खबर
Top News

यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को क्यों गिरफ्तार किया: कितने घंटे तक हुई पूछताछ; अब तक इतने लोग क्यों पकड़े गए

KHULASA FIRST

संवाददाता

24 फ़रवरी 2026, 11:14 am
324 views
शेयर करें:
यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को क्यों गिरफ्तार किया

खुलासा फर्स्ट, दिल्ली
दिल्ली में आयोजित AI इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए विरोध-प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें 23 फरवरी को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, जहां करीब 20 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद कार्रवाई की गई। इस मामले में अब तक कुल 8 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

तीन कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया
दिल्ली के अलावा मध्य प्रदेश के ग्वालियर से भी तीन कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया गया है। घटना के दिन ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिस के अनुसार जांच अभी जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

क्या है पूरा मामला?
20 फरवरी को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित AI समिट 2026 के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के 10 से अधिक कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल के भीतर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने शर्ट उतारकर ऐसी टी-शर्ट लहराई जिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर छपी थी और उस पर ‘पीएम इज कॉम्प्रोमाइज्ड’ लिखा था। इस दौरान नारेबाजी भी की गई।

ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के जरिए प्रवेश पास हासिल किया
पुलिस के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के जरिए प्रवेश पास हासिल किया और क्यूआर कोड स्कैन कर हॉल में एंट्री की। उन्होंने जैकेट और स्वेटर के अंदर टी-शर्ट पहन रखी थी। हॉल नंबर 5 के पास पहुंचकर उन्होंने जैकेट उतारी और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ कार्यकर्ताओं पर सुरक्षाकर्मियों से धक्का-मुक्की का भी आरोप है।

पुलिस की जांच में क्या सामने आया?
जांच एजेंसियों के अनुसार यूथ कांग्रेस नेता कृष्ण हरि की कार से प्रधानमंत्री की तस्वीर वाली टी-शर्ट और पोस्टर बरामद किए गए हैं। सूत्रों का कहना है कि प्रदर्शन की योजना पहले काले छाते पर स्टिकर लगाकर प्रवेश करने की थी, लेकिन सुरक्षा जांच को देखते हुए बाद में टी-शर्ट का तरीका अपनाया गया। स्टिकर कहां छपे और किसने तैयार कराए, इसकी जांच जारी है। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना दोपहर करीब 12:30 बजे हुई और सुरक्षा प्रोटोकॉल के उल्लंघन की भी जांच की जा रही है।

कांग्रेस की प्रतिक्रिया
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शेष नारायण ओझा ने गिरफ्तारी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि यह शांतिपूर्ण विरोध था और इसे ‘देश विरोधी’ बताना अनुचित है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार असहमति की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है और इसे औपनिवेशिक दौर की कार्यशैली से तुलना की।

बीजेपी का विरोध
इस घटना के विरोध में भाजपा ने 21 फरवरी को कई राज्यों में प्रदर्शन किए। दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, बिहार, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर में विरोध दर्ज कराया गया। मुंबई के मुलुंड इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के काफिले को काले झंडे भी दिखाए।

उदय भानु चिब कौन हैं?
उदय भानु चिब जम्मू के पलौड़ा क्षेत्र के निवासी हैं और कांग्रेस नेता हरि सिंह चिब के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी राजनीतिक शुरुआत छात्र संगठन एनएसयूआई से की थी। वे जम्मू-कश्मीर में एनएसयूआई के अध्यक्ष और बाद में राष्ट्रीय महासचिव भी रहे। इसके बाद प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बने और हाल ही में उन्हें इंडियन यूथ कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

संबंधित समाचार

टिप्पणियाँ

अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!