गैस विस्फोट में जलता रहा युवक: 200 मीटर दौड़कर बचाई जान; 40% झुलसे शख्स की जिंदगी की जंग जारी, अब परिवार को सरकार से मदद की आस
KHULASA FIRST
संवाददाता

खुलासा फर्स्ट, इंदौर।
सुमन नगर स्थित जैन मंदिर के पास 23 जून 2026 को हुए गैस पाइपलाइन विस्फोट ने कई परिवारों की जिंदगी बदल दी। इस दर्दनाक हादसे में 38 वर्षीय विजय पटेल उर्फ लल्ला करीब 40 प्रतिशत तक झुलस गए और पिछले 20 दिनों से अस्पताल के आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। परिवार अब इलाज, मुआवजे और भविष्य की चिंता को लेकर सरकार से मदद की गुहार लगा रहा है।
कुछ ही सेकंड में आग की लपटों में घिर गया पूरा शरीर
हादसे के दिन विजय पटेल अपनी बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। जैसे ही वे सुमन नगर क्षेत्र पहुंचे, अचानक गैस पाइपलाइन में जोरदार विस्फोट हुआ। देखते ही देखते आग का विशाल गुबार उठा और आसपास का पूरा इलाका इसकी चपेट में आ गया। विजय भी सीधे आग की लपटों में घिर गए। कुछ ही सेकंड में उनके पूरे शरीर में आग लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए। कोई भी आग की लपटों में घिरे विजय की मदद करने की हिम्मत नहीं जुटा सका।
200 मीटर तक दौड़े, फिर सड़क पर लेटकर बुझाई आग
जान बचाने की आखिरी उम्मीद खुद विजय ही बने। उन्होंने अपनी जलती हुई बाइक वहीं छोड़ दी और आग से बचने के लिए करीब 200 मीटर तक दौड़ लगाई। जब रास्ते में कहीं पानी नहीं मिला तो उन्होंने सड़क पर बार-बार लेटकर अपने शरीर में लगी आग बुझाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद आग तो बुझ गई, लेकिन तब तक उनका शरीर गंभीर रूप से झुलस चुका था।
झुलसी हालत में घर पहुंचे, पत्नी को आवाज देकर मांगी मदद
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद विजय ने हिम्मत नहीं हारी। किसी तरह वे अपने घर पहुंचे और पत्नी माया पटेल को आवाज लगाई मैं जल गया हूं... जल्दी बाहर आओ।
पति की हालत देखकर माया घबरा गईं। उन्होंने बिना देर किए रिक्शे की मदद से उन्हें पहले भंडारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां बर्न यूनिट नहीं होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें अरविंदो अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में बेहतर उपचार के लिए बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी अब तक दो सर्जरी हो चुकी हैं, जबकि तीसरी सर्जरी अभी बाकी है।
20 दिन बाद भी आईसीयू में चल रहा इलाज
डॉक्टरों के अनुसार विजय का करीब 40 प्रतिशत शरीर झुलस चुका है। उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है, लेकिन पूरी तरह स्वस्थ होने में अभी छह से सात महीने का समय लग सकता है। फिलहाल वे आईसीयू में भर्ती हैं और लगातार चिकित्सकीय निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी हुई थीं हादसे का शिकार
इस हादसे में सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर गिरी राजकुमारी झाला भी झुलस गई थीं। उनकी एक्टिवा और लैपटॉप पूरी तरह जलकर राख हो गए थे। घटनास्थल पर एक बाइक भी पूरी तरह जल गई थी, जिसकी पहचान बाद में विजय पटेल की बाइक के रूप में हुई।
मदद के लिए तीन दिन तक भटकती रही पत्नी
विजय की पत्नी माया का आरोप है कि हादसे के बाद उन्हें प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मदद पाने के लिए लगातार संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने बताया कि हादसे के अगले दिन वे क्षेत्रीय पार्षद से मिलने गईं, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। कई बार फोन करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। बाद में जानकारी देने पर भी तत्काल कोई सहायता नहीं मिली।
माया का कहना है कि लगातार दो दिनों तक न तो कोई अधिकारी और न ही कोई जनप्रतिनिधि उनके पति का हाल जानने पहुंचा। विरोध जताने के बाद तीसरे दिन उन्हें बॉम्बे हॉस्पिटल में शिफ्ट कराया गया।
राहत सूची में नाम नहीं होने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि शुरुआती राहत और मुआवजा प्रक्रिया में विजय पटेल का नाम शामिल ही नहीं किया गया था। कई नेता और अधिकारी अस्पताल पहुंचे, लेकिन किसी ने उनकी सुध नहीं ली। बाद में वकील की मदद से दस्तावेज तैयार कराए गए, तब जाकर उनका मामला आगे बढ़ सका।
परिवार पर टूटा आर्थिक संकट
माया पटेल ने बताया कि विजय परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य हैं। लंबे समय तक इलाज और आराम के कारण वे महीनों तक काम नहीं कर पाएंगे। ऐसे में परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। इलाज का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है, जबकि आय का कोई दूसरा स्रोत नहीं है।
सरकार से इलाज, मुआवजा और बेटी की पढ़ाई की मांग
माया ने राज्य सरकार से मांग की है कि विजय के इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाए, उचित मुआवजा दिया जाए तथा परिवार के भरण-पोषण और बेटी की पढ़ाई की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की जाए।
भावुक होते हुए उन्होंने कहा हमारी कोई गलती नहीं थी। इस हादसे ने सिर्फ मेरे पति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार के भविष्य को आग में झोंक दिया है। अगर उन्होंने हिम्मत नहीं दिखाई होती तो शायद आज वे जिंदा भी नहीं होते। अब हमें सिर्फ सरकार से न्याय और सहारे की उम्मीद है।
संबंधित समाचार

जुए की फड़ पर पुलिस की दबिश:मकान में खेल रहे 11 जुआरी गिरफ्तार; कैश और सामान जब्त

नर्मदा नदी में पेट्रोलिंग के दौरान हादसा:इंजन फेल होने से डूबी मोटर बोट; 8 जवान थे सवार

देखिये वीडियो, मुख्यमंत्री से मिले दृष्टिहीन गायक सुनील लोधी:तंबूरा बजाकर सुनाया भजन; सीएम ने किया सम्मान निधि देने का ऐलान

राहुल गांधी से संवाद के लिए क्यूआर रजिस्ट्रेशन शुरू:कांग्रेस कार्यकर्ता कॉलेज; कोचिंग और घर-घर पहुंचकर युवाओं का कर रहे पंजीयन

म्यूल अकाउंट नेटवर्क का खुलासा:4 आरोपी गिरफ्तार; साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर करने के लिए खुलवाया था खाता

कोकीन तस्करी का नेटवर्क:युगांडा की महिला और नाइजीरियाई युवक गिरफ्तार; दोनों बिना वीजा रह रहे थे

भीषण सड़क हादसा:तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्री को कुचला; दोनों की मौके पर मौत

शिक्षकों को बड़ी राहत:TET परीक्षा के आवेदन की तारीख बढ़ी; अब इस दिन तक कर सकेंगे आवेदन

देखिए वीडियो:अस्पताल के NICU में लगी आग; 9 नवजात थे भर्ती, स्टाफ ने ट्रॉली खींचकर बच्चों को निकाला

मुख्यमंत्री के परिचित से लूट:बाइक सवार बदमाश महंगा फोन छीनकर हुए फरार; 10 थानों की पुलिस तलाश में जुटी

‘बिजली काट देंगे’ का डर दिखाकर बुजुर्ग को फंसाया:बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से उड़ाए लाखों रुपए

धनकुबेर निकला एग्जीक्यूटिव इंजीनियर:आय से 200 गुना ज्यादा मिली संपत्ति; बैंक खाते और लॉकर की जांच जारी

देखिए वीडियो:महिला के पास पहुंचा युवक; इरादा भांप गया स्ट्रीट डॉग, झपटकर बचाई इज्जत

जन्माष्टमी की खुशियां मातम में बदली:कुएं में गिरी बेटी को बचाने कूदे पिता की भी मौत

बच्चों की मौत के दावे पर हाई कोर्ट सख्त:फोटो-वीडियो रोक का आदेश वापस; बच्चों की मौत के बीच रिकॉर्डिंग पर प्रतिबंध से मचा विवाद

महाकाल दर्शन के लिए आए युवक की मौत:होटल में मिला शव; कमरे से बदबू आने पर हुआ खुलासा, साथी बिल देकर गायब

बारिश में बिगड़ा बस का संतुलन:फोरलेन पर पलटी यात्रियों से भरी स्लीपर बस; कई यात्रियों को फ्रैक्चर समेत चोटें

डबल मर्डर से फैली सनसनी:पति ने पत्नी और बेटी को उतारा मौत के घाट; मूसल से किया हमला

सुबह CM मोहन यादव का 300 युवा शिक्षकों से संवाद:शाम को करेंगे मेट्रो का शुभारंभ

मेट्रो की सुरंग से हेरिटेज इमारतों को खतरा:हाईकोर्ट पहुंचे याचिकाकर्ता; बोले-नियमों के मुताबिक संवेदनशील स्थानों से 300 मीटर दूरी जरूरी
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!