निगाहें
कृष्णबाग की गलियों में सोमवार को एक तरफ अदालत के आदेश का पालन कराता प्रशासन नजर आया, दूसरी तरफ अपने घर गंवा चुके परिवारों की आंखों में बेबसी थी। मकान टूटने के बाद अब उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती रहने की जगह तलाशने और जिंदगी को दोबारा पटरी पर लाने की है।

मकान बचाने मंत्री के घर गए तो सुरक्षाकर्मियों ने पीटा, मोबाइल भी छीन लिया
एमआर-10 स्थित कृष्णबाग कॉलोनी में नगर निगम की रिमूवल कार्रवाई के बाद बेघर हुए परिवारों का दर्द सामने आने लगा है। वर्षों की मेहनत और जमा पूंजी से खरीदे गए मकान को अपनी आंखों के सामने टूटता देख रहवासी राजेश बैरागी खुलासा फर्स्ट से बातचीत के दौरान फूट-फूटकर रो पड़े।

उन्होंने आरोप लगाया कि मकान बचाने के लिए पार्षद, विधायक, मुख्यमंत्री और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय तक गुहार लगाई, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। इतना ही नहीं, करीब चार साल पहले जब वे अपनी समस्या लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के निवास पहुंचे थे, तब वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उनके साथ मारपीट कर मोबाइल छीन लिया था।

हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मंत्री पक्ष की प्रतिक्रिया भी सामने नहीं आई है। कृष्णबाग कॉलोनी में सोमवार सुबह 7 बजे से नगर निगम ने 62 मकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की थी। कार्रवाई के दौरान एक बड़ा टावर भी धराशायी कर दिया गया, जबकि शुरुआती घंटों में 25 मकान तोड़े जा चुके थे। इसी कार्रवाई में राजेश बैरागी का मकान भी टूट गया। अब वे अपने परिवार और घरेलू सामान के साथ सड़क पर आ गए हैं।

2013 में खरीदा था मकान, पांच साल बाद पता चला संपत्ति में विवाद...राजेश बैरागी ने बताया कि उनका परिवार करीब 20 वर्षों से इस क्षेत्र में रह रहा है। उन्होंने वर्ष 2013 में राजेश राठौड़ नामक व्यक्ति से मकान खरीदा था। मकान की रजिस्ट्री उनके नाम पर है। नल कनेक्शन और जलकर सहित अन्य दस्तावेज भी उनके पास हैं। उनका कहना है कि मकान खरीदते समय उन्हें किसी तरह के विवाद की जानकारी नहीं दी गई थी।

बैरागी के अनुसार, मकान खरीदने के करीब पांच साल बाद उन्हें पता चला कि संपत्ति से संबंधित कोई कानूनी या प्रशासनिक समस्या है। इसके बाद से वे लगातार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के चक्कर काट रहे थे। उन्हें उम्मीद थी कि दस्तावेजों के आधार पर उनके मकान को बचाने का कोई रास्ता निकलेगा, लेकिन आखिरकार नगर निगम ने मकान तोड़ दिया।

बैरागी ने खुलासा फर्स्ट से बातचीत में आरोप लगाया कि करीब चार साल पहले वे अपनी समस्या लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के निवास पहुंचे थे। उनका उद्देश्य मकान बचाने के लिए मदद मांगना था, लेकिन वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की और मोबाइल फोन छीन लिया।

बैरागी का कहना है कि वे अपनी परेशानी जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाना चाहते थे, लेकिन उन्हें मदद नहीं मिली। उन्होंने इस घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि मकान बचाने के लिए वे हर संभव प्रयास कर चुके हैं।

हालांकि, सुरक्षाकर्मियों पर लगाए गए मारपीट और मोबाइल छीनने के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। राजेश बैरागी ने मुख्यमंत्री निवास पर जाने के दौरान भी पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने का आरोप लगाया।

उनके मुताबिक, वे अपनी समस्या लेकर रात के समय मुख्यमंत्री निवास पहुंचे थे। वहां से उन्हें पुलिस थाने ले जाया गया और करीब तीन से चार घंटे तक बैठाकर रखा गया। इसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया।

उन्होंने बताया कि मकान बचाने के लिए पार्षद से लेकर विधायक और मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। लगातार प्रयासों के बावजूद मकान नहीं बचने से वे बेहद निराश हैं।

रोते हुए बोले- मुफ्त में नहीं लिया था मकान, पैसे देकर खरीदा था...अपना मकान टूटने के बाद राजेश बैरागी बातचीत के दौरान भावुक हो गए। उन्होंने कहा, हमने फ्री में मकान नहीं लिया था, पैसे देकर लिया था। फिर भी सरकार हमारी सुन नहीं रही। हम कहां जाएं?

बैरागी ने अपने बच्चों के भविष्य को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा, हमारी तो कट गई, लेकिन हमारे बच्चों का क्या होगा? दोनों बच्चों की शादी नहीं हुई है, अब बेघर कर दिया। उनका कहना है कि जीवनभर की मेहनत से बनाया गया आशियाना टूटने के बाद परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। घर का सामान सड़क पर आ गया है और अब उन्हें समझ नहीं आ रहा कि परिवार को लेकर कहां जाएं।

संबंधित समाचार

वीडियो देखिये, पिता की जिंदगीभर की कमाई मलबे में दफन
Top News

वीडियो देखिये, पिता की जिंदगीभर की कमाई मलबे में दफन:टूटते मकान के साथ बिखर गए बेटी के सपने; कर्ज लेकर बनाया था घर, रजिस्ट्री कराई, वर्षों तक बिजली-पानी के बिल भरे

7 minutes ago
सड़क को समझ रखा था रेसिंग ट्रैक
Top News

सड़क को समझ रखा था रेसिंग ट्रैक:स्टंटबाजी कर खुद को बता रहे थे मिर्जापुर गैंग का सदस्य; थाने पहुंचते ही उतर गया हीरोपंती का भूत, कान पकड़कर मांगी माफी, घुटनों के बल भी चले

8 minutes ago
350 आरटीआई और 70 हजार पन्नों के बाद बदली सड़क की चौड़ाई
Top News

350 आरटीआई और 70 हजार पन्नों के बाद बदली सड़क की चौड़ाई:150 परिवारों को राहत

18 minutes ago
वॉट्सएप वेब इस्तेमाल करने वालों के लिए सरकार की बड़ी चेतावनी
Top News

वॉट्सएप वेब इस्तेमाल करने वालों के लिए सरकार की बड़ी चेतावनी:एक गलती से लीक हो सकती है गोपनीय जानकारी; गृह मंत्रालय की साइबर क्राइम यूनिट ने जारी की एडवाइजरी

20 minutes ago
MP बोर्ड 10वीं-12वीं की परीक्षा में बड़ा बदलाव
Top News

MP बोर्ड 10वीं-12वीं की परीक्षा में बड़ा बदलाव:अब इन सवालों में नहीं मिलेगा दूसरा विकल्प

20 minutes ago
गर्भ में थे जुड़वा बच्चे, एंबुलेंस का इंतजार करती रही गर्भवती महिला
Top News

गर्भ में थे जुड़वा बच्चे, एंबुलेंस का इंतजार करती रही गर्भवती महिला:बार-बार फोन लगाने के बावजूद नहीं पहुंची जननी एक्सप्रेस

31 minutes ago
हाय रे घर का कलेश!
Top News

हाय रे घर का कलेश!:बेटी को लेने आया पिता, विवाद में खुद को लगा ली आग

34 minutes ago
शहर में ट्रैफिक का बुरा हाल
Top News

शहर में ट्रैफिक का बुरा हाल:300 मीटर का सफर तय करने में लग रहे 15 मिनट; इस वजह से रोज जाम से जूझ रहे लोग

about 1 hour ago
महंगाई की आंच अब रोटी तक महीनेभर में गेहूं और आटा दोनों महंगे
Top News

महंगाई की आंच अब रोटी तक महीनेभर में गेहूं और आटा दोनों महंगे:महंगाई की चक्की में पिस रही आम जनता; गेहूं-आटे के दामों में उछाल

about 1 hour ago
ट्रैफिक नियम तोड़े तो घर पहुंचेगी पुलिस
Top News

ट्रैफिक नियम तोड़े तो घर पहुंचेगी पुलिस:कार्रवाई के लिए फोन बेअसर हुआ तो दरवाजे पर जाकर वसूला जुर्माना

about 1 hour ago
एक दिन पहले खरीदी कार
Top News

एक दिन पहले खरीदी कार:अगले ही दिन बुझ गया घर का इकलौता चिराग; नेपा नगर से लौटते समय सिमरोल बायपास पर दो कारों की आमने-सामने से भिड़ंत

about 1 hour ago
एंबुलेंस आई न ऑटो, मौत के बाद भी चार घंटे इंतजार...
Top News

एंबुलेंस आई न ऑटो, मौत के बाद भी चार घंटे इंतजार...:समाजसेवी ने ठेले से पहुंचाया अस्पताल महिला का शव

about 1 hour ago
वीडियो देखिये, सब्जी मंडी हटाने पर भड़का आक्रोश
Top News

वीडियो देखिये, सब्जी मंडी हटाने पर भड़का आक्रोश:कांग्रेस और सब्जी विक्रेताओं ने घेरा नगर निगम मुख्यालय; प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए मुख्य गेट पर बैरिकेडिंग, भारी पुलिस बल तैनात

about 1 hour ago
आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई
Top News

आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई:जमीन में गाड़कर रखा महुआ लहान किया नष्ट; खुदाई में निकले कई ड्रम

about 1 hour ago
नशेड़ी बना तस्कर, लत के लिए फैलाया कारोबार
Top News

नशेड़ी बना तस्कर, लत के लिए फैलाया कारोबार:खजराना पुलिस ने 2.20 लाख की 21 ग्राम से ज्यादा ड्रग्स के साथ दबोचा

about 1 hour ago
डीजे पर पाबंदी सिर्फ कागजों में
Top News

डीजे पर पाबंदी सिर्फ कागजों में:पब में रातभर धमाका; नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई से परहेज

about 2 hours ago
धोखे से दस मोबाइल ले जाकर डॉलर मार्केट में ही बेच देने वाला आरोपी पुलिस रिमांड पर
Top News

धोखे से दस मोबाइल ले जाकर डॉलर मार्केट में ही बेच देने वाला आरोपी पुलिस रिमांड पर:पांच महीने पहले हुई थी पहचान; नकद भुगतान कर बनाया था विश्वास

about 2 hours ago
गोलियां लॉरेंस गैंग ने चलाईं या छात्रों ने
Top News

गोलियां लॉरेंस गैंग ने चलाईं या छात्रों ने:आज गोधा फायरिंग का होगा खुलासा; SIT ने छात्रों की पहचान की

about 2 hours ago
गंभीर बीमारियों से जूझते मासूम को अब मिलेगा नया परिवार
Top News

गंभीर बीमारियों से जूझते मासूम को अब मिलेगा नया परिवार:इस देश का दंपति लेगा गोद; कलेक्टर ने दी मंजूरी

about 2 hours ago
क्रूज यात्रा के नाम पर इतने लाख की ठगी
Top News

क्रूज यात्रा के नाम पर इतने लाख की ठगी:इस शहर से महिला ट्रैवल एजेंट गिरफ्तार; सस्ते वीजा, होटल और एयर टिकट बुकिंग का दिया झांसा

about 2 hours ago

टिप्पणियाँ

अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!