Download Our App from
Hindi News / State / russia-ukraine-war-day-3 first-plane-reached-mumbai-from-romania-219-indians-return-home
खुलासा फर्स्ट...मुंबई। यूक्रेन से भारतीयों की वतन वापसी शुरू हो गई है। शनिवार को एअर इंडिया की एक फ्लाइट रोमानिया के बुखारेस्ट से 219 भारतीय यात्रियों को लेकर मुंबई पहुंच गई है। यूक्रेन से सुरक्षित निकाले गए भारतीय नागरिकों का मुंबई एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने स्वागत किया। यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के बाद पूर्व सोवियत गणराज्य से भारत के लिए यह पहली उड़ान थी।
हमें भारत सरकार पर भरोसा था
यूक्रेन से भारत वापस लौटे एक एमबीबीएस छात्र ने कहा कि मुझे भारत सरकार पर भरोसा था कि वह निश्चित तौर पर हमें अपने देश वापस लेकर आएगी। वहां कुछ डर और तनाव की स्थिति थी लेकिन अब भारत वापस आकर हम बहुत खुश हैं।
सरकार को कहा शुक्रिया
बुखारेस्ट से 219 भारतीय छात्रों को मुंबई लेकर पहुंचे एयर इंडिया के विमान की फ्लाइट अटेंडेंट ने कहा है कि हम अपने छात्रों को घर वापस लाकर बहुत खुश हैं। जब हम मुंबई पहुंचे तब छात्र उत्साह से भरे हुए थे। हमें यह मौका देने के लिए भारत सरकार को धन्यवाद।
केंद्रीय मंत्री ने किया स्वागत
मुंबई पहुंचे भारतीयों का केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने स्वागत किया और कहा कि इस संकट की शुरुआत से ही हमारा उद्देश्य यूक्रेन में फंसे सभी भारतीयों को सुरक्षित वापस लाना था। 219 छात्र यहां आ चुके हैं। यह पहला समूह था और दूसरा समूह जल्द ही दिल्ली पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा कि हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक सभी भारतीय सुरक्षित देश वापस नहीं आ जाते हैं।
...तो हमारा मिशन पूरा नहीं होगा
इससे पहले रोमानिया में भारत के राजदूत राहुल श्रीवास्तव ने छात्रों को आश्वस्त किया कि यदि एक भी भारतीय नागरिक पीछे छूट जाता है तो उनका मिशन पूरा नहीं होगा। फ्लाइट के पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर सभी लोगों से कहा गया कि अन्य भारतीय जो अभी भी यूक्रेन में हैं उन्हें आश्वस्त करें कि भारत सरकार उन्हें वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
24 घंटे काम कर रही हमारी टीमें
इससे पहले भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा था कि वह व्यक्तिगत रूप से निकासी प्रयासों की निगरानी कर रहे हैं और सरकार प्रगति कर रही है। उन्होंने विमान में सवार छात्रों की तस्वीरें ट्वीट की। इसके साथ ही लिखा कि यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को निकालने के संबंध में हम प्रगति कर रहे हैं। हमारी टीमें चौबीसों घंटे जमीन पर काम कर रही हैं। 219 भारतीय नागरिकों के साथ मुंबई के लिए पहली फ्लाइट ने रोमानिया से उड़ान भरी है।
No Comment Yet!!
Copyright © 2022 Khulasa First Pvt. Ltd., All Rights Reserved
Design & Developed By Web Endeavours