‘बाबा’ के बाद अब ‘दादा’ पर संकट: भाजपा के पार्षद ने घेर दिया अपने ही विधायक का घर
KHULASA FIRST
संवाददाता

पहली बार जनसमस्या को लेकर विधायक रमेश मेंदोला के घर का घेराव, जनता के सबसे ज्यादा काम कराते हैं विधायक
विधानसभा 2 में जो आज तक नहीं हुआ वो पीने के पानी की किल्लत ने करवा दिया, नंदा नगर में खिलाफत के नारे
इतनी भीड़ तो कांग्रेस ने जमा नहीं की, जितनी भाजपा ने भाजपा के ही खिलाफ जुटा ली, पानी बना आधार
घेराव के बाद वार्ड 26 में ताबड़तोड़ पानी की टंकी बनाने, दो बोरिंग कराने की घोषणा
‘दादा दयालु’ का घेराव इंदौर में चर्चा का विषय बना, इंदौरियों का कहना-लालबहादुर की इतनी हिम्मत नहीं
नितिन मोहन शर्मा 94250-56033 खुलासा फर्स्ट, इंदौर।
18 साल में पहली बार ऐसा हुआ कि भाजपा विधायक रमेश मेंदोला के घर पर किसी समस्या के समाधान को लेकर इलाके की जनता पहुंची हो, अन्यथा समस्या के पहले ही मेंदोला खुद जनता के द्वार पहुंचने के लिए जाने जाते हैं।
विधायक को इंदौर की तरफ से ‘दादा दयालु’ का दर्जा यूं ही नहीं मिला है। उनके घर का दरवाजा न सिर्फ अपने विधानसभा क्षेत्र, बल्कि इंदौर के किसी भी हिस्से से आए व्यक्ति के लिए खुले रहते हैं।
लोग निजी समस्याओं को लेकर तो उनके आवास पर अलसुबह से आते हैं, लेकिन ऐसा पहली बार हुआ कि पीने के पानी की किल्लत को लेकर बड़ी संख्या में नागरिकों ने उनके घर पर दस्तक दी।
इसमे भी सबसे हैरत की बात तो ये है कि आमजन की भीड़ लेकर भाजपा विधायक के दर पर प्रतिपक्ष कांग्रेस नहीं, भाजपा के ही पार्षद ने दस्तक दी।
हालांकि अपने मिजाज के मुताबिक विधायक ने मौके पर ही विधायक निधि से ही संबंधित वार्ड में पानी की बड़ी टंकी बनाने व दो बोरिंग तुरंत करने की घोषणा कर जनता के गुस्से को जज्ब कर लिया, लेकिन इंदौर में दिनभर ये ‘घेराव’ चर्चा में रहा कि अब तो रमेशजी की चौखट तक जलसंकट पहुंच गया।
यानी वाकई देश का सबसे साफ शहर इंदौर पीने के पानी के संकट से घिरा गया है अन्यथा ये संकट ‘बाबा’ कहे जाने वाले भाजपा विधायक महेंद्र हार्डिया के बाद ‘दादा’ के दरवाजे पर जाकर दस्तक देता?
कल जैसे ही भीड़ भरे जुलूस के वीडियो-फोटो सोशल मीडिया पर तैरने लगे, लोग चौंक गए। उनका चौंकना लाजिमी था। ये भीड़ विधायक रमेश मेंदोला के नंदा नगर स्थित आवास की तरफ बढ़ रही थी। भीड़ का नेतृत्व भी भाजपा के वार्ड 26 के पार्षद लालबहादुर वर्मा कर रहे थे।
यानी विधानसभा 2 के ही वार्ड का पार्षद इलाके के ही अपने दल के विधायक का घेराव करने सड़कों पर निकल आया। ये खबर आग की तरह इंदौर में दौड़ी और सबको आश्चर्य हुआ कि ‘दादा’ के खिलाफ ऐसी ‘हिमाकत’ करने की तो आज तक किसी की हिम्मत ही नहीं हुई।
फिर आज ये क्या हो रहा है, वह भी भाजपा के ही पार्षद की अगुवाई में? लेकिन कहते हैं न ‘पेट की आग’ इंसान से कुछ भी करवा लेती है, वैसे ही ‘कंठ की प्यास’ भी भूल जाती है कि सामने कांग्रेस है या भाजपा।
लालबहादुर वर्मा को भाजपा में लड़ने-भिड़ने वाला नेता ही माना जाता है। कभी कांग्रेस में रहते हुए वे भाजपा को भी ‘जोर’ करवा चुके हैं। वे सदैव जनता के लिए सड़क पकड़ लेते हैं।
तीन बार की पार्षदी उनके हिस्से में ऐसे ही नहीं आई। इस मामले में उनके पक्ष में उनकी बिरादरी का रोल अहम रहता है।
ये बिरादरी विधानसभा 2 के चुनावी समीकरण में निर्णायक भूमिका निभाती है। कल जब वे रैली लेकर निकले तो लोग हैरत में थे कि इतनी भीड़ तो कभी कांग्रेस ने जमा नहीं की जितनी भाजपा के पार्षद ने अपने ही दल के विरुद्ध जमा कर ली।
मालवा मिल से चला विरोध का ये काफिला पाटनीपुरा, नंदा नगर मेन रोड होते हुए ‘पानी दो-पानी दो’ के नारे के साथ गुजरा। लोग हैरत से देख रहे थे कि ये नारे विधायक मेंदोला के घर तक पहुंच रहे हैं।
भाजपा के खिलाफ भाजपा के ही इस विरोध मार्च में महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित थीं। मुस्लिम महिलाएं भी संग-संग कदमताल कर रही थीं। विरोध मार्च नंदानगर की अंदरूनी गलियों स्थित विधायक निवास पर पहुंचा।
विधायक घर ही थे। उन्होंने पहले नारे बंद कर करवाए और जनता से ये वादा भी लिया कि अब यहां से सीधे अपने घर ही जाना, क्योंकि विरोध के तहत तय हुआ था कि पहले विधायक के सामने और फिर इलाके में स्थित नर्मदा जलप्रदाय टंकी पर प्रदर्शन होगा, लेकिन विधायक ने वार्ड 26 में तुरंत दो बोरिंग कराने और पानी की टंकी बनाने की घोषणा कर विरोध को सिर्फ अपने तक ही सीमित कर दिया।
विधायक मेंदोला ने यहां तक कहा कि अगर नगर निगम टंकी नहीं बनवा पाया तो मैं अपनी विधायक निधि से जीणमाता मंदिर उद्यान में टंकी बनवाऊंगा।
विरोध के लिए आई जनता अपने ‘दादा’ की इस ‘दयालुता’ पर जय-जयकार करती लौट गई, लेकिन इंदौर में व्याप्त भीषण जलसंकट का खुलासा भी कर गई।
संबंधित समाचार

शिकायत के 14 महीने बाद भी रास्ता बंद:आखिर कब होगी कार्रवाई

कलेक्टर का एक्शन:स्वामित्व योजना में लापरवाही पर की बड़ी कार्रवाई; 7 प्रोबेशनर पटवारियों की सेवा समाप्त

सांई मंदिर के पीछे अवैध निर्माण पर नगर निगम ने की कार्रवाई:भारी पुलिस बल और रिमूवल अमले की मौजूदगी में अतिक्रमण ध्वस्त

INDIA ब्लॉक की बैठक के बाद विपक्ष का हमला:राहुल गांधी बोले- मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा हमारा मिशन

मेसर्स कृष्णा एंटरप्राइजेस पर पड़ा छापा 46 ड्रम:लोडिंग वाहन और टैंकर किए जब्त

फ्लैट की रजिस्ट्री-लोन के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी:दोस्त के खिलाफ FIR दर्ज

न्यायालय के आदेश की आड़ में बेदखली पीड़ित परिवार का सड़क पर बिखेरा सामान

2013 से ट्रैफिक पुलिस बल की कमी:अब तक क्या किया? हाईकोर्ट ने प्रशासन से मांगा जवाब

मां चंद्रघंटा का संदेश:सौम्यता और शौर्य का संतुलन ही बनाता है मजबूत व्यक्तित्व

दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिवारों को संबल:कमिश्नर ने 2 नव आरक्षकों सहित 6 अनुसचिवीय कर्मचारियों को सौंपे नियुक्ति प्रमाण पत्र

भक्ति रस में रमा शहर:मां की आराधना और गरबों की धूम का उत्सव

खुलासा फर्स्ट के आंगन में महाप्रसादी का वितरण जारी:नवरात्रि महापर्व के पावन अवसर पर 10 दिवसीय महोत्सव

प्रॉपर्टी टैक्स के साथ लगेगा इतने प्रतिशत फायर सेस:टैक्स से छूट वाली संपत्तियों को राहत; नए नियमों में स्वयंसेवकों की भर्ती

मंत्रि-परिषद ने पारित किया ‘विकसित मध्य प्रदेश’ का संकल्प:मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक

आदिवासियों के मकान तोड़े जाने के मामले ने पकड़ा तूल:कार्तिकेय सिंह चौहान ने अधिकारियों को दी ये चेतावनी

पिटती पुलिस टूटता मनोबल:खादी के लिए खाकी के हाथ काटने में जल्दबाजी आखिर क्यों

मंदिर की दानपेटी तोड़कर नकदी और चांदी के सिक्के चोरी:बदमाशों ने दो घरों को भी बनाया निशाना

एचआईवी के इतने नए मामले:इस मेडिकल कॉलेज में मिले सबसे ज्यादा संक्रमित; इतने मरीज एआरटी से दूर

बिना नंबर की फॉर्च्यूनर ने बुझा दिया एक घर का चिराग:बाइक को मारी टक्कर, मैकेनिक की हुई मौत; दो नाबालिग साथी हुए गंभीर घायल

इस पूर्व मंत्री ने किसको को दी नसीहत:बोले; ‘ऐसा भी क्या काम, जो जमीर बेचकर करना पड़े’ पद से इस्तीफा देकर साथ आइए, दोनों मिलकर सड़क पर लड़ेंगे जनता की लड़ाई
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!