नए गैस कनेक्शन पर लगा ब्रेक अब छोटे सिलेंडर का सहारा: पोर्टल पर प्रक्रिया ठप होने से हजारों उपभोक्ता अटके
KHULASA FIRST
संवाददाता

खुलासा फर्स्ट, इंदौर।
शहर में नया रसोई गैस कनेक्शन लेने की योजना बना रहे परिवारों के लिए फिलहाल इंतजार की घड़ी लंबी हो गई है। देश की तीनों प्रमुख तेल कंपनियों हिंदुस्तान पेट्रोलियम, भारत पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल के पोर्टल पर तकनीकी कारणों से नए कनेक्शन की मंजूरी मिलने का काम मार्च के पहले सप्ताह से ही बंद पड़ा है। इस बाधा के कारण नए आवेदकों को कनेक्शन संबंधी आधिकारिक दस्तावेज जारी नहीं हो पा रहे हैं, जिससे गैस एजेंसियों पर आवेदनों का ढेर लग गया है।
हालांकि, गैस एजेंसियों पर आवेदकों के दस्तावेज जमा करने और केवाईसी यानी पात्रता जांच की प्रक्रिया अभी भी जारी है, ताकि सिस्टम चालू होते ही तुरंत कनेक्शन दिए जा सकें। जिला आपूर्ति नियंत्रक एमएल मारू ने स्पष्ट किया है कि तेल कंपनियों की ओर से जैसे ही प्रक्रिया दोबारा शुरू होगी, सभी पात्र उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर नए गैस कनेक्शन बांट दिए जाएंगे। विभाग इस संबंध में उपभोक्ताओं को अलग से सूचना भी भेजेगा, ताकि उन्हें बार-बार एजेंसियों के चक्कर न काटने पड़ें।
आम जनता की तात्कालिक जरूरतों को देखते हुए जिला प्रशासन ने अब एक बीच का रास्ता निकाला है। नए बड़े कनेक्शन मिलने में हो रही देरी को देखते हुए सभी एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि वे इच्छुक उपभोक्ताओं को तत्काल 5 किलोग्राम वाले छोटे सिलेंडर उपलब्ध कराएं।
प्रशासन ने तेल कंपनियों के अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि आम नागरिकों की सुविधा के लिए इस वैकल्पिक व्यवस्था में कोई कोताही न बरती जाए। जब तक बड़े सिलेंडर के कनेक्शन की प्रक्रिया बहाल नहीं होती, तब तक यह छोटा सिलेंडर उन लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगा, जिन्हें तुरंत गैस की जरूरत है।
संबंधित समाचार

पीठासीन अधिकारी की जान बचाने वाले जवान सम्मानित:चुनाव ड्यूटी के दौरान आया था हार्ट अटैक

भारतीय किसान संघ ने बिजली की आपूर्ति को लेकर की चर्चा:विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक से की भेंट

व्यापारियों का विवाद बना जानलेवा:मारपीट के बाद बुजुर्ग व्यापारी की मौत; मारे थे लात-घूंसे

लेंसकार्ट शोरूम पर प्रदर्शन करके कर्मचारियों को बिंदी-टीका लगाया:हिंदू कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!