Download Our App from
Hindi News / indore / National flag will be distributed from more than five hundred and fifty places
खुलासा फर्स्ट… इंदौर
11 अगस्त से शुरू होने वाले हर घर तिरंगा अभियान की व्यापक तैयारियां जारी हैं। इस अभियान को जनआंदोलन बनाने की शुरुआत हो चुकी है। अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए बुधवार को शहर के विभिन्न व्यापारिक और औद्योगिक संगठनों ने एकत्रित होकर संकल्प लिया कि वे अपने-अपने संस्थानों और घरों में राष्ट्रीय ध्वज लगाएंगे। साथ ही 15 अगस्त तक विशेष सजावट की जाएगी और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों का आयोजन उनके द्वारा किया जाएगा। विशेष साज-सज्जा करने वाले संस्थानों को उन्होंने पुरस्कृत करने का निर्णय भी लिया।
यह जानकारी रवींद्र नाट्य गृह में हुई बैठक में दी गई। बैठक में कलेक्टर मनीष सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल, इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष जयपालसिंह चावड़ा, नवनिर्वाचित महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मालिनी गौड़, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, इंदौर विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष मधु वर्मा, भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे और अनिल भंडारी विशेष रूप से मौजूद थे।
बैठक में शहर के विभिन्न व्यापारिक और औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि भी मौजूद थे। सभी ने एकमत होकर संकल्प लिया कि राष्ट्रभक्ति के इस अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता देंगे व स्वयं अपने-अपने संस्थानों और घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। साथ ही अपने-अपने सदस्यों तथा कर्मचारियों को भी राष्ट्रीय ध्वज लगाने के लिए प्रेरित करेंगे। कर्मचारियों को एसोसिएशन और संस्थानों द्वारा नि:शुल्क राष्ट्रीय ध्वज दिए जाएंगे, जिससे कि वह अपने-अपने घरों में इसे फहरा सकें।
संस्थानों ने विशेष कार्यक्रम का लिया निर्णय
बैठक में इंदौर दूध विक्रेता संघ के भरत मथुरावाला ने बताया कि सभी दूध विक्रेता अपने-अपने वाहनों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाएंगे। वह अपने उपभोक्ताओं से आग्रह करेंगे कि वें राष्ट्रीय ध्वज अवश्य लगाएं। साथ ही वह यह भी देखेंगे कि रास्ते में कहीं राष्ट्रीय ध्वज तो नहीं पड़ा है, अगर राष्ट्रीय ध्वज उन्हें जमीन पर पड़ा हुआ मिलेगा तो उसे वह सम्मान के साथ उठा कर रखेंगे।
15 अगस्त तक लगातार राष्ट्रभक्ति के होंगे कार्यक्रम, होटलों और रेस्टोरेंट में बनेगे सेल्फी प्वाइंट, सर्वश्रेष्ठ संस्थान को किया जाएगा पुरस्कृत
नर्मदा में नाव में तिरंगा, हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने लगा है समाज
विशेष सजावट की जाएगी
इसी तरह इंदौर क्लॉथ मार्केट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि इंदौर क्लॉथ मार्केट में अभियान के दौरान विशेष सजावट की जाएगी। बैठक में मुख्य रूप से सराफा एसोसिएशन, इंदौर लोहा मंडी व्यापारी एसोसिएशन, सियागंज व्यापारी एसोसिएशन, मालवा चेंबर ऑफ कॉमर्स, पालदा औद्योगिक संगठन, सांवेर रोड औद्योगिक संगठन, अहिल्या चेंबर ऑफ कॉमर्स, तिलहन व्यापारी संघ सहित अन्य व्यापारिक और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि विशेष रूप से मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर मनीष सिंह ने अभियान के स्वरूप की जानकारी दी और आग्रह किया कि इस अभियान को जन आंदोलन बनाया जाए। सभी संस्था और संगठन अपने-अपने स्तर से सक्रिय सहभागिता देवें। अभियान के दौरान अपने संस्थानों और घरों में राष्ट्रीय ध्वज अवश्य फहराएं। बैठक में इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज राष्ट्रीय भक्ति का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान देशभक्ति का भाव जगाने तथा देश की उत्तरोत्तर प्रगति में सक्रिय सहभागिता का अभियान है। इस अभियान से हर किसी नागरिक को जरूर जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त की रात्रि को ठीक 8 बजे दीपोत्सव मनाया जाए। सभी अपने-अपने घरों में दीपक जलायें।
यह अभियान नए भारत के निमार्ण का अभियान : भार्गव
नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि यह अभियान नये भारत के निर्माण का अभियान है। इस अभियान से राष्ट्रभक्ति और कर्म करने की प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्रम को गौरव रणदिवे, मालिनी गौड़, पवन तिवारी आदि ने भी संबोधित किया। व्यापारिक और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिये अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
550 से अधिक विक्रय केंद्र खोले
बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल ने राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता के बारे में बताया कि जिले में लगभग साढ़े पांच सौ से अधिक स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज के सशुल्क वितरण की व्यवस्था की गई है। शहर में हर वार्ड में दो-दो विक्रय केन्द्र बनाए जा रहे हैं। इन विक्रय केन्द्रों पर निर्धारित 15 रुपए का शुल्क देकर राष्ट्रीय ध्वज प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिले में लगभग साढ़े सात लाख झंडों का निर्माण किया जा रहा है। यह झंडे स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित हो रहे हैं।
नर्मदा में नाव-नाव में तिरंगा
समूचे मध्य प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान अब व्यापक रूप लेता जा रहा है। इंदौर संभाग के सुप्रसिद्ध पर्यटन स्थल महेश्वर में बुधवार को अनूठा नजारा देखने को मिला, जब मां नर्मदा की बहती धारा में उतरी नावों ने तिरंगा रैली निकालकर सबका मन मोहा। महेश्वर में नर्मदा नदी की लहरों के बीच नाविकों ने अपनी-अपनी नावों में तिरंगा फहराकर जन-जन को देश भक्ति का संदेश दिया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत नर्मदा नदी में नगर परिषद महेश्वर और नौका विहार समिति के माध्यम से यह तिरंगा रैली निकाली गई। करीब 40 नावों के माध्यम से केवट समाज के लोगों ने सभी नावों में सम्मान के साथ तिरंगा फहराया। नर्मदा स्नान करने पहुंचे श्रद्धालु और यहां आए पर्यटकों ने देश भक्ति के इस अद्भुत संदेश पर खुशी व्यक्त की।
होटलों और रेस्टोरेंट में बनेंगे सेल्फी पाइंट
इसी तरह होटल और रेस्टोरेंट एसोसिएशन के सुमित सूरी ने बताया कि सभी होटलों और रेस्टोरेंट में सेल्फी पाइंट बनाए जाएंगे। होटलों और रेस्टोरेंट की विशेष साज-सज्जा भी की जाएगी। सर्वश्रेष्ठ सेल्फी पाइंट बनाने वाले संस्थान को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
No Comment Yet!!
Copyright © 2022 Khulasa First Pvt. Ltd., All Rights Reserved
Design & Developed By Web Endeavours