Download Our App from
Hindi News / politics / National President of Congress Kharge will come on 26
खुलासा फर्स्ट… इंदौर
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 26 नवंबर को संविधान दिवस पर इंदौर आएंगे और महू जाकर बाबा साहेब की जन्मस्थली पर श्रद्धांजलि अर्पित कर भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे। राहुल भी इसी दिन महू पहुंंचेंगे और रात्रि विश्राम करेंगे। खड़गे जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल और प्रवक्ता अमित चौरसिया ने बताया कि खड़गे शाम 5.30 बजे इंदौर पहुंचेंगे। महू णएँ वे संविधान दिवस के मौके पर संविधान निर्माता बाबा साहेब आम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। वे शाम 6.45 पर डॉ. अंबेडकर के योगदान को याद करने और समाज में संविधान के महत्व का प्रसार करने के उद्देश्य से आयोजित ड्रीमलैंड चौराहा महू पर जनसभा में भाग लेंगे। तत्पश्चात इंदौर में रात्रि विश्राम कर 27 नवंबर को दोपहर 12.15 बजे विशेष विमान से गुजरात विधानसभा चुनाव में प्रचार हेतु वडोदरा रवाना हो जाएंगे।
राहुल की इंदौर यात्रा का रूट तय
कल आ रही भारत जोड़ो यात्रा का इंदौर में रूट तय हो गया। राहुल 27 नवंबर को सुबह 6 बजे महू से इंदौर शहर की ओर रवाना होंगे। उनकी भारत जोड़ो यात्रा दोपहर करीब 12 बजे राऊ के आगे एयू सिनेमा के समीप पहुंचेगी, जहां लंच ब्रेक होगा। इसके बाद शाम 4 बजे यात्रा शुरू होकर राजेंद्र नगर पुलिस थाने के सामने से होते हुए राजेंद्र नगर ब्रिज से चाणक्यपुरी चौराहा पहुंचेगी और वहां से केसरबाग ब्रिज से उतरकर चोइथराम मंडी चौराहा पहुंच जाएगी।
चोइथराम मंडी चौराहा से माणिकबाग रोड से मणिकबाग पुल से कलेक्टर चौराहा और वहां से हरसिद्धि मंदिर के पास से गांधी भवन होते हुए राजवाड़ा पहुंचेगी, जहां यत्रा का उस दिन का समापन होगा। राहुल महालक्ष्मी मंदिर के सामने बनाए गए मंच से नुक्कड़ सभा को भी संबोधित भी करेंगे। इसके बाद सभी चिमनबाग मैदान पहुंचेंगे, जहां रात्रि विश्राम होगा। इसी रात्रि में खालसा स्टेडियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें राहुल समेत सभी यात्री शिरकत करेंगे। 28 नवंबर को सुबह 6 बजे यात्रा बड़ा गणपति चौराहा से शुरू होगी। यहां से पदयात्रा जिंसी चौराहा से किला मैदान होते हुए मरीमाता चौराहा जाएगी।
यात्रा के भव्य स्वागत के लिए बैठक
यात्रा को क्षेत्र क्र 3 के कार्यकर्ताओं की बैठक कल शाम गांधी भवन में हुई। प्रभारी दीपक पिंटू जोशी, अरविंद बागड़ी, शैलेष गर्ग ने बैठक में स्वागत की रूपरेखा प्रस्तुत की। संगठन प्रभारी महेंद्र जोशी ने कहा कि नेता जब सर्वोच्च सदन में भारत की जनता की ओर से अपनी बात रखते हैं तब माइक बंद कर दिए जाते हैं। इसलिए वे जनता के बीच में आकर अपनी बात कर रहे हैं। दिलों को जोड़ने वाली ये यात्रा का अच्छे से अच्छा स्वागत होना चाहिए। काले धन के बल पर खरीद-फरोख्त कर चुनी हुई सरकार गिरा देते हैं। पूरा देश मजहबी हिंसा और नफरत की आग में झुलस रहा है। ऐसे में देश और प्रदेश की जनता कांग्रेस पार्टी से उम्मीद कर रही है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने कहा कि पिछले एक माह से हम लगातार यात्रा की अगवानी को लेकर तयारी कर रहे हैं। यात्रा का स्वरूप कितना बड़ा है, यह आप सभी को बुरहानपुर से हुए आगाज से लग गया होगा। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ आम जनता इस यात्रा को अपना समर्थन दे रही है। राजवाड़ा इंदौर का हृदय स्थल है, जिसकी बड़ी जवाबदारी विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 3 की बनती है। प्रभारी दीपक पिंटू जोशी ने कहा कि सौभाग्य है कि राहुल के नेतृत्व में निकल रही यात्रा देश के हृदय मध्यप्रदेश से होकर जा रही है। बैठक में हनी पांडे, पूर्व पार्षद दिलीप कौशल, विनीत ठाकुर, दिनेश कुशवाह, ब्लॉक अध्यक्ष निलेश पटेल, शेलु सेन, मिन्ना भाटिया, निखिल वर्मा, काशीनाथ मिश्रा, मंसूर अली, हलीमा बी, नसरीन खान, किरण वेद, सचिन सिलावट आदि मौजूद थे।
आमंत्रण पत्र का विमोचन
भारत जोड़ो यात्रा के लिए तैयार आमंत्रण पत्र का विमोचन संगठन प्रभारी महेंद्र जोशी, सुरजीत सिंह चड्ढा, प्रवक्ता घनश्याम जोशी ने किया।
रातोरात निकाला पोस्टर
भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कांग्रेसियों ने एमजी रोड थाना भवन पर एक पोस्टर लगा दिया था। पूर्व पार्षद राजू कुवाल द्वारा इसकी तस्वीर वायरल किए जाने के बाद रातोरात इस पोस्टर को हटाया गया। उनका कहना था कि शासकीय भवन पर राजनीतिक पोस्टर नहीं लगाए जा सकते।
No Comment Yet!!
Copyright © 2022 Khulasa First Pvt. Ltd., All Rights Reserved
Design & Developed By Web Endeavours