इंदिरा गांधी से डरती थीं सोनिया गांधी, उन्हें ‘मां’ कहने में भी लगा वक्त: राजीव की मौत के बाद बदल गई पूरी जिंदगी
KHULASA FIRST
संवाददाता

सोनिया की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में परिवार के निजी जीवन से जुड़े कई खुलासे
सोनिया गांधी की किताब, राहुल गांधी का संस्मरण और सियासी संग्राम
1984 दंगे, बोफोर्स और नरसिम्हा राव से जुड़े सवालों पर चर्चा
खुलासा फर्स्ट।
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में गांधी परिवार के निजी जीवन से जुड़े कई ऐसे अनुभव साझा किए हैं, जिनके बारे में उन्होंने पहले सार्वजनिक रूप से विस्तार से बात नहीं की थी।
किताब के विमोचन के मौके पर सोनिया गांधी ने बताया कि शादी के शुरुआती दिनों में वह अपनी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से डरती थीं। उन्हें समझ नहीं आता था कि इंदिरा गांधी से किस तरह बात करें और उन्हें क्या कहकर संबोधित करें। यहां तक कि उन्हें ‘मां’ या ‘मम्मी’ कहने में भी काफी झिझक होती थी।
16 नवंबर को दिल्ली में आयोजित किताब के विमोचन कार्यक्रम में सोनिया गांधी के साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद थे। इस दौरान परिवार के निजी रिश्तों, इंदिरा गांधी के स्वभाव, राजीव गांधी के साथ अपने जीवन और परिवार पर आए दुखद दौर को लेकर कई बातें सामने आईं।
इंदिरा गांधी को ‘मां’ कहने में क्यों होती थी झिझक...सोनिया गांधी ने बताया कि शादी के बाद इंदिरा गांधी के साथ उनके रिश्ते की शुरुआत में काफी संकोच था। वह इंदिरा गांधी से प्रभावित भी थीं और उनसे थोड़ा डरती भी थीं।
इसकी एक वजह यह थी कि राजीव गांधी और संजय गांधी अपनी मां को ‘मां’ कहकर बुलाते थे। ऐसे में सोनिया से भी यही उम्मीद की जाती थी कि वह उन्हें मां या मम्मी कहें, लेकिन सोनिया गांधी के लिए यह सहज नहीं था।
उन्होंने बताया कि उनके लिए मां का मतलब उनकी अपनी इतालवी मां थीं, इसलिए वह इंदिरा गांधी को शुरुआत में मां कहने के लिए तैयार नहीं थीं।
सोनिया गांधी ने कहा, मैं ऐसा बिल्कुल नहीं करने वाली थी, क्योंकि मेरे लिए तो मां सिर्फ एक थीं और वो मेरी मां थीं, मेरी इतालवी मां। मैं उन्हें अपनी मां नहीं कहने वाली थी।
उन्होंने बताया कि शुरुआत में वह इंदिरा गांधी से सीधे बात करने के बजाय ऐसे रास्ते तलाशती थीं, जिससे उन्हें मां कहे बिना अपनी बात कह सकें।
हालांकि, धीरे-धीरे जब वह इंदिरा गांधी को बेहतर तरीके से समझने लगीं, तो उन्हें मां कहने में सहजता महसूस होने लगी। सोनिया के मुताबिक, इस बदलाव में समय लगा।
इंदिरा के गुस्से पर चुप हो जाती थीं...सोनिया ने बताया कि कभी-कभी इंदिरा गांधी अपना आपा खो देती थीं। ऐसे समय में वह एकदम चुप हो जाती थीं और उन्हें अपने पिता की याद आने लगती थी।
उन्होंने यह भी बताया कि जब इंदिरा गांधी गुस्से में होती थीं, तब राजीव गांधी और संजय गांधी भी चुपचाप बैठकर उनका गुस्सा शांत होने का इंतजार करते थे। हालांकि, राहुल और प्रियंका गांधी के जन्म के बाद इंदिरा गांधी के व्यवहार में बदलाव आया।
सोनिया गांधी ने कहा कि बच्चों के आने के बाद उनकी सास पहले से अधिक नरम हो गई थीं। उनके मुताबिक, दादी-नानी बच्चों के जन्म के बाद अक्सर ज्यादा संवेदनशील और समझदार हो जाती हैं।
इंदिरा और राजीव गांधी की हत्या से जुड़ी यादें लिखना था मुश्किल... सोनिया गांधी ने बताया कि किताब लिखते समय बचपन और जवानी के दिनों से जुड़ी यादों को शब्दों में ढालना उनके लिए अपेक्षाकृत आसान था।
इस दौरान उन्हें कई ऐसी बातें भी याद आईं, जिनके बारे में उन्होंने वर्षों से सोचा तक नहीं था, लेकिन इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या से जुड़े अध्याय लिखना उनके लिए बेहद मुश्किल अनुभव रहा।
उन्होंने कहा कि अपनी सास और फिर अपने पति को खोने का दर्द इतना गहरा था कि उस समय वह सदमे में थीं। उस दौर की कुछ बातें उनके जेहन से धुंधली हो गई थीं।
सोनिया के मुताबिक राजीव गांधी से पहली मुलाकात और बच्चों के जन्म से जुड़ी यादों को लिखना आसान था, लेकिन दोनों हत्याओं से जुड़े पलों को दोबारा याद करना उनके लिए बेहद पीड़ादायक था।
‘एक दिन में सब कुछ गायब हो गया’...राहुल ने अपने माता-पिता के रिश्ते को याद करते हुए कहा कि दोनों के बीच बहुत गहरा प्यार था। उन्होंने कहा यह अद्भुत जिंदगी थी, उनके बीच अद्भुत प्यार था।
और एक दिन में यह सब गायब हो गया। राजीव गांधी के जाने के बाद सोनिया गांधी की जिंदगी पूरी तरह बदल गई। उनके मुताबिक यह उनकी मां के लिए बेहद डरावना दौर था। राहुल ने कहा कि उनके पिता के जाने के बाद पहले जैसी हंसती-खेलती और मुस्कुराती मां की जगह एक नई मां सामने आईं।
उन्होंने किताब के शीर्षक ‘बिलॉन्गिंग’ का जिक्र करते हुए कहा कि सोनिया गांधी और राजीव गांधी एक-दूसरे के जीवन का अहम हिस्सा थे। राजीव गांधी के जाने के बाद सोनिया को जिंदगी का एक नया सफर शुरू करना पड़ा।
आलोचनाओं को भी जरूरी मानती हैं सोनिया गांधी....किताब को मिल रही प्रतिक्रियाओं पर सोनिया गांधी ने कहा कि लोगों का प्यार और अपनापन देखकर वह अभिभूत हैं।
उन्होंने किताब खरीदने वाले पाठकों के साथ-साथ आलोचकों की प्रतिक्रियाओं को भी महत्वपूर्ण बताया। सोनिया ने कहा कि आलोचना जरूरी है।
हालांकि, उनके मुताबिक कुछ आलोचनाएं दुर्भावना से प्रेरित होती हैं, जबकि कुछ लोग वास्तविक रूप से अपनी राय रखते हैं और बताते हैं कि उन्हें किताब में क्या सही लगा और क्या नहीं।
एक सप्ताह से कम समय में बिकीं दो लाख से ज्यादा प्रतियां...सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ 10 नवंबर 2026 को बाजार में आई थी, जबकि 16 नवंबर को दिल्ली में इसका औपचारिक विमोचन किया गया।
कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां शामिल हुईं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और डिंपल यादव भी कार्यक्रम में मौजूद थे। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही।
प्रकाशक के मुताबिक किताब के बाजार में आने के एक सप्ताह से भी कम समय में इसकी दो लाख से अधिक प्रतियां बिक चुकी थीं। किताब को लेकर राजनीतिक विवाद भी सामने आया।
बीजेपी ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने परिवार और कांग्रेस के इतिहास से जुड़े विवादित प्रसंगों को अपने पक्ष में पेश करने की कोशिश की है। बीजेपी प्रवक्ता सीआर केसवन ने इसे इतिहास पर पर्दा डालने की कोशिश बताया और आपातकाल तथा 1984 के सिख विरोधी दंगों का हवाला दिया।
वहीं, कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी की आलोचना को राजनीतिक हमला बताते हुए कहा कि यह सोनिया गांधी की निजी यादों और अनुभवों पर आधारित किताब है।
राहुल गांधी बोले- मां की जिंदगी से मुस्कुराहट गायब हो गई
किताब के विमोचन के दौरान राहुल गांधी ने भी परिवार पर आए दुखद दौर और अपनी मां की जिंदगी में हुए बदलाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि परिवार ने पहले इंदिरा गांधी को खोया और फिर राजीव गांधी को।
दोनों ही परिवार के लिए बड़े सहारे थे। राहुल ने कहा अचानक हमने अपने सहारे (इंदिरा गांधी) को गोली लगते देखा और फिर हमने अपने सबसे बड़े सहारे (राजीव गांधी) को खो दिया। राहुल ने बताया कि वह अक्सर अपनी मां से पिता की मौत के समय की घटनाओं के बारे में बात करते हैं।
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी की याददाश्त बहुत अच्छी है और वह आमतौर पर कुछ नहीं भूलतीं, लेकिन जब उनसे पूछा जाता है कि राजीव गांधी की मौत के समय क्या हुआ था, तो उन्हें कुछ याद नहीं आता। राहुल के मुताबिक, किताब में उस दौर से जुड़ी यादों को उनकी बहन प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी ने मिलकर जोड़ा है।
परिवार के बारे में फैली गलत बातों को बताने के लिए लिखी किताब
सोनिया गांधी ने किताब लिखने की वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के बारे में लंबे समय से कई ऐसी बातें कही जाती रही हैं जिनका वास्तविक जीवन से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने कहा कि उनकी सास, पति, बेटे-बेटी और खुद उनके बारे में भी कई गलत कहानियां गढ़ी गईं। ऐसी बातें कही गईं, जिनसे उन्हें तकलीफ पहुंची और जिनका सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं था।
सोनिया गांधी के मुताबिक, उन्होंने सोचा कि किताब के माध्यम से वह अपनी भावनाएं सामने रख सकती हैं और अपने परिवार के बारे में वह सब बता सकती हैं, जो वह खुद जानती हैं। उन्हें उम्मीद थी कि शायद लोग उनकी कहानी सुनने के लिए तैयार होंगे।
कांग्रेस प्रवक्ताओं सहित पार्टी का एक वर्ग लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान का बचाव कर रहा है। उनके मुताबिक, राहुल गांधी ने अपनी मां और कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी की किताब के विमोचन के अवसर पर जो कुछ कहा, वह उनके माता-पिता के बीच प्रेम की सहज अभिव्यक्ति है। इसे तुच्छ राजनीतिक नजरिये से देखने के बजाय पारिवारिक संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
सो निया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ को आत्मकथा के रूप में पुस्तक की बिक्री के लिहाज से सफल माना जा सकता है। किसी किताब की दो लाख से अधिक प्रतियों का लगभग एक सप्ताह में बिक जाना इसकी पुष्टि करता है।
आत्मकथा के विमोचन के अवसर पर राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के रिश्ते से जुड़ा बचपन का एक ऐसा संस्मरण साझा किया, जिसने किताब पर चल रही चर्चा और विवाद से कहीं ज्यादा सुर्खियां बटोरीं।
भाजपा ने इसी बयान को आधार बनाकर राहुल गांधी की नेता के तौर पर परिपक्वता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए जबकि कांग्रेस लगातार इसका बचाव कर रही है।
राहुल गांधी ने अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी के वैवाहिक जीवन से जुड़ी बचपन की एक याद साझा की।
अंग्रेजी में बात करते हुए अपने संस्मरण में उन्होंने बताया कि उनके घर में भोजन के समय पिता मौजूद होते थे और मां उनकी गोद में बैठी होती थीं। राहुल के मुताबिक, बचपन में उन्हें यह बिल्कुल सामान्य लगता था। लेकिन जब वह दोस्तों के घर जाते और वहां उनके माता-पिता को इस तरह नहीं देखते, तो उन्हें आश्चर्य होता था कि दूसरे घरों में ऐसा क्यों नहीं होता।
राहुल गांधी ने यह भी बताया कि उन्होंने और प्रियंका गांधी ने अपने माता-पिता को जीवन में सिर्फ एक बार झगड़ते देखा था। उनके लिए यह स्मृति उस पारिवारिक प्रेम और आत्मीयता का प्रतीक थी, जिसके बीच उनका बचपन गुजरा।
सवाल यह है कि पति-पत्नी के बीच स्नेह की एक निजी स्मृति को पुत्र द्वारा सार्वजनिक मंच पर साझा किए जाने से इतना बड़ा राजनीतिक विवाद क्यों पैदा हो गया है?
राहुल गांधी अपनी मां की किताब के विमोचन पर अपने माता-पिता के रिश्ते की ऐसी तस्वीर पेश कर रहे थे, जिसे उन्होंने बचपन से देखा और महसूस किया था। इसमें न कोई राजनीतिक आरोप था, न किसी दूसरे व्यक्ति पर टिप्पणी और न ही कोई ऐसा दावा, जिसे सार्वजनिक विवाद पैदा करने के लिए किया गया हो।
लेकिन सार्वजनिक जीवन में सक्रिय व्यक्तियों के लिए निजी और सार्वजनिक जीवन के बीच की सीमा हमेशा स्पष्ट नहीं रहती। खासकर तब, जब बात गांधी परिवार की हो, जिसके सदस्यों का निजी जीवन भी दशकों से राजनीतिक विमर्श का हिस्सा रहा है।
राहुल गांधी का संस्मरण सुनकर सोनिया गांधी की प्रतिक्रिया भी असहज थी। जाहिर है, समारोह के बाहर इस पर एक गंभीर विवाद खड़ा हो गया।
सोनिया गांधी की किताब पहले से ही भाजपा के निशाने पर थी। भाजपा ने आरोप लगाया कि संस्मरण में आपातकाल और 1984 के सिख विरोधी दंगों जैसे ऐतिहासिक प्रसंगों को इस तरह प्रस्तुत किया गया है, जिससे गांधी परिवार और कांग्रेस की राजनीतिक जिम्मेदारी कम दिखाई दे।
भाजपा नेताओं का कहना है कि आपातकाल के संदर्भ में तत्कालीन परिस्थितियों का वर्णन करते हुए आपातकाल लागू करने की पूरी जिम्मेदारी तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के छोटे बेटे संजय गांधी पर डाल दी गई है।
सिख विरोधी दंगों के संदर्भ में राजीव गांधी के विवादास्पद बयान का उल्लेख आत्मकथा में नहीं है। परिवार में मेनका गाँधी को भी विलेन के तौर पर पेश किया गया है। सीताराम केसरी को कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद उन्हें अपमानित करके पद से हटाने तथा पूर्व प्रधानमंत्री पी. वी. नरसिंह राव के निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को कांग्रेस कार्यालय में ले जाने से रोकने जैसे प्रसंग भी आत्मकथा से गायब हैं।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा राहुल गांधी पर उसी दिन से हमलावर हैं, जब उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था।
उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया में सोनिया गांधी को संबोधित करते हुए तंज किया कि राहुल गांधी उन्हें उनके विशेष दिन पर भी असहज होने से नहीं बचा सके। उनके बयान में राहुल गांधी की राजनीतिक शैली पर भी निशाना था।
राहुल गांधी ने अगले दिन भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समर्थकों की आलोचना का जवाब देते हुए भगवान शिव और माता पार्वती की एक तस्वीर साझा की। उन्होंने लिखा कि भय, गुस्से और नफरत ने कुछ लोगों के मन में ऐसा जाल बना दिया है, जो उन्हें प्रेम का अनुभव करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है। उन्होंने स्वयं को सच्चा हिंदू बताते हुए कहा कि उनका कर्तव्य लोगों को इस जाल से बाहर निकालना है।
इस जवाब ने एक और बहस को जन्म दे दिया है। अब मुद्दा केवल माता-पिता के रिश्ते का नहीं रहा, बल्कि प्रेम, भारतीय संस्कृति और धार्मिक प्रतीकों की व्याख्या तक पहुंच गया है।
किताब में किन मुद्दों पर साधी गई चुप्पी?
सो निया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ इन दिनों राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का विषय बनी हुई है। किताब में सोनिया गांधी ने अपने निजी जीवन, राजीव गांधी के साथ रिश्तों, इंदिरा गांधी के साथ शुरुआती अनुभवों और परिवार पर आए मुश्किल दौर से जुड़े कई प्रसंग साझा किए हैं।
हालांकि, किताब में कुछ बड़े राजनीतिक घटनाक्रमों का विस्तार से जिक्र नहीं होने पर सवाल भी उठ रहे हैं। खासतौर पर 1984 के सिख विरोधी दंगे, बोफोर्स सौदा, राजीव गांधी सरकार का 1989 में गिरना और पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव के साथ सोनिया गांधी के रिश्तों जैसे मुद्दों पर चर्चा हो रही है।
इन सवालों को लेकर राजनीतिक विश्लेषक नीरजा चौधरी ने ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ में लिखे अपने लेख में किताब की विषयवस्तु और उसमें दिखाई देने वाली चुप्पी पर विचार रखे हैं।
1984 के सिख विरोधी दंगों का विस्तृत जिक्र नहीं... किताब को लेकर उठे प्रमुख सवालों में 1984 के सिख विरोधी दंगों का मुद्दा शामिल है। इस घटना के बाद कांग्रेस और गांधी परिवार की भूमिका को लेकर लंबे समय से राजनीतिक बहस होती रही है।
नीरजा चौधरी के लेख के मुताबिक, किताब में इस बड़े राजनीतिक और ऐतिहासिक घटनाक्रम पर अपेक्षित विस्तार से चर्चा नहीं की गई है। इस वजह से सवाल उठ रहे हैं कि सोनिया गांधी ने अपने परिवार और कांग्रेस के इतिहास से जुड़े इस संवेदनशील अध्याय पर खुलकर अपनी बात क्यों नहीं रखी।
बोफोर्स सौदे का केवल सतही उल्लेख... राजीव गांधी सरकार के कार्यकाल का सबसे चर्चित विवादों में से एक बोफोर्स सौदा भी रहा है। इस मामले ने उस समय राष्ट्रीय राजनीति में बड़ा तूफान खड़ा किया था और राजीव गांधी सरकार की छवि पर भी असर पड़ा था।
नीरजा चौधरी के मुताबिक, सोनिया गांधी ने अपनी किताब में बोफोर्स का केवल ऊपरी तौर पर जिक्र किया है। इस मुद्दे से जुड़े विवाद और उसके राजनीतिक प्रभावों पर विस्तार से बात नहीं की गई है। इसी कारण किताब में इस प्रकरण को लेकर उनकी चुप्पी पर सवाल उठ रहे हैं।
राजीव गांधी की सरकार गिरने और वीपी सिंह का जिक्र भी सीमित...साल 1989 में राजीव गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार सत्ता से बाहर हो गई थी। इसके बाद वीपी सिंह देश के प्रधानमंत्री बने।
नीरजा चौधरी के लेख के अनुसार, सोनिया गांधी की किताब में राजीव गांधी सरकार के गिरने की परिस्थितियों और उनके उत्तराधिकारी वीपी सिंह का भी बहुत सीमित उल्लेख किया गया है।
यह वह दौर था, जब देश की राजनीति में बड़े बदलाव हो रहे थे। ऐसे में किताब में इन घटनाओं पर विस्तार से चर्चा नहीं होने को भी एक अहम पहलू माना जा रहा है।
पीवी नरसिम्हा राव के साथ मतभेदों पर भी सवाल... किताब को लेकर एक अन्य सवाल पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव के साथ सोनिया गांधी के रिश्तों को लेकर उठ रहा है। नीरजा चौधरी के मुताबिक, किताब में दोनों के बीच रहे मतभेदों का सही ढंग से और विस्तार से उल्लेख नहीं किया गया है।
लेख में उस विवादित प्रसंग का भी जिक्र किया गया है, जब 2004 में पीवी नरसिम्हा राव के निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को कांग्रेस मुख्यालय में नहीं लाए जाने को लेकर विवाद हुआ था।
इस घटनाक्रम को लेकर सोनिया गांधी की भूमिका और उस समय के पार्टी के फैसलों पर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। हालांकि, किताब में इस पूरे प्रकरण पर विस्तार से चर्चा नहीं होने की बात कही गई है।
नलिनी की रिहाई और माफी के फैसले का भी उठा मुद्दा... राजीव गांधी की हत्या के मामले में दोषी ठहराई गई नलिनी को लेकर गांधी परिवार की ओर से माफी के फैसले का मुद्दा भी नीरजा चौधरी ने अपनी टिप्पणी में उठाया है।
उनके मुताबिक किताब में इस फैसले और उससे जुड़े पारिवारिक पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा नहीं की गई है। यह मुद्दा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि राजीव गांधी की हत्या सोनिया गांधी और उनके परिवार के जीवन की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक रही है।
नीरजा चौधरी की नजर में बेहद मंझी हुई राजनेता हैं सोनिया गांधी... नीरजा चौधरी के मुताबिक, सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा को बेहद सोच-समझकर लिखा है। किताब में उन्होंने उन घटनाओं और भावनाओं को प्रमुखता दी है, जिन्हें वह पाठकों के सामने रखना चाहती थीं।
वहीं, जिन राजनीतिक विवादों और संवेदनशील प्रसंगों पर वह विस्तार से बात नहीं करना चाहती थीं, उन्हें सीमित रखा गया है। चौधरी के अनुसार, इससे सोनिया गांधी एक बेहद मंझी हुई राजनेता के रूप में सामने आती हैं।
किताब के विमोचन कार्यक्रम में भी उन्होंने अपने जीवन के चुनिंदा अनुभवों को भावुक अंदाज में साझा किया और अपनी बातों को एक खास दायरे में रखा।
संबंधित समाचार

बजरंग दल की मदद से पुलिस ने पकड़ा जिस्मफरोशी का धंधा:चार युवकों के साथ आपत्तिजनक हालत में मिली चार युवतियां; दबिश देने पहुंची पुलिस टीम पर पालतू कुत्ते ने किया हमला

न्यूज के नाम पर चार करोड़ की वसूली:तीन फर्जी कॉल सेंटर चलाती थीं सूर्यवंशी सिस्टर्स; 25 हजार सरपंच-सचिवों को किए फोन

सस्पेंड एएसपी पर लंबे समय मेहरबान रही सरकार:स्टिंग से नपे दीपक मिश्रा

ट्रिपल मर्डर का पुलिस ने 36 घंटे में किया खुलासा:जिसने उधार देकर मदद की, उसी के परिवार के लोगों का कत्ल

लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई:रिश्वत लेते बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार; पहली किस्त लेते ही दबोचा

पुलिसिंग की कसौटी पर इस अनुभाग के एसीपी अव्वल:अक्टूबर माह की रैंकिंग में इन्हें मिला दूसरा और तीसरा स्थान; कामकाज के आधार पर हुआ मूल्यांकन

अब घर बैठे बुला सकेंगे इलेक्ट्रिशियन, प्लम्बर और बढ़ई:सरकार ने बनाया 'कॉल कारीगर' ऐप; ऑनलाइन बुकिंग और भुगतान की सुविधा

बेटे ने की पिता की बेरहमी से हत्या:लकड़ी से पिता के सिर और मुंह पर किए ताबड़तोड़ वार

बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़:बिना परमिट दौड़ रही थीं स्कूल बसें; दो बसों सहित तीन वाहन जब्त

नंबरी नितिन अग्रवाल के नंबरों के खेल में उलझा प्लॉट धारक:मामला बृजेश्वरी अपार्टमेंट सोसायटी की बृजमोहिनी कॉलोनी का

वीडियो देखिये, पति के इश्क से भड़की पत्नी ने लिखी खूनी साजिश:महिला मित्र को रास्ते से हटाने की साजिश; GPS से पीछा कर जंगल में उतारा मौत के घाट

ATS की बड़ी कार्रवाई:3 संदिग्ध अफगानियों को पकड़ा; फर्जी पासपोर्ट और वीजा के सहारे रहने का संदेह

वीडियो देखिये, बर्ड फ्लू के खिलाफ भारत की बड़ी जीत:वैज्ञानिकों ने बनाई स्वदेशी वैक्सीन; केंद्रीय कृषि मंत्री बोले-बोले- मुर्गियों को बीमारी से बचाने के साथ इंसानों में संक्रमण का खतरा घटाने में मिलेगी मदद

भोपाल में हॉकी का महासंग्राम:6 देशों के मेहमान देखेंगे MP के गांवों का अनोखा हुनर

व्यापारी से लाखों की लूट:बदमाशों ने कार के कांच फोड़े; मारपीट कर रुपए से भरा बैग छीना

शहर में तीसरी आंख का पहरा और मजबूत:अब तक इतने स्थानों पर लगे इतने कैमरे; जनसहयोग से सुरक्षा पर खर्च हुए इतने करोड़ रुपए

नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत:PF निकालने के नियमों में बड़ा बदलाव; अब खाते से मिलेगी 90% तक राशि

एमडी ड्रग्स के साथ दो तस्कर गिरफ्तार:डिलीवरी देने पहुंचे थे; क्राइम ब्रांच ने घेराबंदी कर दबोचा, लाखों का माल जब्त

अस्पताल की पहली मंजिल पर दुष्कर्म का आरोप:... सच क्या है? पुलिस जांच से खुलेगी सच्चाई

सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट:आज भी हुआ इतना सस्ता; 7 दिन में गोल्ड और सिल्वर इतने टूटे
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!