Download Our App from
Hindi News / indore / Order to attach the land of land mafia Mohsin
खुलासा फर्स्ट… इंदौर
जनसुनवाई में कल एक बार फिर एक भूमाफिया कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी के हत्थे चढ़ा। उन्होंने उसकी जमीन को कुर्क करने के आदेश जारी कर दिए। पीड़ित किसान और प्लॉटधारक दोनों तमाम शिकायतें लेकर पहुंचे थे। भूमाफिया मोहसीन कबीर खान और उसका साथी समीर मुल्तानी ने सिमरोल के पास ड्रीम्स पार्क नामक काॅलोनी काटी है। जिस जमीन पर काॅलोनी काटी है, उसके मालिक किसानों को भी पूरा पैसा नहीं दिया।
भूमाफियाओं ने किसानों के साथ धोखा करने के बाद सैकड़ों लोगों को धोखे में रखते हुए प्लॉट बेच दिए। अब ना तो उन्हें प्लॉट का कब्जा दिया जा रहा है और ना ही राशि लौटाई जा रही है। पीड़ित अखिलेश दीक्षित ने बताया कि पीड़ित प्लॉट धारकों ने रेरा में शिकायत भी दर्ज कराई थी, जिसके बाद राशि लौटाने के लिए आरआरसी जारी की गई, लेकिन क्षेत्र के अधिकारी वसूली करने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। कल जनसुनवाई में पहुंचे पीड़ितों के सामने ही कलेक्टर ने मोहसीन को बुलाया और उसकी जमीन को कुर्क करने का आदेश जारी कर दिया। इस दौरान जमकर बहस भी हुई। कलेक्टर ने सख्ती से कहा कि उन्हें पीड़ितों को प्लॉट पर कब्जा तो देना ही पड़ेगा।
कोरोना में अनाथ बच्चों को दी छत
अनाथ भाई-बहन की अपील पर कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी ऐसे पिघले कि उन्होंने उनके लिए तुरंत छत की व्यवस्था की। इन दोनों बच्चों के माता-पिता का कोरोना काल में निधन हो गया था। बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था भी कलेक्टर ने की। दोनों बच्चे बाणगंगा के निवासी हैं। इनमें से एक कोमल सांखला नामक बच्ची ने कलेक्टर को बताया कि माता-पिता के निधन के बाद से क्षेत्र में रहने वाली एक दीदी उनकी मदद करती हैं, लेकिन हम अब उन पर बोझ नहीं बनना चाहते। हम चाहते हैं कि हमारी पढ़ाई और रहने की व्यवस्था हो जाए। कलेक्टर ने दोनों बच्चों की बातें ध्यान से सुनी और तमाम बातें पूछी। इसके बाद उन्होंने दोनों बच्चों के रहने और खाने की व्यवस्था अहिल्याश्रम होस्टल में करवा दी। ये सुनकर बच्चों की आंखों में आंसू छलक आए और उन्होंने कलेक्टर को धन्यवाद दिया।
दिव्यांग युवती को मिला ई-वाहन
खजूरी बाजार की दिव्यांग कोमल व्यास की बातों से द्रवित होकर कलेक्टर ने तुरंत ई-वाहन स्वीकृत की। युवती ने बताया कि वह घर से बैठ कर काम करती है। कोरोना काल के समय से घर बैठ कर काम कर रही है। लेकिन अब ऑफिस में जाकर काम करना होगा। उसके घर में उसकी मां और छोटा भाई भी हैं। ऑफिस जाने के लिए व्हीकल की जरूरत पड़ेगी। कलेक्टर ने उसकी बात ध्यान से सुनी और कोमल को ई व्हीकल देने के निर्देश दिए।
अवैध काॅलोनियों के लिए कांग्रेस जिम्मेदार नहीं
कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला ने कहा है कि 20 साल में भाजपा शासन के दौरान विकसित अवैध काॅलोनियों के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। झूठ बोलने में माहिर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की नीयत में खोट है।
शुक्ला ने कहा कि भाजपा शासनकाल में सबसे ज्यादा अवैध काॅलोनियां पनपीं। इन काॅलोनियों को विकसित करने वाले कॉलोनाइजर भी भाजपा से ही जुड़े हुए हैं। कल नियमितीकरण के लिए भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया का ये कहना कि कांग्रेस ने अवैध काॅलोनियां बसाई हैं और उन्हें पोषित किया, पूरी तरह झूठ और बकवास है। हकीकत तो यह है कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की नीयत में खोट है। कमलनाथ सरकार ने सभी काॅलोनियों को वैध कर दिया था, लेकिन बाद में मुख्यमंत्री बने शिवराज ने वो आदेश रोक लिया। विधानसभा चुनाव करीब आए तो उसी आदेश का क्रियान्वयन करने के लिए जनता को बरगलाने में लगे हैं।
गांधी हॉल किराए पर देना गलत
विधायक संजय शुक्ला ने गांधी हाल को ठेके पर देने का विरोध किया है। यह इंदौर की जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। इस महत्वपूर्ण इमारत का स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत 6 करोड रुपए खर्च कर जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण किया गया है। परिसर को बदहाल करने का काम तो निगम ने पहले ही कर दिया है, अब ठेके पर देने से पूरे गांधी हॉल परिसर बदहाल हो जाएगा। फैसला वापस नहीं लिया तो आंदोलन किया जाएगा।
No Comment Yet!!
Copyright © 2022 Khulasa First Pvt. Ltd., All Rights Reserved
Design & Developed By Web Endeavours