जय रणजीत... जय-जय रणजीत: रणजीत बाबा की अगवानी में शहर के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में बिछ गए पलक-पांवड़े
Khulasa First
संवाददाता

अष्टमी महोत्सव हजारों दीपक से जगमग हुआ दरबार, आज रतजगा, कल ब्रह्ममुहूर्त में प्रभातफेरी, पहली बार पुलिस बैंड देगा सलामी, ड्रोन से होगा इत्र-गंगाजल का छिड़काव
रथ में सवार हो भक्तों का हाल जानने निकलेंगे रणजीत हनुमान सरकार, 500 भक्त खींचेंगे रथ
कल सुबह 5 बजे मंदिर से होगी शुरुआत, 4.5 किमी घूमेंगे बाबा, भजन मंडलियां होंगी, बग्घियों में होंगे साधु-संत
यात्रा मार्ग पर बना अयोध्या राम मंदिर की प्रतिकृति का भव्य मंच, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी
सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त, 4 जोन में बांटा मार्ग, हाईराइज बिल्डिंग से निगरानी, मेटल डिटेक्टर संग 50 गलियों में बैरिकेडिंग
नितिन मोहन शर्मा 94250-56033 खुलासा फर्स्ट, इंदौर।
जी हां, रणजीत हनुमानजी मंदिर का वार्षिक उत्सव ‘रणजीत अष्टमी’ के आगमन में अब महज एक रात का अंतर है। गुरुवार-शुक्रवार की ये दरमियानी रात भी रतजगे में ही बीतेगी। नींद आंखों से कोसों दूर होगी और पलकें उसी मार्ग पर टकटकी लगाए रहेंगी, जिन राहों से बाबा का रथ गुजरेगा।
महूनाका चौराहा से लेकर हवा बंगला क्षेत्र व द्रविड़ नगर-उषा नगर से अन्नपूर्णा मंदिर के पूरे इलाके में जैसे भक्तों ने पलक-पांवड़े बिछा दिए हैं। नजारा दीपावली के त्योहार जैसा है।
एक दिन पूर्व, यानी बुधवार की रात ही रणजीत बाबा का आंगन हजारो-हजार दीपकों से जगमगा रहा था। मंदिर प्रबंधन ने 50 हजार दीप प्रज्ज्वलित करने की बात कही थी, लेकिन इतने ही दीपक घर-घर से रोशन होकर बाबा की देहरी तक आ गए। हर तरफ दीपोत्सव का उजियारा पसरा था।
इस उजियारे में एक तरफ भजनों की स्वरलहरियों की गूंज थी तो दूजी तरफ सांस्कृतिक व पारंपरिक प्रस्तुतियां हो रही थीं। ध्वज पूजन व आरोहण के साथ उत्सव की शुरुआत तो मंगलवार से ही हो गई थी। आज हजारों अभिमंत्रित रक्षा सूत्रों का वितरण होगा।
मंदिर के मुख्य पुजारी दीपेश व्यास की स्थिति तो ऐसी थी, जैसे किसी घर के ब्याह में मुख्य जजमान की रहती है। वे और उनके बड़े भाई व परिवार के अन्य सदस्य वैसी ही भागदौड़ में जुटे हैं, जैसे घर में बेटी का ब्याह मंडा हुआ हो। सरकारी बंदोबस्त के मामले में ये ही हाल कलेक्टर शिवम वर्मा और महापौर पुष्यमित्र भार्गव के हैं, वे भी समूचे उत्सव की तैयारियों व बारीकियों पर नजरें गड़ाए हुए हैं।
मंदिर के नियमित भक्तों की तो पूछिए ही मत, भक्त मंडल के सदस्यों की। अनीश जैन, कपिल जैन जैसे सैकड़ों भक्त प्रभातफेरी की व्यवस्थाओं व निमंत्रण में ऐसे जुटे हैं, जैसे ये उनके ही घर का आयोजन हो।
इसके अलावा यात्रा मार्ग से जुड़े घर-परिवारों में भी बिन बोले, बिन न्योते तैयारी हो रही है। यात्रा का स्वागत कैसे हो, भक्तों को क्या प्रसादी पवाएं, सज-सज्जा कैसी हो... बस, ये ही चिंता घर-घर पसरी हुई है। स्वागत मंचों की तो पूछिए ही मत कि कितनी संख्या में ये अस्तित्व में आएंगे। मंच के मामले में तयशुदा आंकड़े व अनुमति हर बार की तरह परे रहना है, क्योंकि हर घर का अपना मंच होगा। चाहे फिर वह डाइनिंग व टी-टेबल के रूप में ही क्यों न हो।
पहली बार पुलिस बैंड, ड्रोन से इत्र का छिड़काव
महाकाल बाबा की सवारी की तर्ज पर पहली बार पुलिस बैंड भी प्रभातफेरी में रणजीत सरकार को सलामी देगा। यात्रा मार्ग पर गंगाजल का ही नहीं, इत्र का भी छिड़काव होगा और ये काम ड्रोन से होगा। प्रभातफेरी की सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त पुलिस ने किए हैं। 4 जोन में 4 किमी से ज्यादा मार्ग को बांटा गया है।
50 गलियों में बैरिकेडिंग होगी। मेटल डिटेक्टर भी लगेंगे। यात्रा मार्ग की तमाम हाईराइज बिल्डिंग से तो निगरानी होगी ही, दर्जनों वॉच टॉवर भी बनाए गए हैं। बाबा का मुख्य रथ भी पुलिस की सुरक्षा व निगरानी में होगा। इस रथ को 500 भक्त खींचेंगे। यात्रा सुबह 5 बजे से शुरू होगी। इसमें भजन मंडलियां होंगी व बग्घियों में साधु-संत सवार रहेंगे।
सांसद शंकर लालवानी की सेवा संकल्प टीम ने अयोध्या के राम मंदिर की प्रतिकृति जैसा बड़ा मंच भी बनाया है। ड्रोन से इत्र व गंगाजल का छिड़काव सांसद की टीम के जिम्मे रहेगा। प्रभातफेरी में शहर के तमाम जनप्रतिनिधियों की हाजिरी भी बतौर भक्त लगेगी। न कोई अतिथि, न मुख्य अतिथि। सब बाबा रणजीत सरकार के भक्त।
हनुमंत सरकार का देवालय आस्था का ऐसा केंद्र हो जाए कि देवालय का सालाना उत्सव जन-जन का उत्सव हो जाए। ऐसा कहीं देखने-सुनने में अब तक तो नहीं आया, लेकिन रणजीत बाबा का धाम और उनकी वार्षिक प्रभातफेरी ऐसा ही आस्था का उत्सव हो गई है।
भरोसा न हो तो पुराने इंदौर के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में आकर देखिए। दीपावली-सा नजारा है। हजारों दीपकों की जगमगाहट के बीच इलाका रोशन है। सबके बाबा भक्तों का हाल जानने देवालय से निकलकर भक्तों के घर-द्वार तक जो आ रहे हैं।
बस, अब चंद घंटे ही तो शेष हैं। शुक्रवार की अलसुबह, यानी ब्रह्ममुहूर्त से ही समूचे इंदौर में जय रणजीत, जय-जय रणजीत का जयघोष गूंजेगा।
संबंधित समाचार

पतंजलि घी और नमकीन के नमूने भोपाल लैब भेजे:गंदगी में पक रहे थे केक; बेकरी का लाइसेंस कर दिया निलंबित

नवरात्रि में मनचलों की खैर नहीं:अहिल्या सेना हुई तैयार; स्कूलों और कॉलेजों में अब तक 22 से अधिक आत्मरक्षा शिविर लगाए जा चुके

MP में 7500 करोड़ का निवेश:यहां लगेगी टेक्सटाइल इकाई; इतने युवाओं को मिलेगा रोजगार

भारत-वेस्टइंडीज मैच:दोपहर 2 बजे से होगा ट्रैफिक डायवर्ट

देखिए वीडियो, डिप्टी सीएम ने ओएसडी को हटाया:जांच के दिए आदेश; इतने करोड़ लेने का था आरोप, मचा बवाल

राजधानी में प्रदर्शन के चलते रेल यातायात प्रभावित:कई ट्रेनों को किया गया रद्द; यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी

सीईसी की लड़ाई राष्ट्रपति तक आई:ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के मुद्दे पर आज राष्ट्रपति से मिलेंगे इंडिया गठबंधन के नेता, समय मांगा

स्वच्छता के दावों के बीच बदहाल सार्वजनिक सुविधाएं:जहां हजारों की आवाजाही; वहीं सफाई और पानी का संकट

देखिये वीडियो, ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क का खुलासा:क्राइम ब्रांच ने 3 आरोपियों को पकड़ा; करोड़ों के हिसाब वाले रजिस्टर जब्त

व्यापारिक संगठनों की चेतावनी:यूपीआई पर चार्ज लगा तो बाजारों से हटेंगे क्यूआर कोड!

जमीन की नपती रोकने पर अड़ा यादव परिवार:सीमांकन करने पहुंचे अफसरों के सामने हंगामा; थाने पहुंचे दोनों पक्ष

देखिए वीडियो, बदहाल सड़कों और ड्रेनेज को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन:निगम को अल्टीमेटम; इतने दिन में समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन की चेतावनी

आईडीए पर कांग्रेस ने लगाया दोहरी नीति का आरोप:छात्रों की गूंज कार्यक्रम के मैदान आवंटन पर विवाद

युवक ने नाबालिग प्रेमिका के साथ की आत्महत्या:फंदे पर लटके मिले शव; नहीं मिला सुसाइड नोट

देखिए वीडियो, प्रसिद्ध अभिनेता के निधन के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस:मौत की परिस्थितियों की जांच; राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

सीबीआई की बड़ी कार्रवाई:प्राचार्य लाखों रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार; कर्मचारी की भूमिका भी जांच के दायरे में

डिप्टी सीएम के 'करीबी' पर इतने करोड़ लेने का आरोप:शराब दुकानों के ठेके दिलाने के बदले मदद का दावा

चलती कार बनी आग का गोला:महाकाल दर्शन करने जा रहा था परिवार; मची अफरा-तफरी

दो हादसे:बाइक भिड़ंत में युवक की मौत; बस की टक्कर से तीन की गई जान

छात्रा की मौत का खुलासा:दोस्त हिरासत में; पूछताछ में किए कई खुलासे
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!