Download Our App from
Hindi News / sports / France in the quarterfinals due to Mbappe amazing
दोहा… एजेंसी
फ्रांस ने कतर में चल रहे फुटबॉल विश्व कप के तीसरे क्वार्टर फाइनल में पोलैंड को 3-1 से हरा दिया। गत चैंपियन ने आसानी से इस मैच को जीतकर क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया। उसके लिए युवा स्टार किलियन एम्बाप्पे ने दो गोल (74वें और 90+1वें मिनट) किए। वहीं, अनुभवी ओलिवर जिरूड ने 44वें मिनट में गोल कर एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह फ्रांस के लिए सबसे ज्यादा 52 गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने पूर्व दिग्गज थिएरी हेनरी को पीछे छोड़ा।
फ्रांस ने कुल नौवीं बार विश्वकप के अंतिम आठ में जगह बनाई है। इसके साथ ही फ्रांस ने 1982 के विश्वकप में तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में पोलैंड से मिली 2-3 की हार का हिसाब 40 वर्ष बाद चुकता कर लिया। पोलैंड की ओर से एकमात्र गोल इंजरी टाइम में मिली पेनाल्टी पर कप्तान रॉबर्ट लेवांडोवस्की (90+9वें मिनट) ने किया।
तीनों गोल करने में रही एम्बाप्पे की भूमिका
फ्रांस की ओर से हुए तीनों गोल करने में एम्बाप्पे की भूमिका रही। पहला हाफ समाप्त होने से से एक मिनट पहले जिरूड ने एम्बाप्पे के पास पर गोल किया। 74वें मिनट में जिरूड ने गेंद उस्मान डेम्बेले की ओर भेजी। डेम्बेले ने एम्बाप्पे की तरफ सरका दी। 23 वर्षीय स्टार स्ट्राइकर एम्बाप्पे ने बिना गलती किए बाएं कॉर्नर से गोल कर फ्रांस की बढ़त 2-0 कर दी। मैच समाप्ति की ओर बढ़ रहा था। इंजरी टाइम शुरू हो गया। एम्बाप्पे ने थुरम के पास पर ऊपरी दाएं कोने में दाएं पैर से प्रहार करते हुए गेंद को सीधे गोल पोस्ट में पहुंचा दिया।
इस विश्वकप का पांचवां और रिकॉर्ड नौवां गोल
एम्बाप्पे इस विश्वकप के चार मैचों में अब तक पांच गोल कर चुके हैं। वहीं, उन्होंने 2018 में अपने पहले विश्वकप के सात मैचों में चार गोल किए थे। एम्बाप्पे 24 वर्ष पूरी करने से पहले विश्वकप में नौ गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इसके साथ ही वह लियोनल मेसी के साथ विश्वकप में नौ गोल करने के मामले में संयुक्त रूप से 12वें खिलाड़ी बन गए हैं।
रॉबर्ट लेवानडॉस्की का गोल व्यर्थ
पोलैंड के रोबर्ट लेवाडोवस्की का गोल टीम के काम नहीं आया। इंजरी टाइम के 7वें मिनट यानी 90+7 वें मिनट में उन्होंने गोल किया। यह गोल पेनाल्टी के जरिए हुआ। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उनके गोल के तुरंत बाद फुल टाइम हो गया और मैच खत्म हुआ।
फ्रांस दो बार बना है चैंपियन
पोलैंड की टीम चौथी बार प्री-क्वार्टर फाइनल से बाहर हुई है। पोलैंड का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन विश्वकप में 1974 और 1982 में था, जब टीम तीसरे स्थान पर रही थी। फ्रांस की टीम नौवीं बार विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंची है। इससे पहले 1938, 1958, 1982, 1986, 1998, 2006, 2014, 2018 में अंतिम आठ में प्रवेश किया था। फ्रांस ने 1998 और 2018 में खिताब भी जीता था।
हैरी केन, जॉर्डन हेंडरसन और बुकायो साका ने दागा गोल
इंग्लैंड ने सेनेगल को हराकर क्वार्टर फाइनल पहुंची
इंग्लैंड ने कतर में चल रहे फुटबॉल विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है। उसने रविवार को चौथे प्री-क्वार्टर फाइनल में अफ्रीकी चैंपियन सेनेगल को 3-0 से हरा दिया। इंग्लैंड के लिए मैच में कप्तान हैरी केन, उपकप्तान जॉर्डन हेंडरसन और युवा स्टार बुकायो साका ने एक-एक गोल दागे। क्वार्टर फाइनल में उसका मुकाबला गत चैंपियन फ्रांस से होगा इंग्लैंड की टीम विश्व कप इतिहास में 10वीं बार क्वार्टर फाइनल में पहुंची है। पिछली बार रूस में हुए विश्व कप में वह चौथे स्थान पर रहा था। इंग्लैंड इससे पहले 1954, 1962, 1966, 1970, 1986, 1990, 2002, 2006 और 2018 में क्वार्टर फाइनल में पहुंचा था।
इंग्लैंड के लिए अनुभवी जॉर्डन हेंडरसन ने पहला गोल किया। उन्होंने जूड बेलिंघम के पास पर 38वें मिनट में टीम के लिए पहला गोल किया। उनके बाद हाफटाइम से ठीक पहले कप्तान हैरी केन ने स्कोर शीट पर अपना नाम दर्ज करवा लिया। केन ने फिल फोडेन के पास पर इंजरी टाइम (45+3वें मिनट) में गोल किया। उनका इस विश्व कप में यह पहला गोल है। हैरी केन का विश्व कप इतिहास में यह कुल सातवां गोल है।
इंग्लैंड ने की 2018 की बराबरी
इंग्लैंड के लिए इस विश्व कप में 12वां गोल है। उसने गोल के मामले में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बराबरी कर ली है। इंग्लैंड ने 2018 में कुल 12 गोल किए थे।
सादियो माने की कमी खली
सेनेगल की टीम इसी साल अफ्रीकन कप जीती थी। वह टूर्नामेंट में एक मजबूत टीम के रूप में आई थी, लेकिन स्टार स्ट्राइकर सादियो माने के बाहर होने के बाद उसे बड़ा झटका लगा। उनके चोटिल होने के बावजूद सेनेगल की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और प्री-क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया। इंग्लैंड के खिलाफ पहले हाफ में उसने बेहतरीन खेल दिखाया, लेकिन दो गोल हो जाने के बाद टीम का मनोबल टूट गया। बड़े मैच में टीम को अनुभवी सादियो माने की कमी खली।
हाफटाइम के बाद साका ने किया गोल
हाफटाइम तक इंग्लिश टीम 2-0 से आगे थी। इंग्लैंड की टीम 2002 के बाद पहली बार विश्व कप के नॉकआउट मैच में हाफटाइम तक 2-0 से आगे है। तब उसने डेनमार्क के खिलाफ 2-0 की लीड ली थी। तब वह 3-0 से जीता था। सेनेगल के खिलाफ हाफटाइम के बाद इंग्लैंड ने अटैक जारी रखा। इसका फायदा उसे 57वें मिनट में मिला। इंग्लैंड के लिए मैच में तीसरा गोल बुकायो साका ने किया। इस विश्व कप में साका का यह तीसरा गोल है।
लियोनल मेसी ने तोड़ा माराडोना का रिकॉर्ड
लियोनल मेसी का यह 1000वां मैच था और इस मुकाबले में एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर मेसी ने इस खास बना दिया। उन्होंने अपनी टीम को जीत दिलाई और क्वार्टर फाइनल में पहुंचाया। उनके शानदार खेल के लिए उनको प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार भी मिला। फीफा विश्व कप 2022 के किसी नॉकआउट मैच में यह मेसी का पहला गोल था। इसके साथ ही उन्होंने अपने देश के दिग्गज माराडोना की बराबरी कर ली।
फीफा विश्व कप में मेसी अर्जेंटीना के लिए नौ गोल कर चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने दिग्गज डिएगो माराडोना को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम विश्व कप में आठ गोल हैं। मेसी फीफा विश्व कप में अर्जेंटीना के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। फीफा विश्व कप में अर्जेंटीना के लिए सबसे ज्यादा 10 गोल गेब्रियल बतिस्तुता ने किए हैं। मेसी फिलहाल बतिस्तुता से एक गोल पीछे हैं। मेसी ने 16 अक्टूबर 2004 को अपना पहला मैच खेला था और तीन दिसंबर 2022 को उन्होंने अपना 1000वां मैच खेला। इस दौरान वह कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं और दुनिया के सबसे लोकप्रिय खिलाड़ियों में से एक हैं।
आज इन टीमों की होगी भिड़ंत
जापान - क्रोएशिया रात 08.30 बजे
ब्राजील - साउथ कोरिया साउथ कोरिया रात 12.30 बजे
No Comment Yet!!
Copyright © 2022 Khulasa First Pvt. Ltd., All Rights Reserved
Design & Developed By Web Endeavours