Download Our App from
Hindi News / indore / The welfare of the world will be done by listening to Lord Shri Ram Minister Thakur
खुलासा फर्स्ट… इंदौर
संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री उषा ठाकुर ने कहा कि राम को तो हम बहुत सुनते हैं, लेकिन राम की नहीं सुनते। यदि जनमानस भगवान श्रीराम की सुनने लग जाए तो विश्व का कल्याण हो जाए। मंत्री ठाकुर मानस भवन भोपाल में तुलसी जयंती समारोह को संबोधित कर रही थीं। मंत्री ठाकुर ने कहा कि सभी को श्रीराम का चरित्र, सद्गुणों और आचरण को जीवन में आत्मसात करना चाहिए, इसके लिए प्रतिदिन रामचरित मानस का पाठ अवश्य करें।
मंत्री ठाकुर ने कहा कि रामचरित मानस के अयोध्याकांड पर आधारित ऑनलाइन सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता 9 अक्टूबर 2022, रविवार को शरद पूर्णिमा पर होगी। मंत्री ठाकुर ने प्रदेशवासियों से वेबसाइट www.anandkdham.com पर 101 रुपए पंजीयन शुल्क जमा करके प्रतिभागी बनने का आग्रह किया। मंत्री ठाकुर ने प्रदेशवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक व्यक्तियों को इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित करने के लिए 4 अगस्त, 2022 को गोस्वामी तुलसीदासजी के जन्म जयंती दिवस पर रामचरित मानस के अयोध्याकांड का पाठ करते हुए सोशल मीडिया पर अपना चित्र अपलोड करें। भारतीय सनातन संस्कृति का गौरव बढ़ाए और रामानुरागी राष्ट्र भक्त होने का आदर्श प्रस्तुत करे। मंत्री ठाकुर ने तुलसी मानस भारती के प्रतिष्ठित लेखकों को भी सम्मानित किया। उन्होंने सुखरानी देवी सर्राफ स्मृति पुरस्कार 2021-22 से भोपाल के सुरेश जैन (आईएएस) और रमा अवस्थी महिला लेखिका पुरस्कार 2021-22 से भोपाल की अलका नेमा को सम्मानित किया। सम्मान स्वरूप शाल, श्रीफल और प्रमाण-पत्र प्रदान किए। मंत्री सुश्री ने श्रीराम कथा का वाचन कर रही दीदी मंदाकिनी रामकिंकर का पुष्पहार पहनाकर अभिनंदन भी किया।
तुलसी मानस प्रतिष्ठान के कार्याध्यक्ष रघुनंदन शर्मा ने कहा कि तुलसी जयंती पर तुलसी मानस प्रतिष्ठान द्वारा पांच दिवसीय तुलसी जयंती समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इसमें दीदी मंदाकिनी रामकिंकर द्वारा श्रीराम कथा सुनाई जा रही है। संयोजक राजेंद्र शर्मा और सचिव कैलाश जोशी सहित बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।
No Comment Yet!!
Copyright © 2022 Khulasa First Pvt. Ltd., All Rights Reserved
Design & Developed By Web Endeavours