ट्रामा सेंटर का काला कारनामा मरीजों की जान से खिलवाड़: प्रशासन ने बिना रजिस्ट्रेशन चल रही सोनोग्राफी और सीटी स्कैन मशीनें की सील
KHULASA FIRST
संवाददाता

खुलासा फर्स्ट, इंदौर।
जिला प्रशासन ने नियमों की अनदेखी करने वाले निजी अस्पतालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में खंडवा रोड स्थित इंदौर ट्रामा सेंटर प्राइवेट लिमिटेड की सीटी स्कैन और सोनोग्राफी मशीनों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। यह कार्रवाई पीसीपीएनडीटी एक्ट के उल्लंघन और बिना पंजीकरण के मशीनें संचालित करने के गंभीर आरोपों के तहत की गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि दयाल बाग कॉलोनी स्थित इस अस्पताल की जांच के दौरान भारी अनियमितताओं का खुलासा हुआ है। अस्पताल में न केवल अपंजीकृत सीटी स्कैन मशीन का संचालन किया जा रहा था, बल्कि डॉ. सुयश सक्सेना, डॉ. शैलेंद्र पटेल, डॉ. राजेश करंजिया, डॉ. रावेश गुर्जर और डॉ. प्राची बाथम जैसे कई चिकित्सक बिना पंजीकरण के सोनोग्राफी और ईको जैसे संवेदनशील कार्य कर रहे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी के आदेश पर डॉ. निर्मला अखंड और पीसीपीएनडीटी दल ने मौके पर पहुंचकर मशीनों को सीलबंद किया और अस्पताल के प्रमाण पत्र नवीनीकरण पर रोक लगा दी है।
कार्रवाई से निजी स्वास्थ्य केंद्रों में मचा हड़कंप
प्रशासन की इस कार्रवाई से निजी स्वास्थ्य केंद्रों में हड़कंप मच गया है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने अस्पताल में कार्यरत रहे इन सभी चिकित्सकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि मरीजों की सेहत और निर्धारित कानूनी प्रक्रियाओं से खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा।
संबंधित समाचार

पीठासीन अधिकारी की जान बचाने वाले जवान सम्मानित:चुनाव ड्यूटी के दौरान आया था हार्ट अटैक

भारतीय किसान संघ ने बिजली की आपूर्ति को लेकर की चर्चा:विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक से की भेंट

व्यापारियों का विवाद बना जानलेवा:मारपीट के बाद बुजुर्ग व्यापारी की मौत; मारे थे लात-घूंसे

लेंसकार्ट शोरूम पर प्रदर्शन करके कर्मचारियों को बिंदी-टीका लगाया:हिंदू कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!