Download Our App from
Hindi News / indore / BJP did the work of honoring tribal great men Minister Usha Thakur
खुलासा फर्स्ट… इंदौर
स्वतंत्रता आंदोलन में भी आदिवासी समाज का योगदान-बलिदान अविस्मरणीय है, किंतु स्वतंत्र भारत में सरकारों ने लंबे समय तक उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने एवं उनके सामाजिक-आर्थिक उत्थान और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं किए। अटलजी के नेतृत्व में जब पहली बार भाजपानीत राजग की सरकार बनी तो इस समाज की आशाओं-आकांक्षाओं को समझने का गंभीर प्रयास हुआ।
अटलजी ने जनजातीय समाज के उत्थान व समृद्धि के लिए 1999 में एक अलग मंत्रालय बनाने के साथ ही 89वें संविधान संशोधन के जरिये राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की स्थापना कर इनके हितों को सुनिश्चित करने की पहल की। अटलजी ने जनजातीय समाज के उत्थान व सम्मान की जो शुरुआत की। पिछले आठ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उसे और सशक्त ढंग से आगे बढ़ाया है। यह बात मंत्री उषा ठाकुर ने महू में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के साथ उनकी सांस्कृतिक विरासत को सम्मानपूर्वक देश के समक्ष लाने का कार्य भी मोदी सरकार कर रही है। भगवान बिरसा मुंडा की जन्मतिथि 15 नवंबर को अब जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। देश भर में 200 करोड़ रुपए के बजट से जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालयों की स्थापना की जा रही है। शंकर शाह, रघुनाथ शाह का स्मारक बना कर, हबीबगंज स्टेशन का नाम बदलकर रानी कमलापति के नाम पर, टंट्या मामा की कर्मस्थली को संभालने का काम कर जनजाति महापुरुषों को सम्मान देने का काम भाजपा कर रही है।
विधानसभा क्रमांक एक में निकली गौरव यात्रा... शहीद टंट्या मामा के बलिदान दिवस के पूर्व विधानसभावार निकल रही गौरव यात्रा के तहत क्षेत्र क्र. 1 में यात्रा पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता के नेतृत्व में निकली। यात्रा में एमआईसी मेंबर अश्विनी शुक्ला, नगर महामंत्री संदीप दुबे, मंडल अध्यक्ष कपिल शर्मा, गगन यादव, टीनू कश्यप आदि प्रमुख रूप से शामिल हुए।
टंट्या मामा को करेंगे नमन
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सोनकर ने कहा कि 4 दिसंबर को क्रांतिसूर्य जननायक टंट्या मामा की पुण्यतिथि है, उनकी कर्मस्थली पातालपानी में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान उनके कार्यों याद कर नमन करेंगे। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में ही टंट्या मामा के मंदिर को संवारने का काम किया गया था, उनकी कर्म स्थली पातालपानी को पर्यटन के रूप में उभारने का काम भी हमारी सरकार कर रही है। बैठक में प्रमुख रूप से कंचनसिंह चौहान, रीता उपमन्यु, सुनील तिवारी, सुभाष पाटीदार, वीणा पटेल, अनुराधा जोशी, मुकेश जरिया, सरदार मालवीय, संगीता भार्गव, मनोजसिंह ठाकुर, दिनेशसिंह चौहान, मंडल अध्यक्ष पूंजालाल निनामा, वीरेंद्र आंजना, दिनेश पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
No Comment Yet!!
Copyright © 2022 Khulasa First Pvt. Ltd., All Rights Reserved
Design & Developed By Web Endeavours