https://khulasafirst.com/images/b5f3b175f01dc9f072438091e1fd3a40.png

Hindi News / sports / France or Argentina who will be the champion

फ्रांस या अर्जेंटीना... कौन बनेगा चैंपियन? : फाइनल का महामुकाबला आज रात 8.30 बजे

18-12-2022 : 02:44 pm ||

फीफा वर्ल्ड कप 2022

दोहा | एजेंसी

अर्जेंटीना और फ्रांस के बीच रविवार को होने वाले विश्वकप फाइनल में एक तरफ जहां लियोनेल मेसी होंगे, वहीं दूसरी तरफ उन्हें टक्कर देने के लिए काइलियन एम्बाप्पे होंगे। मेसी इससे पहले भी फाइनल में खेल चुके हैं लेकिन उनकी टीम 2014 में जर्मनी से हार गई थी। एम्बाप्पे के रहते हुए फ्रांस ने 2018 में क्रोएशिया को हराकर विश्वकप जीता था। इन दोनों सहित जिन अन्य खिलाड़ियों पर विश्वकप फाइनल में नजर टिकी रहेगी, उनकी जानकारी इस प्रकार है।


लियोनेल मेसी : 35 साल के मेसी अर्जेंटीना की टीम के दिल और आत्मा दोनों हैं। वह टूर्नामेंट में अब तक पांच गोल कर चुके हैं और इस मामले में संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। जब भी गोल करने का मौका हो तब मेसी की फुर्ती देखने लायक होती है। विश्व कप का खिताब उन्हें डियागो माराडोना के समान ‘आइकन’ का दर्जा दिला देगा।


जुलियन एल्वारेज : एल्वारेज ने टूर्नामेंट आगे बढ़ने के साथ लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और उन्होंने अब तक चार गोल दागे हैं। मैनचेस्टर सिटी की तरफ से खेलने वाले इस 22 वर्षीय खिलाड़ी का तेज दौड़ लगाने में कोई सानी नहीं है। उन्होंने क्रोएशिया के खिलाफ सेमीफाइनल में टीम की 3-0 से जीत में मेसी के साथ शानदार जोड़ी बनाई थी।


एमिलियानो मार्टिनेज : अर्जेंटीना का यह गोलकीपर छह फुट चार इंच लंबा है। यदि फाइनल मैच पेनल्टी शूटआउट तक खिंचता है तो फिर मार्टिनेज की भूमिका अहम होगी। उन्होंने नीदरलैंड के खिलाफ क्वार्टर फाइनल और पिछले साल कोपा अमेरिका के सेमीफाइनल में पेनल्टी शूटआउट में अर्जेंटीना को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।


नहुएल मोलिना : मोलिना ऊर्जावान फुल बैक है और उनमें मजबूत डिफेंडर होने के सभी लक्षण मौजूद है। एटलेटिको मैड्रिड के 24 वर्षीय खिलाड़ी मोलिना को अपने आक्रामक रवैये के लिए भी जाना जाता है।


एंजो फर्नांडीज : फर्नांडीज ने टूर्नामेंट की शुरुआत स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में की थी लेकिन अर्जेंटीना के मैक्सिको पर जीत में गोल करने के बाद वह टीम के मुख्य खिलाड़ी बन गए। वह अर्जेंटीना की मध्य पंक्ति के प्रमुख खिलाड़ी हैं।


फ्रांस के इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर

काइलियन एम्बाप्पे : अर्जेंटीना के लिए एम्बाप्पे सबसे बड़े खतरनाक खिलाड़ी हैं जो अपनी तेजी और गोल करने में महारत के लिए जाने जाते हैं। पेरिस सेंट जर्मेन की तरफ से खेलने वाला यह 23 वर्षीय स्ट्राइकर विश्व कप में अभी तक मेसी के समान पांच गोल दाग चुका है। अर्जेंटीना के खिलाफ जीत दर्ज करने पर वह महानतम खिलाड़ियों में शामिल हो जाएंगे।


एंटोनियो ग्रीजमैन : 31 साल ग्रीजमैन इस विश्वकप में फ्रांस के लिए महत्वपूर्ण खिलाड़ी साबित हुए हैं। एटलेटिको मैड्रिड के इस स्ट्राइकर ने अपने कौशल में रक्षात्मक गुण भी जोड़े हैं। फाइनल में मेसी के साथ उनका मुकाबला देखने लायक होगा।


ह्यूगो लोरिस : टोटेनहैम की तरफ से खेलने वाले 35 वर्षीय ह्यूगो लोरिस पहले ऐसे कप्तान बनने की राह पर हैं जिन्होंने दो विश्वकप जीते। वह मितभाषी हैं लेकिन अपने काम को अच्छी तरह से अंजाम देते हैं। फ्रांस की तरफ से सर्वाधिक मैच खेलने का रिकॉर्ड उन्हीं के नाम पर है।


राफेल वरान : फ्रांस की रक्षापंक्ति की मजबूत कड़ी हैं 29 वर्षीय राफेल वरान। वह अपने करियर में चोटों से जूझते रहे हैं लेकिन अब अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए तैयार हैं। रियाल मैड्रिड को चार बार चैंपियंस लीग का खिताब दिलाने में उनकी भूमिका अहम रही है।


ऑरेलियन टचौमेनी : टचौमेनी पिछले चार साल से पाल पोग्बा की जगह मध्य पंक्ति में अपनी भूमिका पूरी निष्ठा के साथ निभा रहे हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ गोल करके पोग्बा जैसे करारे शॉट जमाने की अपनी काबिलियत का अच्छा नमूना पेश किया था। अर्जेंटीना को मध्य पंक्ति में उनसे पार पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ेगी।


ग्वार्डिओल और ऑरसिच ने दागे गोल

मोरक्को को हराकर क्रोएशिया ने जीता ब्रांज मेडल


फीफा वर्ल्ड कप में शनिवार को थर्ड प्लेस के मुकाबले में क्रोएशिया ने मोरक्को को 2-1 से हराया। इसी के साथ क्रोएशिया ने फीफा वर्ल्ड कप में तीसरा स्थान हासिल किया। उसे ब्रॉन्ज मेडल मिला। इससे पहले 1998 में पहली बार क्रोएशिया ने फीफा वर्ल्ड कप खेला था। उस दौरान भी टीम ने तीसरी पोजीशन हासिल की थी। क्रोएशिया के जोस्को ग्वार्डिओल ने 7वें और मिस्लॉव ऑरसिच ने 42वें मिनट में गोल दागा। मोरक्को के लिए एकमात्र गोल डिफेंडर अशरफ दारी ने 9वें मिनट में किया। इस मैच से पहले भी दोनों टीमें इसी टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज में भिड़ी थी। दोनों ने वहां ड्रॉ खेला था।


क्रोएशिया के डिफेंडर जोस्को ग्वार्डिओल ने मैच का पहला गोल 7वें मिनट में दागा। क्रोएशिया के कप्तान लुका मोड्रिच ने गोल की तरफ फ्री किक मारी और बॉल टीम के खिलाड़ी इवान पेरिसिच से हो कर ग्वार्डिओल के पास गई। उन्होंने मौके का फायदा उठाते हुए हेडर मार कर गोल दाग दिया।


क्रोएशिया के गोल के ठीक 2 मिनट बाद मोरक्को ने किया स्कोर बराबर : मोरक्को ने क्रोएशिया को लीड बरकरार नहीं रखने दी। क्रोएशिया के गोल के ठीक दो मिनट बाद ही मोरक्को के डिफेंडर अशरफ दारी ने 9वें मिनट में गोल स्कोर किया। मोरक्को के खिलाड़ी जिएच ने गोल की तरफ बॉल मारी। बॉल टारगेट पर नहीं गई लेकिन मौके पर दारी थे। उन्होंने हेडर लिया और बॉल को नेट के अंदर पहुंचा दिया।


क्रोएशिया ने हाफ टाइम के पहले ली लीड

क्रोएशिया ने हाफ टाइम के ठीक पहले लीड ली। टीम के खिलाड़ी मिस्लॉव ऑरसिच ने 42वें मिनट में गोल दागा। पेनल्टी बॉक्स के लेफ्ट साइड पर उनके पास बॉल आई जिसे उन्होंने नजाकत के साथ शॉट लेते हुए राइट कार्नर पर गोल दाग दिया।


पहले हाफ में क्रोएशिया हावी

पहले हाफ में क्रोएशिया का दारोमदार रहा। फर्स्ट हाफ में क्रोएशिया ने गोल की तरफ 7 शॉट मारे जिसमे से 2 गोल में तब्दील हुए। वहीं, मोरक्को ने गोल की तरफ 4 शॉट मारे जिसमे से एक ही गोल में कन्वर्ट हुआ। क्रोएशिया ने 60% बाॅल पजेशन रखी। जबकि मोरक्को के पास 40% समय बॉल रही। दोनों टीमों ने 2-2 कार्नर लिए।


All Comments

No Comment Yet!!


Share Your Comment


टॉप न्यूज़