https://khulasafirst.com/images/b5f3b175f01dc9f072438091e1fd3a40.png

Hindi News / indore / Shauryatra started giving the message of social harmony

सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए निकली शौर्ययात्रा : महाराणा प्रताप की 483वीं और महाराजा छत्रसाल की 374वीं जयंती मनाई

23-05-2023 : 01:38 pm ||

खुलासा फर्स्ट… इंदौर

क्षत्रिय राजपूत समाज द्वारा महाराणा प्रताप की 483वीं और महाराजा छत्रसाल की 374वीं जयंती पर कल सुबह महूनाका स्थित प्रताप प्रतिमा पर दुग्धाभिषेक कर माल्यार्पण किया गया। शाम को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के तत्वावधान में बड़ा गणपति चौराहे से शौर्ययात्रा निकाली गई। जिसमें सैकड़ों राजपूत सरदार व अन्य समाजजन शामिल हुए। यात्रा का जगह-जगह विभिन्न संगठनों व संस्थाओं द्वारा स्वागत किया गया।


महासभा के नगर अध्यक्ष दीपेंद्रसिंह सोलंकी, पप्पू ठाकुर ने बताया सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए शौर्ययात्रा निकली। यात्रा की शुरुआत में मंच पर हर समाज, वर्ग के अध्यक्षों व जनप्रतिनिधियों का सम्मान किया गया। नौ कन्याओं का पाद पूजन हुआ। शौर्य पुरस्कार भी दिए गए। शुरुआत में समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विजयसिंह परिहार और विशेष अतिथि भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजपालसिंह सिसौदिया, उदयसिंह पंवार ने संबोधित किया। यात्रा को अतिथियों ने भगवा झंडी दिखाकर रवाना किया।


झांकी में महापुरुषों के त्याग बलिदान को दर्शाया

यात्रा में 6 से अधिक झांकियां शामिल हुईं। पहली झांकी राम मंदिर, दूसरी नारी के आत्मसम्मान पर आधारित रानी पद्मावती के जौहर को दर्शाती हुई, तीसरी झांकी महाराणा प्रताप के जीवन चरित्र व सामाजिक समरसता और राजपूतों की वंशावली पर आधारित थी। एक अन्य झांकी में महापुरुषों के त्याग, बलिदान को दर्शाया गया। यात्रा में भजन गायक गन्नू महाराज और भवानीसिंह ठाकुर की मंडली ने प्रस्तुति दी। कुंवर ग्रुप के 100 से अधिक युवाओं ने यात्रा मार्ग में ट्रैफिक को सुगमता से चलने के लिए कमान संभाल रखी थी। यात्रा में सभी समाज वर्ग को आमंत्रित किया गया था। विभिन्न समाज व संगठनों ने यात्रा मार्ग में मंच लगाकर स्वागत किया।


04 किमी में निकली यात्रा

14 संगठन यात्रा में हुए शामिल

06 से 7 हजार समाजजन ने की शिरकत

25 से ज्यादा समाज के मंचों से यात्रा का हुआ स्वागत


इन मार्गों से निकली यात्रा

यात्रा मल्हारगंज, गोराकुंड, खजूरी बाजार, राजबाड़ा होते हुए बोलिया छत्री पर राम स्तुति के साथ समाप्त हुई। यात्रा में सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मालिनी गौड़, विधायक संजय शुक्ला, इंदौर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष जयपालसिंह चावड़ा, उपाध्यक्ष गोलू शुक्ला, सावन सोनकर भी शामिल हुए।


युवतियों ने किया शस्त्र कला का अनूठा प्रदर्शन

शौर्ययात्रा में युवतियों ने भी अखाड़े के माध्यम से शस्त्र कला का प्रदर्शन किया। घोड़ों पर नवयुवक महापुरुषों की वेशभूषा में थे। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं। यात्रा में दूलेसिंह राठौड़, मोहन सेंगर, गोविंदसिंह परिहार, मुकेश गौतम, सुनीलसिंह परिहार, विजयसिंह परिहार, अजय सिसौदिया, विजेंद्रसिंह चौहान, दिलीपसिंह पंवार, अंजनासिंह राजावत, कृष्णपालसिंह चौहान, चंद्रभानसिंह सोलंकी आदि उपस्थित थे।


क्षत्रिय राजपूत युवा संगठन ने भी निकाली यात्रा

इंदौर। महाराणा प्रताप जयंती पर मध्य भारत क्षत्रिय राजपूत परिषद न्यास व राजपूत युवा संगठन द्वारा शौर्य यात्रा का आयोजन किया गया। राजपूत युवा संगठन के उपाध्यक्ष सचिन पटेल ने बताया यात्रा खंडवा रोड पर टपाल घाटी से निकलकर तेजाजी नगर खेल ग्राउंड पहुंची। यात्रा में परिषद अध्यक्ष खुमानसिंह पटेल, युवा संगठन अध्यक्ष सचिनसिंह राजपूत, खेमराज बारोड़, चंपालाल पटेल, गणपतसिंह गौड़ आदि मौजूद थे।


All Comments

No Comment Yet!!


Share Your Comment


टॉप न्यूज़