जिस दिन एआई चला गया उस दिन कितनी नौकरियां बचेंगी: बौद्धिक आत्महत्या की ओर बढ़ते कदम
KHULASA FIRST
संवाददाता

राजकुमार जैन स्वतंत्र लेखक, खुलासा फर्स्ट, इंदौर।
एक ऐसी सुबह की कल्पना कीजिए, जब आपकी नींद खुले, इंटरनेट की दुनिया में सब कुछ सामान्य दिखे, मगर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) अचानक गायब हो जाए। कोई चैटबॉट नहीं, कोई स्मार्ट सहायक नहीं, कोई स्वतः कोड लिखने या ई-मेल का मसौदा तैयार करने वाला एआई टूल नहीं।
पहली नजर में दुनिया राहत की सांस लेगी। लोग सोचेंगे कि चलो, नौकरियों पर मंडराता रोबोटिक खतरा टल गया, लेकिन कुछ ही घंटों बाद दफ्तरों, विश्वविद्यालयों और कॉरपोरेट बोर्डरूमों में एक अभूतपूर्व सन्नाटा पसर जाएगा।
उस दिन करोड़ों लोग दफ्तरों से इसलिए बाहर नहीं किए जाएंगे कि मशीन उनका काम कर रही है, बल्कि इसलिए कि मशीन के लगातार साथ ने उनके स्वयं काम करने के अभ्यास को कमजोर कर दिया है। वे खुद काम करना भूल चुके होंगे।
हम लगातार इस गलतफहमी में जी रहे हैं कि एआई इंसान का रोजगार छीन लेगा, जबकि कड़वी हकीकत यह है कि एआई के आने से उतनी नौकरियां कभी नहीं जाएंगी, जितनी इसके अचानक चले जाने से जा सकती हैं।
भविष्य का सबसे बड़ा संकट बेरोजगारी नहीं, बल्कि हमारा बौद्धिक निर्भरता (कॉग्निटिव ऑफलोडिंग) है। सुविधा के सम्मोहन में हमने अपनी सोचने की मौलिक क्षमता को मशीनों के पास गिरवी रख दिया है।
मानव सभ्यता का इतिहास औजारों के विकास की यात्रा रहा है। पहिए ने हमारे पैरों को आराम दिया, भाप के इंजन ने भुजाओं का बोझ घटाया और बिजली ने कारखानों की गति बढ़ाई। कंप्यूटर और इंटरनेट ने गणना व सूचना को तेज किया।
इन क्रांतियों की खूबी यह थी कि तकनीक ने हमेशा हमारे शरीर के अंगों को सहारा दिया, लेकिन सोचने, निर्णय लेने और मंजिल चुनने का विवेक मानव मस्तिष्क के अधिकार में ही रहा।
इन सबसे इतर जनरेटिव एआई ने सीधे मस्तिष्क पर दस्तक दी है। यह मांस-पेशियों का नहीं, बल्कि मेधा का विकल्प बन रहा है। यह हमारे लिए सार-संक्षेप तैयार करता है, तुलना करता है, कोड लिखता है और यहां तक कि यह भी बताता है कि अगला सवाल क्या होना चाहिए।
वह आंकड़ों में पैटर्न खोजता है और निर्णय के विकल्प भी सुझाता है। पहले मशीन कहती थी भारी सामान मुझे उठाने दो। अब मशीन कह रही है भारी विचार भी मुझे उठाने दो।
प्लेटो के ‘फेड्रस’ में मिस्र के राजा थामस ने कहा था कि लिपि का आविष्कार इंसान की याददाश्त में विस्मृति का बीज बो देगा, जिससे लोग बिना वास्तविक संधान के ही ज्ञानी होने का भ्रम पाल लेंगे।
आज यही बात हमारे डिजिटल समाज पर सटीक बैठती है। चिकित्सा विज्ञान का एक सीधा नियम है- ‘या तो उपयोग करो या खो दो’ (यूज इट ऑर लूज इट)। यदि किसी स्वस्थ व्यक्ति के हाथ को छह महीने के लिए प्लास्टर में बांध दिया जाए, तो प्लास्टर खुलने पर वह एक गिलास उठाने लायक भी नहीं रहता।
उसकी मांस-पेशियां सूख जाती हैं। आज ठीक यही प्रक्रिया हमारे न्यूरॉन्स के साथ घट रही है, संज्ञानात्मक पतन (कॉग्निटिव एट्रोफी)।
विचार करना केवल अंतिम परिणाम तक पहुंचने का नाम नहीं है। सोचना वह आंतरिक संघर्ष है, जिसमें दिमाग जूझता है, गलतियों का सामना करता है और अंततः किसी नए विचार को जन्म देता है।
लिखना केवल शब्द टाइप करना नहीं, बल्कि यह समझने की प्रक्रिया है कि हम वास्तव में क्या सोचते हैं। कोडिंग केवल सिंटैक्स लिखना नहीं, बल्कि तार्किक संकटों को भांपने का मानसिक व्यायाम है। जब एआई इस पूरे संघर्ष को गायब कर देता है, तो हम अपनी बौद्धिक संप्रभुता खो बैठते हैं।
वर्ष 1983 में संज्ञानात्मक मनोवैज्ञानिक लिजैन बेनब्रिज ने ‘स्वचालन की विडंबना’ (आयरनीज ऑफ ऑटोमेशन) का सिद्धांत दिया था। उनका निष्कर्ष था कि हम सामान्य काम मशीनों को इसलिए सौंपते हैं, ताकि इंसान केवल संकट के समय दखल दे सके, लेकिन विडंबना यह है कि अभ्यास न होने के कारण ठीक उसी क्षण इंसान असहाय नजर आता है, जब मशीन के फेल होने पर उसके कुशल हस्तक्षेप की जरूरत होती है।
हार्वर्ड बिजनेस स्कूल का शोध भी बताता है कि जब तक काम एल्गोरिदम के दायरे में रहता है, उत्पादकता बढ़ती है, लेकिन जैसे ही समस्या मशीन की सीमा से बाहर जाती है, एआई पर अत्यधिक निर्भर पेशेवरों के निर्णय लेने की क्षमता में भारी गिरावट आती है।
आज कार्यबल दोहरे संकट से जूझ रहा है। पहला वि-कौशलीकरण (डिस्किलिंग), जहां अनुभवी पेशेवर अभ्यास छूटने से अपनी पुरानी धार खो रहे हैं। दूसरा और अधिक गंभीर संकट है ‘नव-कौशल शून्यता’ (नेवरस्किलिंग), जहां युवा पीढ़ी कॅरियर की शुरुआत से ही एआई का सहारा ले रही है और वह बुनियादी अंतर्दृष्टि कभी विकसित ही नहीं कर पाती।
इस संरचनात्मक परावलंबन का समाधान तकनीक के अंध-विरोध में नहीं, बल्कि संस्थागत सावधानी में है। इसका सबसे सुंदर उदाहरण अमेरिकी नौसेना में मिलता है।
1998 में जब जीपीएस पूरी तरह प्रभावी हो गया, तो अमेरिकी नौसेना ने तारों की स्थिति देखकर दिशा नापने (आकाशीय नौवहन) के सदियों पुराने प्रशिक्षण को अपने पाठ्यक्रम से हटा दिया, लेकिन बाद में जब उपग्रह प्रणालियों पर साइबर हमलों, जैमिंग और सिग्नल स्पूफिंग के खतरे बढ़े, तो वर्ष 2011 से 2015 के बीच नौसेना ने सेक्सटेंट (तारों से दिशा नापने का यंत्र) का अभ्यास फिर अनिवार्य कर दिया।
उनका स्पष्ट मानना था कि यदि किसी आपात स्थिति में सारी इलेक्ट्रॉनिक स्क्रीन अंधी हो जाएं, तो अधिकारियों को बुनियादी सिद्धांतों से जहाज चलाना आना ही चाहिए।
ज्ञान-आधारित समाज और कॉरपोरेट जगत को भी अपने कामकाज में एक ‘सेक्सटेंट प्रोटोकॉल’ लागू करना होगा- पहला, ‘एल्गोरिद्मीय ब्लैकआउट’ की दिनचर्या बने। नौसेना की तरह हर संगठन में हफ्ते का कम से कम एक दिन ‘नो-एआई डे’ होना चाहिए।
जटिल समस्याओं पर चर्चा केवल व्हाइट बोर्ड, मार्कर और खुली बहस के जरिये हो। यदि आप किसी विचार को बिना किसी टूल के तीन मिनट में नहीं समझा सकते, तो मान लीजिए कि वह विचार आपका है ही नहीं।
दूसरा, कनिष्ठों की नींव बचाई जाए। पेशेवर जीवन का शुरुआती संघर्ष ही असली पाठशाला होता है। जब युवा वकील पुराने दस्तावेज खुद खंगालता है या युवा इंजीनियर कोड का ढांचा शून्य से बुनता है, तभी उसकी पेशेवर अंतर्दृष्टि गढ़ी जाती है।
संगठनों को शुरुआती दो वर्षों तक नए कर्मचारियों को प्राथमिक स्तर का काम खुद हाथों से करने देना चाहिए। नींव मजबूत होने के बाद ही उन्हें एल्गोरिदम का सहारा मिलना चाहिए। (ये लेखक के निजी विचार हैं।)
संबंधित समाचार

दोपहिया वाहन चुराने वाला बदमाश गिरफ्तार:इतने लाख की इतनी बाइक बरामद; मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा

दोपहिया वाहन चुराने वाला बदमाश गिरफ्तार:इतने लाख की इतनी बाइक बरामद; मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा

फार्मा कंपनी में बॉयलर फटा:5 लोगों की मौत; 10 गंभीर घायल, रेस्क्यू जारी

मौत के बाद शव को लेकर मचा बवाल महासंघ के पहुंचते ही सुलझा विवाद:वी वन हॉस्पिटल का मामला

किसने पीसीसी चीफ को ‘कांग्रेस का मेल राखी सावंत' बताया:सीएम डॉ. मोहन यादव की नकल पर साधा निशाना

नगर निगम में वसूली से परेशान कचरा गाड़ी चालक ने जहर खाया, हालत गंभीर

एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या:युवक ने डंडे से किए ताबड़तोड़ वार; इलाके में फैली सनसनी

नगर निगम का घोटाला:आरटीआई में छिपाए कर्मचारी; घर बैठे बांट रहे वेतन

इस गिरोह के दो गुर्गों को जमानत नहीं:बिल्डर्स और रसूखदारों को धमकाने के आरोप

बैंक मैनेजर बनकर साइबर ठगी:केवायसी बंद होने का डर दिखाया; क्यूआर कोड भेजकर खाते से रकम निकालने का आरोप, एक गिरफ्तार

नीलोफर हत्याकांड:एक महीने से फरार पति गिरफ्तार; बचने के लिए बदला हुलिया, पुलिस ने 5 राज्यों में 10 हजार किमी किया पीछा

पटेल नगर बावड़ी कांड के बाद भी नहीं जागा प्रशासन

शंका के दायरे में पलासिया पुलिस की कार्यप्रणाली:बंटी नागर की आत्महत्या के मामले में रसूखदारों को परेशान करने पर जोर

सिगरेट जलाते ही गैस सिलेंडर हुआ ब्लास्ट:70 प्रतिशत झुलसा युवक; कमरे की दीवार भी गिरी

जोन में संपत्ति कर घोटाला:दो कर्मचारी हुए निलंबित

इंदौर की हरियाली पर फिर वार:25 से ज्यादा पेड़ काटे; नगर निगम की अनुमति पर उठे सवाल

देखिये वीडियो, होटल में पत्नी ने पति को दूसरी महिला के साथ पकड़ा:पुलिस के सामने जड़े थप्पड़; दोनों की हुई है लव मैरिज

सड़क बना दी और विभाग को खबर नहीं:करोड़ों की वनभूमि पर 3 महीने तक चला निर्माण

गोशालाओं को ₹101 करोड़ देंगे अमित शाह:255 करोड़ के डेयरी प्लांट का करेंगे भूमिपूजन

गांधी जयंती पर बच्चों ने दांडी यात्रा के स्वरूप में की मेट्रो ट्रेन से यात्रा:250 से अधिक बच्चों ने पहली बार किया सफर, गूंजे देशभक्ति गीत
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!